हरियाणा के खेल मंत्री का वायरल VIDEO:महिलाओं ने खरी-खोटी सुनाई तो बोले- नई बहू को घर में दाल-चीनी ढूंढने में लगते हैं 6 महीने

हरियाणा के खेल मंत्री का वायरल VIDEO:महिलाओं ने खरी-खोटी सुनाई तो बोले- नई बहू को घर में दाल-चीनी ढूंढने में लगते हैं 6 महीने
हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपने पलवल हलके की महिलाओं के सामने सफाई पेश कर रहे हैं। मंत्री के कार्यक्रम में पहुंची महिलाएं तीखे अंदाज में कहती हैं कि मंत्री सिर्फ अपने लोगों की गलियां ही बनवा रहे हैं। जबकि, ईश्वर नगर में एक गली कई साल से खराब हालत में है और इसमें पानी भरता है। महिलाओं का गुस्सा भांपते हुए मंत्री उन्हें समझाते हुए कहते हैं- जब नई बहू घर में आती है तो उसे भी 6 महीने घर में दाल-चीनी ढूंढने में लग जाते हैं। मैं मानता हूं कि कुछ कच्ची चीजें हैं और हर काम को होने में टाइम लगता है। यह वीडियो 27 जुलाई का बताया जा रहा है। उस दिन खेल मंत्री ईश्वर नगर में 1.28 करोड़ से बनने वाली गली का शिलान्यास करने पहुंचे थे। यहीं उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम भी सुना। इसी बीच जब आसपास की महिलाओं को मंत्री के आने की भनक लगी, तो वे इकट्‌ठी हो गई थीं। पार्षद और भाजपा पदाधिकारियों से भिड़ी महिलाएं मंत्री के आने से पहले स्थानीय पार्षद और भाजपा पदाधिकारियों ने नाराज महिलाओं को समझाने की कोशिश की। महिलाओं में इतना गुस्सा था कि वे शांत नहीं हुईं, बल्कि भाजपा पदाधिकारियों को भी खरी-खरी सुना दी। भाजपा के जिला महामंत्री जयराम प्रजापति और पार्षद मिन्नतें करते नजर आए। महिलाओं से इस तरह बहस हुई... महिला- अपना तुमने बनवा लिया और यहां नहीं बन रहा है। जिला महामंत्री- यहां भी बनेगा। महिला- उस दिन से बोल रहे थे बनवाकर रहूंगा आंटी, आज तक कुछ नहीं हुआ। आज तक एक ट्रॉली मिट्‌टी तक नहीं डलवाई गई। भाजपा समर्थक- मेरी बात सुनो। महिला- पार्षद मर गए, खेल मंत्री मर गया हमारे लिए। भाजपा समर्थक- मंत्री बने कितने दिन हुए हैं? महिला- एक बार गली में जाकर देखो। जिला महामंत्री- आप इन्हें बोलने दो। इनका पूरा अधिकार है बोलना। जिला महामंत्री- बनेगा। महिला- कब बनेगा। खरी-खोटी सुनकर मंत्री बोले- सभी को गारंटी देने आया हूं पार्षद व भाजपा पदाधिकारियों की मिन्नतों के बाद भी महिलाएं शांत नहीं हुईं। इसी बीच खेल मंत्री सभा में पहुंच गए। महिलाओं ने ऊंची आवाज में कहना शुरू कर दिया कि उनके लिए पार्षद और मंत्री किसी काम के नहीं। इस पर मंत्री बोले- जब नई बहू घर में आती है तो उसे भी 6 महीने घर में दाल-चीनी ढूंढने में लग जाते हैं। मैं आपके वोट से विधायक बना हूं, इसलिए सभी को गांरटी देने यहां आया हूं। इस पर महिलाओं ने मंत्री से कहा कि उन्हें मंत्री के वादे पर भरोसा नहीं है। विज ने मंत्री को फोन किया, फिर भी स्विमिंग पूल शुरू नहीं हुआ इससे पहले मंत्री गौरव गौतम के आश्वासन के बावजूद अंबाला कैंट में ऑल वेदर स्विमिंग पूल शुरू नहीं हो सका। यह पूल शुरू कराने के लिए कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने खुद खेल मंत्री को फोन किया था। अंबाला स्टेडियम में करीब 40 करोड़ रुपए की लागत से यह स्विमिंग पूल बना है। कई खिलाड़ी इसकी शिकायत लेकर 9 जून 2025 को विज के पास पहुंच गए थे। विज ने तुरंत खेल मंत्री को फोन किया था। जिस पर मंत्री गौरव गौतम ने उसी दिन शाम तक स्विमिंग पूल चलवाने का आश्वासन दिया। हालांकि, दो महीने बाद भी यह स्विमिंग पूल पूरी तरह चालू नहीं हो पाया है। इसकी वजह है कि खेल विभाग के पास पर्याप्त स्टाफ नहीं है। उल्लेखनीय है कि खेल मंत्री रहते विज ने यह स्विमिंग पूल मंजूर करवाया था। पहली बार विधायक बनते ही मंत्री बने गौरव गौतम गौरव गौतम पलवल से पहली बार विधायक बने हैं। उन्होंने यहां से कांग्रेस के दिग्गज नेता करण दलाल को हराया। 5 बार विधायक रहे दलाल पूर्व CM भूपेंद्र हुड्डा के रिश्तेदार हैं। दलाल को हराने के पुरस्कार के तौर पर गौरव गौतम को मंत्री पद मिला। 36 वर्षीय गौतम करीब 10 महीने पुरानी नायब सैनी सरकार के सबसे युवा मंत्री हैं। वह कभी पूर्व राष्ट्रीय महासचिव अनिल जैन के सहयोगी की भूमिका में थे। बाद में गौरव ने मुख्यधारा की राजनीति में एंट्री ले ली थी। उन्होंने भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय सचिव के रूप में नई पारी शुरू की। गौरव गौतम ने दिल्ली राजनीति में फंसने की जगह हरियाणा का रुख किया।