हनुमान चालीसा पाठ के दौरान पथराव, 3 लोग घायल:बुरहानपुर के बिरोदा गांव में फोर्स तैनात, ड्रोन कैमरों से निगरानी; 7 आरोपी गिरफ्तार

हनुमान चालीसा पाठ के दौरान पथराव, 3 लोग घायल:बुरहानपुर के बिरोदा गांव में फोर्स तैनात, ड्रोन कैमरों से निगरानी; 7 आरोपी गिरफ्तार
बुरहानपुर जिले के ग्राम बिरोदा में रविवार रात करीब 8.30 बजे हनुमान चालीसा पाठ के दौरान पथराव की घटना में तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने रात में ही सात आरोपियों को गिरफ्तार कर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। पांडाल के सामने कुछ असामाजिक तत्वों ने पथराव कर दिया। इसमें प्रकाश हरिभाऊ लश्करे और विजय महाजन को सिर पर चोटें आई हैं। घायल लोगों का जिला अस्पताल में एमएलसी कराया गया। बुरहानपुर एसपी आशुतोष बागरी ने बताया कि पथराव के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पूरी स्थिति को नियंत्रण में लिया। देखिए पथराव के बाद की 3 तस्वीरें... चंद्रग्रहण के कारण विसर्जन सोमवार को होना था ग्राम बिरोदा में लालबाग थाना क्षेत्र में पहले सभी गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन हो चुका था। चंद्रग्रहण के कारण एक प्रतिमा का विसर्जन सोमवार को होना था। इसी बीच हनुमान चालीसा पाठ के समापन पर पथराव हो गया। पुलिस ने रात में ही 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटनास्थल से सीसीटीवी का डीवीआर जब्त किया गया है। एसपी ने कहा कि जो भी इस घटना में शामिल होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पूरे गांव में पुलिस बल तैनात, ड्रोन से निगरानी घटना के बाद पूरे गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। सीएसपी गौरव पाटील, लालबाग थाना टीआई सहित पुलिस ने रातभर गश्त की। ड्रोन से निगरानी भी की गई। रात में कई जनप्रतिनिधि लालबाग थाने पहुंचे। बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनीस ने अफसरों से दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने को कहा है। एसपी आशुतोष बागरी ने बताया कि गांव में फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। मकान या संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचा है।