ससुराल वालों से परेशान होकर जहर खाकर दी जान:मौत से पहले तीन वीडियो बनाकर सालियों पर लगाया आरोप; कहा- बहनों ने तोड़ा रिश्ता, टॉर्चर किया

ससुराल वालों से परेशान होकर जहर खाकर दी जान:मौत से पहले तीन वीडियो बनाकर सालियों पर लगाया आरोप; कहा- बहनों ने तोड़ा रिश्ता, टॉर्चर किया
रतलाम के एक युवक ने 9 जुलाई को जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले उसने तीन वीडियो बनाए, जो अब सामने आए हैं। इनमें वह रोते हुए अपनी मौत के लिए अपनी पत्नी की बहनों (सालियों) और ससुराल वालों को जिम्मेदार बता रहा है। उसने कहा- मेरी पत्नी की कोई गलती नहीं है। सारी गलती इसकी बहनों व इसके घर वालों की है। इनके चक्कर में यह मेरे पास नहीं आ रही है। इन्होंने बहुत बुरा किया। ठीक कोई बात नहीं खुश रहो बाय।​​​​​​ मृतक की पहचान हरीश (30) पिता चुन्नीलाल खंडेलवाल निवासी पीएनटी कॉलोनी, रतलाम के रूप में हुई है। उसने थाना औद्योगिक क्षेत्र अंतर्गत सैलाना ओवरब्रिज के नीचे बैठकर जहर खाया। इसके बाद उसने अपने चचेरे भाई कुलदीप को फोन कर कहा कि वह अब नहीं जीना चाहता। कुलदीप जब वहां पहुंचा तो हरीश को उल्टियां हो रही थीं। वह उसे तत्काल जिला अस्पताल और फिर मेडिकल कॉलेज ले गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वीडियो में बहनों पर गंभीर आरोप 11 जुलाई को मृतक हरीश के आत्महत्या से पहले के तीन वीडियो सामने आए। इन वीडियो में वह रोते हुए कहता है- छोटू (पत्नी), अपना ध्यान रखना। हमेशा खुश रहना...मैंने आखिरी वक्त तक तुम्हें मनाने की कोशिश की, लेकिन तुम नहीं मानी, कोई बात नहीं। अगर तुम वहां खुश हो, तो वहीं खुश रहो। जिसके साथ खुश हो, उसी के साथ रहो। अच्छे से रहना। बाबू का भी ध्यान रखना, और सबका ख्याल रखना छोटू। हरीश आगे वीडियो में कहता है, कभी आ जाना रोने के लिए। ऊपर आकर रो लेना मेरे लिए। अगर थोड़ी भी मोहब्बत की है मुझसे, तो कल जरूर रो लेना। खुश रहना। ये डिसीजन तुम्हारा था, मैंने तो अब तक जो भी कहा, सिर्फ़ तुम्हारे लिए कहा। तुम मेरे साथ खुश नहीं थी। मैं गलत था, तुम सही थी। मैं हार गया, तुम जीत गई। अपना ध्यान रखना। बाय... लव यू। बाबू को भी बहुत सारा प्यार देना। बाबू आए तो कहना- पापा मर गए दूसरे वीडियो में बहनों पर लगाए आरोप हरीश के सामने आए दूसरे वीडियो में वह अपनी सालियों पर आरोप लगाते हुए कहता है, "इसकी बहनों ने मेरे घर आकर बहुत तमाशे किए। बहुत गलत बातें कहीं, जबकि मेरी कोई गलती नहीं थी। मैंने जाने से मना नहीं किया था। पहले भी इनकी बहनों ने मुझ पर बहुत दबाव बनाया है, बहुत टॉर्चर किया है। इन्हीं की वजह से मैं आज ये गलत कदम उठा रहा हूं।" वह आगे कहता है, मेरी वाइफ की कोई गलती नहीं है। सारी गलती इसके घर वालों और इसकी बहनों- आरती, इंद्रा और ज्योति की है। इन तीनों ने मुझे बहुत टॉर्चर किया, बहुत मानसिक दबाव डाला। यही वजह है कि मैं आत्महत्या जैसा कदम उठा रहा हूं। कम से कम डेढ़ महीना हो गया है। 25 मई को ये गई थी और कहा गया था कि 15 जून को वापस आ जाएगी, लेकिन अब तक नहीं आई। मैंने इसे मनाने की बहुत कोशिश की। खुद आगे होकर मैसेज किए "आजाओ", "मैंने नहीं भेजा" फिर भी यह अपनी बहनों के चक्कर में वहीं रह गई। यह प्रेग्नेंट है, इसका छठा महीना चल रहा है। सारी गलती इसकी बहनों और घरवालों की है। इनके कारण यह मेरे पास नहीं आ रही। इन्होंने मेरे साथ बहुत बुरा किया।ठीक है, कोई बात नहीं। खुश रहो। बाय। तीसरे वीडियो में बोला- यह मेरा आखिरी समय मैं बस यह कहना चाहता हूं कि यह मेरा आखिरी समय है। कुछ दिन पहले, 25 मई को मेरी वाइफ को उसकी तीनों बहनों ने जबरदस्ती उसके मायके ले जाया। वह उस समय प्रेग्नेंट थी। मैंने उसे रोका नहीं था, मना नहीं किया था, बस इतना कहा था कि 27 तारीख को उसकी जांच की डेट है, जांच कराकर भेज दूंगा। लेकिन इसकी बहन आरती जबरदस्ती उसे ले गई। पत्नी छह माह की प्रेग्नेंट, 25 मई से मायके में जानकारी के मुताबिक हरीश की शादी 7 दिसंबर 2024 को इंदौर निवासी युवती से हुई थी। शादी के 5-6 महीने बाद ही विवाद की स्थिति बन गई। 25 मई को पत्नी मायके चली गई थी। परिजन बताते हैं कि हरीश ने उसे मनाने की कोशिश की, लेकिन पत्नी की बहनों ने उसे रोक लिया। पत्नी फिलहाल छह माह की गर्भवती है। तीन बहनों का इकलौता भाई था हरीश हरीश अपने माता-पिता और तीन बहनों का इकलौता बेटा था। सबसे बड़ी बहन ज्योति, फिर हरीश, फिर भावना और सबसे छोटी बहन हीना है। पिता चुन्नीलाल खंडेलवाल ठेकेदारी का काम करते हैं। हरीश खुद भी मकान निर्माण की ठेकेदारी करता था। भाभी किसी और से बात करती थीं- हरीश की बहन हरीश की बड़ी बहन ज्योति ने बताया कि भाभी फोन पर किसी से बात करती थी। भाई ने बताया था कि भाभी को फोन पर बात करने के लिए मना किया था। लेकिन वह नहीं मानती थी। इसी बात को लेकर विवाद हुआ था। घर वालों ने भी समझाया था। भाभी ने अपनी बहनों को कॉल कर आकर ले जाने को कहा था। अंतिम संस्कार के दिन भाभी आई थी। मुक्ति धाम से ही वापस वह अपने परिजनों के साथ चली गईं। भाभी के पिता नहीं हैं। घर में मां और तीन बहने हैं। बहनों ने भाई को टॉर्चर किया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की औद्योगिक थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। वीडियो में लगाए गए आरोपों और परिवारजन के बयानों के आधार पर पुलिस कानूनी जांच कर रही है। थाना प्रभारी गायत्री सोनी ने बताया मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया है। परिजनों और ससुराल वालों के बयान लिए जाएंगे। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।