भास्कर अपडेट्स:CBSE का निर्देश- स्कूल ऑयल बोर्ड लगाएं, इसमें तेल से होने वाले नुकसान बताएं; मई में शुगर बोर्ड लगाने का आदेश दिया था
सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंड्री एजुकेशन यानी CBSE ने स्कूलों को 'ऑयल बोर्ड' लगाने का निर्देश दिया। इस बोर्ड पर किस खाने में कितना तेल इस्तेमाल हुआ इसकी जानकारी होगी। ये बोर्ड स्वस्थ खानपान की आदतों को बढ़ावा देने के लिए रोजाना याद दिलाने का काम करेंगे। इसका मकसद स्टूडेंट्स और कर्मचारी को ज्यादा चिकनाई वाले खाद्य पदार्थों और तेलों के नुकसान के बारे में जागरूक किया जा सके। इन बोर्ड्स को पोस्टर या डिजिटल फॉर्म में डिस्प्ले किए जाएगा। साथ ही स्कूलों की कैंटीन, लॉबी, मीटिंग रूम और बाकी पब्लिक प्लेसेस पर लगाए जाएंगे। इससे पहले, मई 2025 में CBSE ने स्कूलों में 'शुगर बोर्ड' लगाने का आदेश दिया था। आज की अन्य बड़ी खबरें... लद्दाख में आकाश प्राइम मिसाइल का परीक्षण; DRDO ने जारी किया वीडियो 4500 मीटर की ऊंचाई पर नष्ट किए टारगेट भारत ने गुरुवार को लद्दाख में आकाश प्राइम मिसाइल का सफल परीक्षण किया। यह वैपन सिस्टम 4,500 मीटर की ऊंचाई पर ऑपरेट करने के लिए बनाया गया है। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक- भारत ने 16 जुलाई को लद्दाख में दो एरियल हाईस्पीड मानवरहित टारगेट्स को आकाश प्राइम ने नष्ट करके महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। यह भारतीय सेना के लिए आकाश वैपन सिस्टम का एडवांस्ड वर्जन है। बेंगलुरु में बैंक के प्रमोटरों के खिलाफ 100 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी मामले में ED की छापेमारी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार को 100 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत बंगलूरू और उसके आसपास 15 जगहों पर छापे मारे। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, जांच सुश्रुति सौहार्द बैंक, श्रुति सौहार्द बैंक, श्री लक्ष्मी सौहार्द बैंक और उनके प्रमोटरों से संबंधित है। इसमें एन. श्रीनिवास मूर्ति और उनके परिवार के सदस्य शामिल हैं। एजेंसी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत शहर और उसके आसपास कम से कम 15 जगहों पर छापेमारी की। 15 जगहों पर ईडी की सर्चिंग
ईडी, बेंगलुरु ने 25.06.2025 और 26.06.2025 को बेंगलुरु के निजी इंजीनियरिंग कॉलेजों में सीट ब्लॉकिंग घोटाले से संबंधित 17 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया है। इनमें बीएमएस कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, आकाश इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, न्यू होराइजन कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के कार्यालय परिसर और इन संस्थानों से जुड़े लोगों के परिसर शामिल हैं। ओडिशा में पुश ट्रॉली और मालगाड़ी के टकरा जाने से एक व्यक्ति की मौत, दो घायल ओडिशा के रायगढ़ रेलवे स्टेशन यार्ड में गुरुवार को को एक पुश ट्रॉली और मालगाड़ी के टकरा जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। ईस्ट कोस्ट रेलवे (ईसीओआर) ने एक बयान में कहा- बदकिस्तमी से एक ठेका मजदूर मालगाड़ी की चपेट में आ गया था। एक अन्य मजदूर और एक ट्रॉलीमैन को मामूली चोटें आईं। उन्हें पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है और जल्द ही हॉस्पिटल से छुट्टी दे दी जाएगी। हादसा गुरुवार सुबह उस समय हुआ, जब एक पुश ट्रॉली का अंब्रेला एक मालगाड़ी के चलते डिब्बे में उलझ गया। दिल्ली से इम्फाल जा रही इंडिगो की फ्लाइट वापस लौटी, तकनीकी खराबी के बाद हुई इमरजेंसी लैंडिंग दिल्ली से इम्फाल जा रही इंडिगो की फ्लाइट की तकनीकी खराबी के बाद दिल्ली में गुरुवार सुबह इमरजेंसी लैंडिंग हुई। इससे पहले इंडिगो की फ्लाइट करीब एक घंटे तक आसमान में रही। एयरलाइन ने एक बयान में बताया कि 17 जुलाई को दिल्ली से इम्फाल जाने वाली फ्लाइट (6E 5118) में उड़ान भरने के तुरंत बाद मामूली तकनीकी खराबी का पता चला। इसके बाद एहतियात के तौर पर विमान वापस दिल्ली एयरपोर्ट लौटा। ED ने रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ चार्जशीट दायर की, राउज एवेन्यू कोर्ट में कल सुनवाई प्रवर्तन निदेशालय ने बिजनेसमैन रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की है, जिसमें गुरुग्राम के शिकोहपुर में एक प्लॉट की खरीद में उनकी संलिप्तता का आरोप है। ईडी ने शिकोहपुर भूमि सौदा मामले में रॉबर्ट वाड्रा और उनकी संस्थाओं से जुड़ी 36 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की 43 संपत्तियां कुर्क कीं। राउज एवेन्यू कोर्ट रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ दायर आरोपपत्र पर कल सुनवाई करेगा। दिल्ली से इंफाल जा रही इंडिगो फ्लाइट में तकनीकी खराबी, वापस लौटा विमान दिल्ली से इंफाल जा रही इंडिगो फ्लाइट तकनीकी खराबी के कारण वापस दिल्ली लौट आई। इस दौरान फ्लाइट एक घंटे तक हवा में रही। एयरलाइन ने बताया, 6E 5118 में उड़ान भरने के तुरंत बाद एक मामूली तकनीकी खराबी का पता चला। एहतियात के तौर पर, पायलट फ्लाइट को वापस इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट ले आए। विमान की जांच के बाद उसे दोबारा रवाना किया गया। कोविड-19 के दौरान तब्लीगी जमात के लोगों को पनाह देने के आरोप से 70 भारतीय बरी दिल्ली हाईकोर्ट ने गुरुवार को कोविड-19 महामारी के दौरान मार्च 2020 में तब्लीगी जमात के इवेंट में शामिल लोगों को पनाह देने के आरोप से 70 भारतीयों को मुक्त कर दिया। इन भारतीय नागरिकों के खिलाफ दर्ज 16 FIR दर्ज की गई थीं। जस्टिस नीना बंसल कृष्णा ने फैसला सुनाते हुए कहा कि आरोपपत्र खारिज किए जाते हैं। हरियाणा में 12 घंटे में दूसरी बार भूकंप, 20 दिन में पांचवां झटका हरियाणा में आज दोपहर 12:34 बजे दूसरी बार भूकंप आया। इसका केंद्र झज्जर रहा। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 2.5 दर्ज की गई। इससे पहले रोहतक में बुधवार-गुरुवार की आधी रात 12:46 बजे भूकंप के झटके लगे। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.6 दर्ज की गई। इसका केंद्र रोहतक में जमीन से 10 किमी गहराई में था। प्रदेश में पिछले 20 दिन में पांच बार भूकंप आ चुका है। भूकंप के लिहाज से राज्य के 12 जिले संवेदनशील हैं। पूरी खबर पढ़ें... अजमेर-जयपुर नेशनल हाईवे पर कार पलटी, 4 की मौत; सांवलिया सेठ के दर्शन के लिए निकले थे अजमेर-जयपुर नेशनल हाईवे पर कार पलटने से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके अलावा एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। कार सवार सांवलिया सेठ के दर्शन करने के लिए निकले थे। हादसा अजमेर के मांगलियावास इलाके में बुधवार रात करीब सवा दो बजे हुआ। मरने वाले सभी लोग एक ही गांव के थे। पूरी खबर पढ़ें... महाराष्ट्र के नासिक में कार-मोटरसाइकिल की टक्कर में 7 की मौत, 2 गंभीर रूप से घायल महाराष्ट्र के नासिक जिले में एक कार और मोटरसाइकिल की टक्कर में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। एक्सीडेंट बुधवार देर रात जिले के डिंडोरी कस्बे के पास हुआ। एक अधिकारी ने बताया कि रात 11:57 बजे वाणी-डिंडोरी रोड पर एक नर्सरी के पास एक्सीडेंट की खबर मिली। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो दोनों वाहन सड़क किनारे एक छोटी नहर में गिरे हुए थे। मणिपुर के थौबल में एक उग्रवादी गिरफ्तार, जिरीबाम में सात हथियार बरामद सुरक्षा बलों ने मणिपुर के थौबल जिले से प्रतिबंधित संगठन के एक सदस्य को गिरफ्तार किया। पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) के सदस्य को जबरन वसूली और संगठन में सदस्यों की भर्ती में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। वह थौबल और बिष्णुपुर जिलों में एक्टिव था। वहीं, जिरीबाम जिले में सात हथियार बरामद हुए। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। इनमें एक SLR, मैगज़ीन, गोला-बारूद, दो बुलेटप्रूफ जैकेट और अन्य सामान शामिल हैं।
Admin