डीजे विवाद में परिजनों ने शव उठाया:हिसार में मंत्री कृष्ण बेदी धरने पर पहुंचे, FIR की कॉपी सौंपी, बोले- दोषियों को छोड़ेंगे नहीं
हिसार में दलित युवक गणेश की मौत के मामले में आखिरकार हरियाणा सरकार को कदम पीछे खींचने पड़े। घटना के 11 दिन बाद मुख्यमंत्री नायब सैनी ने चंडीगढ़ में पीड़ित परिवार और समाज की कमेटी से मुलाकात की। बैठक के बाद कमेटी ने पुलिसकर्मियों पर एफआईआर दर्ज करने समेत 5 मांगें सीएम के सामने रखीं थी, जिन्हें सरकार ने मान लिया। इसके बाद मंत्री कृष्ण बेदी नागरिक अस्पताल में चल रहे धरने पर पहुंचे और अपने हाथों से FIR की कॉपी परिवार के हाथों में सौंप दी। इसके बाद परिवार व दलित समाज के लोग मृतक गणेश का अंतिम संस्कार के लिए रवाना हो गए। गौरतलब है कि राहुल गांधी ने एक दिन पहले ट्वीट कर भाजपा सरकार पर दलित विरोधी होने का आरोप लगाया था। इसके बाद राज्यभर में प्रदर्शन तेज हो गए थे। वहीं, एडीजीपी ने पहले प्रेसवार्ता कर पुलिस को निर्दोष बताया था, लेकिन अब सरकार के रुख में बदलाव साफ दिखा। वहीं आज हिसार में धरने पर पहुंचकर मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री कृष्ण कुमार ने साफ जाहिर कर दिया कि इस मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाएगी। मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा- हम किसी निर्दोष पर आंच नहीं आने देंगे चाहे वह पुलिसकर्मी है या कोई और। निर्दोष को चिंता करने की जरूरत नहीं है। सरकार पहले भी बातचीत के लिए तैयार थी मगर मामले को लेकर कुछ लोग राजनीतिक रोटियां सेंकने में लगे हुए थे। सरकार इस मामले की परिवार की इच्छानुसार कहीं भी जांच करवाने के लिए तैयार है। निर्दोष को फंसने नहीं देंगे और दोषी को छोड़ेंगे नहीं। कृष्ण बेदी ने करवाई सरकार व परिवार के बीच मध्यस्थता
वीरवार सुबह मृतक गणेश का पिता विक्रम, चाचा दिनेश और प्रतिनिधिमंडल के सदस्य कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी से मिलने के लिए गए। वहां पर उनकी काफी देर तक बातचीत हुई। उसके बाद कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी के साथ मुख्यमंत्री नायब सैनी से मुलाकात की। मांगों पर सहमति बनने के बाद कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने बताया कि परिवार और कमेटी की मांग पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। परिवार के एक सदस्य को किसी तरह के रोजगार देने की मांग भी मानी। शव का पोस्टमॉर्टम डाक्टरों के बोर्ड की तरफ से करवाया जा चुका हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। उन्होंने ये भी कहा कि कांग्रेस मामले में राजनीति कर रही है, जबकि उनके कार्यकाल में मिर्चपुर और गोहाना जैसे कांड हुए थे। एडीजीपी पुलिस कर्मचारियों को निर्दोष बता चुके वहीं एक दिन पहले गुरुवार को हिसार में एडीजीपी केके राव ने बर्थडे पार्टी के दौरान DJ को लेकर विवाद में गणेश की मौत मामले में पुलिस को पाक साफ बताया था और कहा था कि पुलिस किसी भी जांच के लिए तैयार है। केके राव ने कहा था कि पुलिस इस मामले में लाई डिटेक्टर टेस्ट के लिए भी तैयार है। इस प्रकरण में पुलिस की रक्षात्मक और आत्मरक्षा की भूमिका थी। पुलिस बर्थ डे पार्टी में रात 10 बजे के बाद डीजे को बंद करवाने गई थी। तेज आवाज से आस पड़ोस के लोग प्रभावित होते हैं। जैसा कि वीडियो में दिख भी रहा है कि पुलिस पर किस तरह से हमला किया गया। पुलिस के मोबाइल छीने गए और गालियां तक निकाली गई।
Admin