कानपुर में जनसाधारण एक्सप्रेस की 2 बोगी पटरी से उतरी:झटका लगते ही चलती ट्रेन से यात्री कूदे; 9 ट्रेनों का रूट बदला गया
कानपुर में जनसाधारण एक्सप्रेस की 2 बोगी भाऊपुर (पनकी) में पटरी से उतर गई। ट्रेन मुजफ्फरपुर से अहमदाबाद जा रही थी। इंजन से 6वीं और 7वीं जनरल बोगी डिरेल हुई। अचानक ट्रेन को झटका लगने के बाद पीछे की बोगियां एक तरफ टेढ़ी होने लगीं। इसके बाद यात्री ट्रेन से कूदने लगे। चीख-पुकार मच गई। लोग एक-दूसरे की मदद करने के लिए दौड़ते हुए दिखे। महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे के बाद 9 ट्रेनों के रूट में बदलाव किया गया। लखनऊ से नई दिल्ली के बीच चलने वाली शताब्दी एक्सप्रेस को वापस लखनऊ भेजना पड़ा। अब इसे दूसरे रूट से मुरादाबाद, गाजियाबाद होते हुए दिल्ली भेजा जा रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही DRM समेत रेलवे के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। एक समिति का गठन किया गया है, जो हादसे की वजह पता करेगी। आधिकारिक रूप से किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं मिली है। अब ट्रेन हादसे को समझिए... झटके से ट्रेन के रुकते ही यात्री कूद गए
मुजफ्फरपुर जंक्शन से अहमदाबाद के साबरमती बीजी जंक्शन जा रही जनसाधारण एक्सप्रेस के दो कोच भाऊपुर स्टेशन यार्ड के लूप लाइन लाइन नंबर 4 के पास बेपटरी हो गए। हादसे के समय ट्रेन की गति धीमी होने से कोई हताहत नहीं हुआ। तेज आवाज के साथ इंजन से 6वें और 7वें कोच के पहिए पटरी से उतरने लगे। इससे यात्रियों में हलचल मच गई। यात्री ट्रेन से नीचे कूदने लगे। आसपास के तमाम लोग मौके पर पहुंचे। रेलवे मेडिकल वैन को भेजा गया, लेकिन किसी के हताहत न होने के कारण मेडिकल वैन को पनकी में ही रोक दिया गया। एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन को भेजा गया है। ट्रैक ब्लॉक हुआ, ट्रेनों को रोका गया
इस हादसे की वजह से दिल्ली-हावड़ा रेलवे ट्रैक ब्लॉक हो गया है। पीछे से आने वाली ट्रेनों को रोका गया है। इनकी निर्धारित संख्या रेलवे की तरफ से जारी नहीं की गई है। रेलवे के अधिकारियों ने जांच टीम का गठन किया है, जो हादसे की वजह का पता लगा रही है। अधिकारी मौके पर, समिति हादसे की वजह का पता लगा रही
रेलवे सोर्स के मुताबिक, ट्रेन हादसा दिल्ली हावड़ा रेलवे ट्रैक पर किमी. नंबर 1039/7-3 के बीच हुआ है। दोनों जनरल कोच में क्षमता से अधिक यात्री मौजूद थे। अचानक बोगी के बेपटरी होने की वजह से ट्रेन की बोगियों को तेज झटका लगा। रेलवे के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है। ट्रेन के डिब्बों को पटरी पर लाने और रूट को सामान्य करने के लिए तकनीकी टीमों को मौके पर बुलाया गया है। रेलवे (एनसीआर) के पीआरओ अमित कुमार सिंह ने बताया है कि 2 जनरल कोच डिरेल हुए हैं। पीआरओ अमित कुमार सिंह ने बताया, ट्रेन संख्या 15269 साबरमती जनसाधारण एक्सप्रेस शुक्रवार को अपने निर्धारित समय 12.50 बजे के स्थान पर देर से 3.07 बजे सेंट्रल स्टेशन आई। यहां निर्धारित ठहराव के बाद निकली। दिल्ली हावड़ा रेलवे ट्रैक पर पनकी धाम रेलवे स्टेशन से आगे बढ़ने पर भाऊपुर स्टेशन के आउटर के पास ही 4.12 बजे ट्रेन के इंजन से पांचवां व छठवां कोच बेपटरी हो गया। इन ट्रेनों के रुट बदले... अब यात्रियों की बात यात्री बोले- आग लगी है, ये सुनते ही लोग कूदने लगे
अहमदाबाद जा रहे यात्री सुखदेव बताते हैं- झटका लगने के बाद अचानक शोर मचा कि आग लगी है, फिर सब कूदने लगे। कुछ यात्रियों को छोटी-मोटी चोट आई थीं। हम लोग पैदल ही स्टेशन की तरफ जा रहे हैं। रेलवे के अधिकारी मदद के लिए आ गए थे। कई यात्रियों को दूसरी गाड़ियों से भेजा जा रहा है। मुजफ्फरपुर से आ रहे यात्री पवन कहते हैं- कोई ट्रेन के अंदर चिल्लाया कि आग लगी है, फिर सब कूदने लगे। हम भी कूद गए। कुछ लोगों के पैर में चोट लगी है, उन्हें रेलवे के कर्मचारी लेकर गए हैं। रेलवे ने हेल्प लाइन नंबर जारी किए हैं- प्रयागराज
0532 - 2408128
0532 -2407353
0532 -2408149 कानपुर
0512 - 2323015/3016/3018 टुंडला
7392959712 .......... ये भी पढ़ें :
छांगुर बाबा बोला- मैं बेगुनाह, मैंने धर्मांतरण नहीं कराया:लखनऊ में 3 लोगों के नाम लिए, कहा- 60 लाख न देने पर फंसाया अवैध धर्मांतरण और फंडिंग मामले में गिरफ्तार जलालुद्दीन उर्फ छांगुर बाबा ने शुक्रवार को मीडिया के कई सवालों के जवाब दिए। कहा, मैंने एक भी धर्मांतरण नहीं कराया है। सभी आरोप झूठे हैं। उसने जोर देकर दो बार कहा, 'मैं बेगुनाह हूं।' छांगुर ने तीन नाम लिए और उन पर गंभीर आरोप लगाए। कहा, वसीउद्दीन, मोहम्मद अहमद और संतोष सिंह मुझे फंसा रहे हैं। वे लोग 60 लाख रुपए की मांग कर रहे हैं। मैंने कुछ नहीं किया है। मैं बेगुनाह हूं। पढ़िए पूरी खबर...
Admin