शिमला में 3 घरों पर लैंडस्लाइड:कोलडैम का पानी छोड़ने से पंजाब में भी अलर्ट, मनाली के सभी स्कूलों में छुट्टी
हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में बीते 24 घंटे से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। शिमला जिले के रामपुर-कुशवा में सोमवार अलसुबह 3 बजे भारी बारिश से लैंडस्लाइड हुआ। इससे 3 घरों और 3 हजार से ज्यादा सेब के पौधों को नुकसान हुआ है। जिन 3 घरों पर मलबा गिरा, उनमें चरणदास, सुरजीत और राजीव कुमार के परिवार रहते हैं। ये परिवार रात में ही मकान छोड़ जान बचाकर भागने को मजबूर हुए। बिलासपुर में सतलुज नदी पर बने कोल-डैम से दोपहर 1 बजे पानी छोड़ा गया। इससे सतलुज नदी में पानी का स्तर 4 से 5 मीटर बढ़ गया है। इसे देखते हुए हिमाचल से पंजाब तक के लोगों को अलर्ट किया गया है। सतलुज का पानी पंजाब के तलवाड़ा में प्रवेश करता है। वहीं, कुल्लू के मनाली डिवीजन में सुबह के वक्त भारी बारिश के बाद सभी सरकारी-प्राइवेट स्कूलों और आईटीआई में आज के लिए छुट्टी कर दी गई। मनाली के SDM ने इसे लेकर आदेश जारी किए। मनाली में ब्यास नदी का जल स्तर भी सुबह 10 बजे तक बढ़ रहा था। बारिश थमने के बाद जल स्तर कम होना शुरू हुआ है। वीडियो देखने के लिए नीचे ब्लॉग देखें...
Admin