मनीषा मौत केस में CBI ने दर्ज की FIR:भिवानी कॉलेज से रिकॉर्ड मांगा, लोगों से पूछताछ की, पिता के बयान भी दर्ज
भिवानी के गांव ढाणी लक्ष्मण निवासी मनीषा की मौत मामले में सीबीआई ने जांच तेज कर दी है। सीबीआई ने मामले की FIR दर्ज करवा दी है और आगे की जांच में जुट गई है। इससे पहले सीबीआई ने स्थानीय पुलिस से रिकॉर्ड हासिल किया और उसकी जांच के बाद यह कदम उठाया। जांच के दौरान सीबीआई ने मनीषा की मौत से जुड़े स्थलों का निरीक्षण किया और लोगों से प्राथमिक पूछताछ भी की। अब मामले से जुड़े लोगों से गहन पूछताछ की जाएगी, ताकि मनीषा की मौत के कारणों और मामले की जड़ तक पहुंचा जा सके। बातचीत और पुलिस रिकॉर्ड के आधार पर FIR
भिवानी में पहुंचने के लगभग 5 दिन के भीतर ही सीबीआई की टीम ने पुलिस रिकॉर्ड खंगाला और लोगों से पूछताछ कर जरूरी जानकारी जुटाई। इसके आधार पर सीबीआई ने मनीषा की मौत मामले में FIR दर्ज की है। पुलिस ने पहले मनीषा के लापता होने और बाद में हत्या की FIR दर्ज की थी। अब सीबीआई ने यह FIR दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है। 3 को भिवानी पहुंची थी सीबीआई
सीबीआई की टीम 3 सितंबर को भिवानी पहुंची थी। इसके बाद पुलिस के अधिकारियों के साथ मीटिंग करके रिकार्ड लिया। इसके बाद रेस्ट हाउस में ठहरकर रिकार्ड खंगाला। वहीं इसके बाद शनिवार को सीबीआई ने मनीषा के प्ले स्कूल, घटनास्थल जहां मनीषा का शव मिला था, मनीषा के घर व कॉलेज (जिस कॉलेज में एडमिशन लेने की बात कहकर मनीषा गई थी) गई। वहां पर लोगों से पूछताछ की। वहीं स्कूल व कॉलेज से रिकार्ड भी मांगा। वहीं मनीषा के पिता के बयान भी दर्ज किए।
Admin