मनाली में किराए के कमरे में मिला युवक का शव:दरवाजा नहीं खोलने पर साथी ने सूचना दी, कश्मीर का रहने वाला

मनाली में किराए के कमरे में मिला युवक का शव:दरवाजा नहीं खोलने पर साथी ने सूचना दी, कश्मीर का रहने वाला
कुल्लू में आज एक किराए के कमरे से 26 वर्षीय युवक का शव मिला है। घटना मनाली की है। मृतक की पहचान जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर के गुटापुरा लाल बाजार निवासी आकिब अशरफ खान के रूप में हुई है। घटना का पता तब चला जब मृतक के साथी तसलीम आरिफ वानी ने थाने में सूचना दी। तसलीम ने बताया कि आकिब अपने कमरे का दरवाजा नहीं खोल रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कमरे में आकिब जमीन पर गद्दे और चादर के ऊपर पेट के बल पड़ा मिला। उसके हाथ और पैर मुड़े हुए थे। उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनाली ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी मुनीश राज ने स्थिति का जायजा लिया और जांच अधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शव को मनाली के शवगृह में रखा गया है। परिजनों के आने के बाद पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। अभी तक किसी ने मौत को लेकर कोई संदेह व्यक्त नहीं किया है। मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।