पूर्व पीएम देवगौड़ा के पोते को जेल में काम मिला:बेंगलुरु की अग्रहारा जेल में लाइब्रेरी संभालेगा, रोजाना ₹522 मिलेंगे; रेप केस में उम्रकैद काट रहा
पूर्व JDS सांसद और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा का पोता प्रज्वल रेवन्ना जेल में लाइब्रेरी संभालेगा। बेंगलुरु की परप्पना अग्रहारा सेंट्रल जेल प्रशासन ने रविवार को यह जानकारी दी। जेल प्रशासन ने बताया कि रेवन्ना का काम जेल की लाइब्रेरी में कैदियों को किताबें जारी करना और उनका रिकॉर्ड संभालना होगा। जेल के नियमों के मुताबिक, कैदियों को हर महीने कम से कम 12 दिन यानी हफ्ते में तीन दिन काम करना जरूरी है। अगर रेवन्ना तय शर्तों को पूरा करते हैं तो उन्हें हर दिन की मजदूरी 522 रुपए के हिसाब से मिलेगी। हर कैदी को उसकी योग्यता और इच्छा के आधार पर काम दिया जाता है। दरअसल, बेंगलुरु की स्पेशल कोर्ट ने 2 अगस्त को रेवन्ना को नौकरानी से रेप केस में उम्रकैद की सजा सुनाई थी। रेवन्ना पर 4 मामले दर्ज, अभी 1 में दोषी बेंगलुरु की स्पेशल कोर्ट ने 2 अगस्त को रेवन्ना पर 11.50 लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया था। इसमें से 11.25 लाख रुपए पीड़ित को दिए जाएंगे। इससे पहले कोर्ट ने 1 अगस्त को रेवन्ना को दोषी ठहराया था। उसके खिलाफ रेप के कुल 4 मामले दर्ज हैं। इनमें से यह पहला केस है, जिसमें उसे दोषी ठहराया गया है। प्रज्वल पर कई महिलाओं से यौन उत्पीड़न का आरोप रेवन्ना के परिवार के फार्महाउस में काम करने वाली 47 साल की महिला ने अप्रैल 2023 में रेवन्ना के खिलाफ FIR दर्ज कराई थी। इसमें रेवन्ना पर 2021 से कई बार रेप करने और किसी को भी घटना के बारे में बताने पर वीडियो लीक करने की धमकी देने का आरोप लगाया था। इसके साथ ही प्रज्वल रेवन्ना का नाम कर्नाटक सेक्स स्कैंडल में भी आया था। उस पर 50 से ज्यादा महिलाओं से यौन उत्पीड़न का आरोप भी है। उसके खिलाफ रेप, छेड़छाड़, ब्लैकमेलिंग और धमकी देने के आरोपों में अब तक 4 FIR दर्ज की गई हैं। रेवन्ना के 2 हजार से ज्यादा वीडियो क्लिप सामने आए
पिछले साल रेवन्ना के सोशल मीडिया पर 2,000 से ज्यादा अश्लील वीडियो क्लिप सामने आए थे। 2024 के लोकसभा चुनावों में रेवन्ना ने कर्नाटक की हासन संसदीय सीट पर दूसरी बार चुनाव लड़ा था, लेकिन वह अपनी सांसदी नहीं बचा सका। उसके खिलाफ दर्ज मामलों के बाद JDS ने उसे पार्टी से निलंबित भी कर दिया था। ------------------------------------- प्रज्वल रेवन्ना से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें... प्रज्वल रेवन्ना पर पुलिस-डॉक्टर-कार्यकर्ता-मेड समेत 50 से रेप का आरोप, सिर्फ 4 विक्टिम सामने आईं प्रज्वल रेवन्ना, हासन से सांसद और कर्नाटक की सबसे ताकतवर पॉलिटिकल फैमिली से उभरता लीडर। दादा एचडी देवगौड़ा राज्यसभा सांसद और पूर्व प्रधानमंत्री, पिता एचडी रेवन्ना विधायक और पूर्व मंत्री, चाचा एचडी कुमारस्वामी विधायक और पूर्व CM, भाई सूरज MLC। 24 अप्रैल, 2024 की सुबह इस परिवार की छवि पर सबसे बड़ा धब्बा लगा। हासन के स्टेडियम में रनिंग ट्रैक पर सैकड़ों पेन ड्राइव मिले। इनमें प्रज्वल रेवन्ना की करीब 3 हजार सेक्स क्लिप और फोटो थे। यहीं से प्रज्वल रेवन्ना की जिंदगी का अच्छा दौर खत्म हो गया। पूरी खबर पढ़ें...
Admin