इंदौर बायपास पर ट्रक से टकराई कार:जलगांव से खाटूश्याम जा रहे थे युवक, पुलिसकर्मी सहित 6 घायल
इंदौर के तेजाजी नगर क्षेत्र में इंदौर-मुंबई बायपास पर देर रात एक कार और ट्रक की भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार छह लोग घायल हो गए। इनमें एक पुलिसकर्मी भी शामिल है, जिसने रास्ते में युवकों से लिफ्ट ली थी। सभी घायलों को एम्बुलेंस की मदद से रात में ही उपचार के लिए एमवाय अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। तेजाजी नगर पुलिस के अनुसार दुर्घटना रात करीब 2 बजे चमेली देवी स्कूल के पास हुई। कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार में सवार गणेश पुत्र शांताराम (निवासी शिवखेड़ा, जलगांव), सचिन पुत्र बसंत, मयूर पुत्र युवराज, गजानंद पुत्र कौशल, संजय पुत्र रामकृष्ण और खंडवा पुलिस लाइन में पदस्थ पुलिसकर्मी शाहिद मिर्जा घायल हुए हैं। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि सभी युवक जलगांव से खाटूश्याम दर्शन के लिए निकले थे। इसी दौरान रास्ते में खंडवा के पुलिसकर्मी शाहिद मिर्जा को उन्होंने लिफ्ट दी थी। शाहिद भी उसी कार में सवार था और हादसे में घायल हुआ है। पुलिस ने ट्रक और कार दोनों को जब्त कर लिया है। ट्रक ड्राइवर की पहचान की जा रही है। तेजाजी नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Admin