होमगार्ड भर्ती के लिए आई लड़की से एंबुलेंस में गैंगरेप:गयाजी में फिजिकल के दौरान बेहोश हुई, अस्पताल ले जा रहे ड्राइवर-टेक्नीशियन ने की दरिंदगी
गयाजी में होमगार्ड भर्ती के लिए आई लड़की (26) के साथ एंबुलेंस में गैंपरेप हुआ है। ड्राइवर और टेक्नीशियन ने वारदात को अंजाम दिया है। दोनों ने गैंगरेप के बाद चुप रहने की धमकी देते हुए पीड़िता को अस्पताल पहुंचा दिया। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात 24 जुलाई (गुरुवार) की है। इसका खुलासा शुक्रवार देर रात हुआ है। लड़की बीएमपी-3 के मैदान में होमगार्ड भर्ती के लिए पहुंची थी। दौड़ते समय बेहोश होकर गिर गई। मौके पर मौजूद एंबुलेंस से उसे अस्पताल भेजा गया। एंबुलेंस में एक भी महिला स्टाफ को नहीं भेजा। रास्ते में ड्राइवर और टेक्नीशियन की नीयत बिगड़ गई। पहले चलती एंबुलेंस में टेक्नीशियन ने रेप किया, फिर गाड़ी सुनसान जगह पर रोककर ड्राइवर ने दरिंदगी की। इसके बाद युवती को धमका कर मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती करा दिया। पीड़िता ने महिला डॉक्टर को पूरी कहानी बताई। जिसके बाद पुलिस पहुंची। लड़की की बातें सुनकर पुलिस एक्शन में आई। चलती एंबुलेंस में टेक्नीशियन ने किया रेप लड़की ने पुलिस को बताया कि, 'फिजिकल टेस्ट के दौरान मैं चक्कर खाकर गिर गई थी। थोड़ी देर मुझे वहीं बैठाया गया। ग्राउंड में मौजूद एंबुलेंस बुलाई गई। एंबुलेंस के ड्राइवर और टेक्नीशियन ने मुझे अंदर बैठाया।' सूत्रों के मुताबिक, भर्ती ग्राउंड से मुख्य मार्ग डोभी-पटना पर एम्बुलेंस पहुंची। तो एंबुलेंस स्टाफ ने गाड़ी रोककर एडमिट कार्ड गले से निकाल लिया। BMP-3 के गेट पर खड़े लोगों से पूछताछ की कि क्या इस पीड़िता का कोई जानने वाला है। लेकिन जब कोई परिचित नहीं मिला, तो एम्बुलेंस अस्पताल के लिए रवाना हो गई। रास्ते में टेक्नीशियन ने बेहोश युवती के साथ इलाज के बहाने गलत हरकत शुरू कर दी। सूत्रों के अनुसार, पीड़िता ने बयान में बताया है कि टेक्नीशियन ने उसके चेहरे पर कोई स्प्रे मारा, जिससे वह पूरी तरह बेहोश हो गई। हालांकि पीड़िता का यह भी कहना है कि उसे थोड़ी बहुत आवाजें सुनाई दे रही थी। इसी दौरान चलती एंबुलेंस में टेक्नीशियन ने दुष्कर्म किया। सुनसान जगह पर गाड़ी रोककर ड्राइवर ने की दरिंदगी इसके बाद गाड़ी सिकरिया मोड़ पर कुछ देर के लिए रुकी, जहां ड्राइवर ने भी पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। पूरी घटना के दौरान पीड़िता बेहोश रही। पीड़िता का कहना है कि बेहोशी की हालत में उसके शरीर के साथ क्या हो रहा था, इसका उसे तनिक भी एहसास नहीं था। सिकरिया मोड़ पर दुष्कर्म के बाद दोनों आरोपियों ने पीड़िता को मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में प्राथमिक इलाज के दौरान जब युवती को होश आया, तो उसे महसूस हुआ कि उसके साथ गलत हुआ है। उसने तुरंत महिला डॉक्टर को इस बारे में बताया। डॉक्टर ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस एक्शन में आई और 24 जुलाई को घटना के दिन करीब 12 बजे दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। CCTV फुटेज के आधार पर गिरफ्तारी आनन-फानन में SSP आनंद कुमार के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक और बोधगया SDPO के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। FSL की टीम को सबूत जुटाने भेजा गया। घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले गए। फुटेज में एम्बुलेंस मुख्य रास्ते से गायब होती दिखी। फिर लौटते हुए नजर आई। मेडिकल जांच और पीड़िता के बयान के बाद दोनों आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की गई। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों से पुलिस के तमाम अधिकारियों ने शाम 5 बजे तक लगातार पूछताछ की और मामले की गहन जांच-पड़ताल की। जांच में सारा कुछ सही पाया गया तो आगे की कार्रवाई शुरू हुई। पीड़िता और आरोपियों के कपड़े को पुलिस ने जांच के लिए जब्त किया है। इसके अलावा एम्बुलेंस के अंदर से भी FSLकी टीम ने कुछ साक्ष्य जुटाए हैं। नालंदा का रहनेवाला है टेक्नीशियन एंबुलेंस ड्राइवर की पहचान गया जिले के उतरेन निवासी विनय कुमार के तौर पर हुई है। टेक्नीशियन अजीत कुमार नालंदा के चांदपुर गांव का रहने वाला है। बोधगया थाना पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पोल में हिस्सा लेकर अपनी राय जरूर दीजिए... अधिकारियों ने फोन नहीं उठाया, प्रेस नोट जारी कर पल्ला झाड़ा भास्कर ने एसडीपीओ बोधगया, एसपी सिटी रामानंद कौशल और एसएसपी आनंद कुमार और होमगार्ड कमांडेंट रितेश पांडे को फोन किया तो किसी ने रिसीव नहीं किया। शुक्रवार देर रात प्रेस नोट जारी किया गया। लेकिन उसमें भी यह नहीं लिखा गया कि आखिर एंबुलेंस में महिला कर्मी क्यों नहीं भेजी गई। इस लापरवाही का कौन जिम्मेदार है। इस संबंध में कुछ नहीं कहा। एसएसपी कार्यालय से जारी प्रेस नोट में कहा गया है कि महिला और बच्चों की सुरक्षा के लिए गया पुलिस प्रतिबद्ध है और जल्द चार्जशीट दाखिल कर आरोपियों को सजा दिलाई जाएगी। लेकिन यह नहीं बताया गया कि बिना महिला कर्मी भेजने की गलती किसकी थी और उस अफसर पर क्या कार्रवाई होगी। आज यानी 26 जुलाई तक फिजिकल एग्जाम बिहार में होमगार्ड के 15 हजार पदों पर भर्ती होनी है। 27 मार्च को नोटिफिकेशन जारी किया गया था। 16 अप्रैल तक अप्लाई करने की डेट थी। यह भर्ती 37 जिलों के लिए है। इसमें गया जिले में 909 पदों पर भर्ती होनी है। इसको लेकर फिजिकल एग्जाम 21 मई से 26 जुलाई तक है और बीएमपी-03 के परेड ग्राउंड-2 में फिजिकल एग्जाम चल रहा था। ----------------------------------------- ये खबर भी पढ़िए... इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद पटना में गैंगरेप:बॉयफ्रेंड ने वीडियो बनाकर कहा- दोस्तों को खुश करो; ब्लैकमेल कर कैश-ज्वेलरी भी मांगी पटना के दानापुर में नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। लड़की ने पुलिस को बताया कि उसकी एक लड़के से इंस्टाग्राम से दोस्ती हुई थी। लड़के ने उसे प्यार के जाल में फंसाया। विश्वास में लेने के बाद लड़की को रूपसपुर थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में बुलाया। जहां पहले बॉयफ्रेंड ने उसके साथ संबंध बनाए। लड़की को बिना बताए उसने इसका वीडियो भी बनाया। वीडियो बनाने के बाद वो लड़की को ब्लैकमेल करने लगा। उसने लड़की से अपने दोस्तों के साथ संबंध बनाने का दबाव बनाया। लड़की ने इनकार किया तो फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा। पूरी खबर पढ़िए
Admin