हिमाचल में 23 को टूटेगा ड्राई-स्पेल:IMD का बारिश-बर्फबारी का अलर्ट, ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात, शिंकुला से 25 टूरिस्ट रेस्क्यू किए
हिमाचल प्रदेश में 23 जनवरी को लंबे समय से चला आ रहा ड्राइ स्पेल टूट सकता है। इस दिन अधिक ऊंचे क्षेत्रों में अच्छी बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश के आसार है। मौसम विभाग (IMD) ने 23 जनवरी को बारिश-बर्फबारी का यलो अलर्ट जारी कर दिया है। इससे पहले, 17 से 21 जनवरी तक वेस्टर्न डिस्टरबेंस कमजोर रहेगा। इस दौरान केवल अधिक ऊंचे क्षेत्रों में ही हल्की बर्फबारी होगी। अन्य क्षेत्रों में मौसम साफ रहेगा। 22 तारीख को मौसम पूरे प्रदेश में खराब होना शुरू होगा। 22 की रात और 23 को ज्यादातर भागों में बादल बरसने का पूर्वानुमान है। बीती रात ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी हुई वहीं, प्रदेश के ऊंचे क्षेत्रों में मौसम बदला है। लाहौल स्पीति और चंबा की अधिक ऊंची चोटियों पर बीती रात में हल्की बर्फबारी हुई। लाहौल स्पीति के शिंकुला दर्रा में भी शाम के वक्त बर्फबारी के कारण 12 टूरिस्ट व्हीकल और इनमें 25 से ज्यादा लोग फंस गए थे, जिन्हें देर शाम तक पुलिस ने सुरक्षित रेस्क्यू किया। शिंकुला में 4 इंच तक ताजा बर्फ गिरी शिंकुला दर्रा में 4 इंच तक ताजा हिमपात दर्ज किया गया है। मौसम विभाग (IMD) ने किन्नौर और लाहौल स्पीति की अधिक ऊंची चोटियों पर अगले 4-5 घंटे तक बर्फबारी का यलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेशवासियों को बंधी बारिश-बर्फबारी की उम्मीद मौसम विभाग के पूर्वानुमान ने प्रदेशवासियों को बारिश-बर्फबारी की उम्मीद जरूर जगाई है। शिमला में भी आज सुबह से ही हल्के बादल छाए हुए है। वहीं, देशभर से पहाड़ों पर आने टूरिस्ट भी बर्फबारी के इंतजार में टकटकी लगाए बैठे हैं और अब तक बर्फबारी नहीं होने से मायूस है। ऐसे में यदि अच्छी बर्फबारी होती है तो पर्यटक भी बर्फ देख सकेंगे। बीती रात तापमान में भारी उछाल हिमाचल में बारिश-बर्फबारी से पहले तापमान में भारी उछाल आया है। बीती रात में शिमला व चौपाल को छोड़कर अन्य सभी शहरों के तापमान में 4 से 6 डिग्री तक का उछाल आया है। सियोबाग का पारा 24 घंटे में ही 8.0 डिग्री के उछाल के साथ 8.4 डिग्री हो गया है। भुंतर के तापमान में भी 6.8 डिग्री का उछाल आने के बाद पारा 7.8 डिग्री हो गया है। सामान्य की तुलना में मनाली के तापमान में सबसे ज्यादा 8.4 डिग्री का उछाल आया है।
Admin