हरियाणा के नूंह में ब्रजमंडल यात्रा आज:इंटरनेट-स्कूल बंद, श्रद्धालुओं को बसों से पहुंचाया जाएगा मंदिर; रूट चार्ट देखकर घर से निकलें
हरियाणा के नूंह जिले में ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा को लेकर प्रशासन ने पूरी तैयारियां कर ली हैं। यात्रा में कोई खलल ना पड़े, इसके लिए इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। इस दौरान बल्क SMS की सेवाएं भी सस्पेंड रहेंगी। यह आदेश 13 जुलाई की रात 9 बजे से 14 जुलाई रात 9 बजे तक यानी 24 घंटे तक लागू रहेगा। हालांकि इस दौरान बैंकिंग और मोबाइल रिचार्ज से जुड़ी SMS सुविधाएं पहले की तरह जारी रहेंगी। गृह विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव के मुताबिक कानून व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए यह आदेश जारी किया गया है। इसके साथ पहली से 12वीं तक के सभी प्राइवेट और सरकारी स्कूल बंद रहेंगे। इसी को देखते हुए DC विश्राम कुमार मीणा और SP राजेश कुमार ने पूरे यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। इसके अलावा CM नायब सैनी ने यात्रा के रूट पर आने वाली मीट की दुकानें और मीट की फैक्ट्री भी बंद रखने के ऑर्डर जारी किए हैं। सुरक्षा के लिहाज से ढाई हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा इस बार नाके भी बढ़ाए गए हैं। नूंह पुलिस ने ट्रैफिक रुट की एडवाइजरी भी जारी की है। बता दें कि नूंह में साल 2023 में ब्रजमंडल यात्रा के दौरान हिंसा हो गई थी, जिसमें 7 लोगों की मौत हुई थी। इस हिंसा के अगले साल यानी जुलाई 2024 में कड़ी सुरक्षा में यात्रा निकाली गई थी। वहीं, सरकार ने 2023 में हुई हिंसा के आरोपी फरीदाबाद के हिंदू संगठन के नेता बिट्टू बजरंगी के यात्रा में शामिल होने पर रोक लगा दी है। नूंह प्रशासन ने उसे इजाजत नहीं दी है। इसको लेकर बिट्टू बजरंगी ने हाईकोर्ट में भी याचिका दायर कर रखी है। ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा को लेकर पुलिस ने की ये व्यवस्थाएं... मंदिरों में रहेगी चाकचौबंद सुरक्षा व्यवस्था
रविवार को DC विश्राम कुमार मीणा और SP राजेश कुमार सबसे पहले नल्हड़ स्थित नल्हड़ेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने मंदिर कमेटी के सदस्यों से यात्रा से संबंधित तैयारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद प्रस्तावित पार्किंग स्थलों का निरीक्षण किया। इसके बाद फिरोजपुर झिरका स्थित झिरकेश्वर महादेव मंदिर और गांव सिंगार में स्थित श्रृंगेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर यात्रा की तैयारियों की जानकारी ली। DC मीणा ने कहा कि यात्रा मार्ग की सुरक्षा, साफ-सफाई, ट्रैफिक नियंत्रण एवं आवश्यक आपातकालीन सेवाओं को दुरुस्त बनाए रखा जाए। 20 बसों से श्रद्धालुओं को पहुंचाया जाएगा
प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं को नल्हड़ेश्वर महादेव मंदिर तक पहुंचाने के लिए परिवहन विभाग की 20 बसों का इंतजाम किया गया है। ये बसें पार्किंग स्थल से श्रद्धालुओं को मंदिर तक लेकर जाएंगी और वापस पार्किंग स्थल तक छोड़ेंगी। VIP वाहनों को छोड़कर मंदिर स्थल में किसी भी वाहन की एंट्री नहीं होगी। इसके लिए प्रशासन की तरफ से छह पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए जमीन के अलावा आसमान से भी कड़ी पहरेदारी होगी। पुलिस की तरफ से ड्रोन से निगरानी के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। 2500 पुलिस कर्मचारी तैनात, खोजी कुत्तों को भी तैनात किया गया
4 ड्रोन आसमान से हर गतिविधि पर नजर रखेंगे। पुलिस की 20 कंपनियों में करीब 2,500 जवान तैनात रहेंगे। हरियाणा कमांडो और खोजी कुत्तों को भी तैनात किया गया है। घोड़ा पुलिस भी लगातार क्षेत्र में गश्त करेगी। 14 डीएसपी और सादा कपड़ों में खुफिया विभाग के अधिकारी नजर गड़ाए रखे रहेंगे। जिले में 30 नाकों पर तलाशी के बाद ही प्रवेश मिलेगा। तेज संगीत और हथियार लाने पर पाबंदी लगाई गई है। मंदिर से पहले ही श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए पार्किंग के लिए 6 स्थल चयनित किए गए हैं। नूंह पुलिस ने ट्रैफिक के लिए एडवाइजरी जारी की...
ब्रजमंडल यात्रा में कोई खलल न पड़े और लोगों को भी कोई असुविधा न हो, इसके लिए रूट डायवर्ट किए गए हैं। जुलाई 2023 में कैसे हुई नूंह हिंसा और अब तक क्या-क्या हुआ... 2 गुटों में हुए टकराव के बाद भड़की हिंसा
2023 में नूंह में बृजमंडल यात्रा के दौरान दंगा भड़क गया था। इस दौरान 2 गुटों में हुए टकराव के बाद 3 दर्जन से ज्यादा गाड़ियों को आग लगा दी गई। पुलिस पर भी पथराव किया गया। उपद्रवियों ने नूंह के साइबर थाना पर भी हमला कर दिया। उपद्रवियों ने पथराव किया और बाहर खड़ी गाड़ियों में आग लगा दी। हंगामे को देख पुलिसकर्मियों को जान बचाकर भागना पड़ा। मेवात के कस्बे नगीना और फिरोजपुर झिरका में भी कई जगह आगजनी की गई। इससे पहले उपद्रवियों ने स्कूल बस में भी तोड़फोड़ की थी। बस को उपद्रवी लूट ले गए और थाने को तोड़ने के लिए उसकी दीवार में टक्कर मार दी। नूंह में भड़की हिंसा की चिंगारी मंदिरों तक भी पहुंची। उपद्रवियों ने कई जगह मंदिरों में तोड़फोड़ करने के अलावा आगजनी की कोशिश की। नूंह सिटी में पलड़ी रोड श्मशान घाट के पास काली माता मंदिर में उपद्रवियों ने खूब तोड़फोड़ की। भीड़ इतनी बेकाबू थी कि उसने मंदिर के आसपास के घरों पर भी जमकर पत्थर बरसाए ताकि वहां से कोई बाहर न निकल सके। नूंह हिंसा में 7 लोगों की हुई थी मौत
इस हिंसा के दौरान 7 लोगों की मौत हुई थी। इनमें 4 नूंह, 2 गुरुग्राम और 1 पानीपत जिले से था। वहीं कई लोग घायल भी हुए थे। इस हिंसा मामले में पुलिस ने अलग-अलग थानों में करीब 61 मुकदमे दर्ज किए थे। जिन मुकदमों में UAPA लगाया गया है, वह मुकदमे 2 होमगार्ड व एक बजरंग दल कार्यकर्ता की हत्या से जुड़ा हुआ है। इस हिंसा को भड़काने में हिंदू संगठन के नेता बिट्टू बजरंगी के अलावा 3 और बड़े नाम सामने आए थे। जिनमें मोनू मानेसर, अशोक बाबा और फिरोजपुर झिरका सीट से कांग्रेस विधायक मामन खान का नाम शामिल था। करीब 450 लोग गिरफ्तार किए गए। 17 लोगों को छोड़कर बाकी सभी को जमानत मिल गई। हालांकि, मोनू मानेसर नासिर-जुनैद हत्याकांड में अब भी जेल में है। घरों और दुकानों पर चलाया था बुलडोजर
हिंसा के बाद प्रशासन ने कुल 1208 घरों और पक्की व कच्ची दुकानों पर बुलडोजर चला दिया। उस वक्त ये कहा गया कि ये कार्रवाई दंगों में शामिल होने की वजह से की गई है। 4 अगस्त से 7 अगस्त तक बुलडोजर चलता रहा। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों के एनकाउंटर भी किए। पहला एनकाउंटर हिंसा के 10 दिन बाद यानी 10 अगस्त को सिलखो गांव में अरावली की पहाड़ियों पर हुआ। दूसरा एनकाउंटर भी इन्हीं पहाड़ियों में 21 अगस्त की रात 10:30 बजे हुआ। पाकिस्तान कनेक्शन भी आया था सामने
इस हिंसा में पाकिस्तानी कनेक्शन भी सामने आया था। पाकिस्तान से जुड़े 12 से ज्यादा सोशल मीडिया अकाउंट्स आइडेंटिफाई करने के बाद पुलिस टीमों ने हिंसा और अकाउंट से जुड़े फॉलोअर्स को पकड़ा तो पता चला कि इसमें हरियाणा के मेवात ही नहीं, बल्कि राजस्थान के भी बड़ी संख्या में फॉलोअर्स हैं। हिंसा के लिए उकसाने के साथ ही हिंसा के बाद जश्न मनाने तक के पोस्ट अपलोड किए गए थे। जुलाई 2024 में कड़ी सुरक्षा में निकली थी यात्रा
हिंसा के अगले साल यानी जुलाई 2024 में कड़ी सुरक्षा में यात्रा निकाली गई थी। इस दौरान मंदिरों में कर्फ्यू जैसे हालात रहे। सुरक्षा कारणों की वजह से यात्रा करीब 3 घंटे की देरी से नलहड़ेश्वर मंदिर से शुरू हुई थी। 80 किलोमीटर की इस यात्रा के लिए 5 घंटे का समय तय था लेकिन इसे 4 घंटे में ही निपटा लिया गया था। पिछले साल भी सरकार ने यहां शाम 6 बजे तक इंटरनेट बंद रखा था। यात्रा को भी आगे और पीछे से सिक्योरिटी कवर दिया गया था। जिसमें यात्रा के काफिले में सबसे आगे और सबसे पीछे पुलिस की गाड़ियां लगी रहीं। इसके अलावा पूरे रूट पर भी पुलिस की तैनाती की गई थी। इंटरनेट बंद करने का आदेश पढ़ें... ----------- ये खबर भी पढ़ें... हरियाणा के नूंह में 24 घंटे के लिए इंटरनेट बंद, ब्रजमंडल यात्रा को लेकर आदेश; दिन में डीजल से भरे 87 कैन पकड़े हरियाणा के नूंह (मेवात) में होने वाली ब्रजमंडल यात्रा को देखते हुए इंटरनेट बंद कर दिया गया है। इस दौरान बल्क SMS की सेवाएं भी सस्पेंड रहेंगी। रविवार को डीजल से भरी 87 कैन बरामद की गईं। इन्हें पेट्रोल पंप पर भरवाया जा रहा था। पुलिस ने पेट्रोल पंप के मैनेजर जितेंद्र, सेल्समेन आमिर और सूर्य प्रकाश को गिरफ्तार किया है। पूरी खबर पढ़ें...
Admin