सड़क पर गिरी महिला की पुलिस कमिश्नर ने की मदद,VIDEO:सोनीपत में स्कूटी फिसली, ममता सिंह ने खुद उठाया-पानी पिलाया, हॉस्पिटल भिजवाया

सड़क पर गिरी महिला की पुलिस कमिश्नर ने की मदद,VIDEO:सोनीपत में स्कूटी फिसली, ममता सिंह ने खुद उठाया-पानी पिलाया, हॉस्पिटल भिजवाया
सोनीपत में पुलिस कमिश्नर ममता सिंह ने मानवता की एक अनूठी मिसाल पेश की। सुभाष चौक पर स्कूटी से गिरकर घायल हुई महिला की मदद के लिए न केवल अपनी गाड़ी रोकी, बल्कि खुद सड़क पर उतरकर उसकी देखभाल की। अफसरशाही की रूढ़िवादी छवि को तोड़ती यह घटना सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। घायल महिला प्रियंका ने पूरी घटना बताते हुए पुलिस कमिश्नर की प्रशंसा की। सोनीपत में व्यस्ततम सुभाष चौक पर हुए हादसे में मौके पर लोगों की खूब भीड़ उमड़ी। महिला स्कूटी से गिर कर कराह रही थी। वह ठीक से खड़ा नहीं हो पा रही थी। पुलिस कमिश्नर ममता सिंह, जो कि पुलिस ड्रेस में थी और गश्त पर निकली थी, ने महिला को उठाया, प्राथमिक इलाज दिया और हॉस्पिटल भिजवाया। सोनीपत निवासी प्रियंका किसी काम से स्कूटी लेकर एटलस रोड पर गई थी। इसी दौरान सुभाष चौक पर अचानक महिला की स्कूटी का टायर स्लिप हो गया। वह संतुलन खो बैठी और रोड पर जा गिरी। गिरने के बाद वह दर्द से कराहती रही। इस बीच आसपास लोग धीरे-धीरे जुटने लगे। कमिश्नर ममता सिंह ने तुरंत दिखाई संवेदनशीलता इसी दौरान पीछे से आ रहीं सोनीपत पुलिस कमिश्नर ममता सिंह ने स्थिति को भांपते ही अपनी गाड़ी रुकवाई और बिना किसी देरी के गाड़ी से खुद उतरकर घायल महिला के पास पहुंचीं। उन्होंने ऑफिसर का रुतबा पीछे छोड़ते हुए मानवीयता को प्राथमिकता दी। कुर्सी मंगवाकर बैठाया, खुद पिलाया पानी कमिश्नर ममता सिंह ने तुरंत मौके पर कुर्सी मंगवाकर महिला को बैठाया और खुद पानी की बोतल मंगवाकर अपने हाथों से पानी पिलाया। उन्होंने महिला को तसल्ली दी और उसकी स्थिति का जायजा लिया। महिला की हालत देखते हुए कमिश्नर ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को तुरंत निर्देश दिया कि घायल को अस्पताल पहुंचाया जाए। जब तक महिला के परिजन मौके पर नहीं पहुंचे, तब तक ममता सिंह वहीं मौजूद रहीं और हर स्थिति पर नजर बनाए रहीं। राहगीर जुटे, वीडियो वायरल कमिश्नर को वर्दी में बीच सड़क पर देखकर पहले तो लोगों को लगा कोई बड़ी कार्रवाई हो रही है, लेकिन जब उन्हें ममता सिंह को घायल महिला की मदद करते देखा गया, तो लोग उनकी तारीफ करने लगे। किसी राहगीर ने इस घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। महिला प्रियंका बोलीं- ‘मुझे गर्व महसूस हुआ’ घायल महिला प्रियंका ने बताया कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि इतनी बड़ी अधिकारी उनकी इस तरह मदद करेंगी। उन्होंने कहा, "मैडम ने मुझे उठाया, पानी पिलाया और जब तक मेरे घरवाले नहीं आए, तब तक वह मेरे पास रहीं। मुझे बहुत अच्छा लगा और गर्व महसूस हुआ।" इंसानियत की मिसाल बनीं ममता सिंह कमिश्नर ममता सिंह का यह व्यवहार प्रशासनिक सेवा में मानवीय मूल्यों और संवेदना की मिसाल बनकर सामने आया है। लोगों ने सोशल मीडिया पर उनकी इस दरियादिली की खूब सराहना की और उन्हें एक सच्चे जनसेवक के रूप में देखा।