शुभांशु अंतरिक्ष से रवाना...घर पर रुद्राभिषेक:कल फ्लोरिडा पहुंचेंगे; लखनऊ में पिता बोले- आज सावन का सोमवार है, शिवजी रक्षा करेंगे

शुभांशु अंतरिक्ष से रवाना...घर पर रुद्राभिषेक:कल फ्लोरिडा पहुंचेंगे; लखनऊ में पिता बोले- आज सावन का सोमवार है, शिवजी रक्षा करेंगे
लखनऊ के एस्ट्रोनॉट शुभांशु शुक्ला आज यानी 14 जुलाई को शाम 4:35 बजे इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) से पृथ्वी के लिए रवाना हो गए। करीब 23 घंटे के सफर के बाद उनका स्पेसक्राफ्ट अगले दिन (15 जुलाई) दोपहर करीब 3 बजे समुद्र में लैंड करेगा। इसे स्प्लैशडाउन कहते हैं। शुभांशु Axiom Mission 4 (Ax‑4) का हिस्सा हैं, जो एक निजी लेकिन उच्चस्तरीय वैज्ञानिक और तकनीकी मिशन है, जिसमें 4 देशों के अंतरिक्ष यात्रियों ने भाग लिया। भारत के लिए यह मिशन इसलिए भी खास है, क्योंकि शुभांशु इस अभियान में पायलट के रूप में शामिल होकर अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) तक पहुंचने वाले पहले भारतीय वायुसेना अधिकारी बन गए हैं। वहीं, शुभांशु के लखनऊ स्थित घर पर उनके माता-पिता वापसी को लेकर काफी उत्साहित हैं। उन्होंने दोपहर में घर पर रूद्राभिषेक किया। पिता का कहना है कि सावन के पहले सोमवार को बेटा वापस आ रहा है। इससे अच्छा और कोई दिन नहीं हो सकता था। भगवान शिव बेटे की सकुशल वापसी कराएंगे। पिता बोले - आज सावन का सोमवार है, भगवान से शुभांशु की वापसी दुआ है शुभांशु के लौटने की खबर सुनकर उनके लखनऊ स्थित आवास पर उत्सव जैसा माहौल है। उनके पिता एस.डी. शुक्ला ने भावुक होकर कहा कि, “आज हमारे लिए बेहद खास दिन है। संयोग से आज सावन का पहला सोमवार है। यह दिन भगवान शिव को समर्पित होता है। पूरे परिवार के साथ शिवजी का रुद्राभिषेक किया है। हम भगवान से यही प्रार्थना करेंगे कि हमारा बेटा सकुशल लौटे। जब वह अंतरिक्ष के लिए रवाना हुआ था, तब भी हमने उसकी सुरक्षा के लिए ईश्वर से प्रार्थना की थी और आज भी उसी आस्था के साथ उसकी सुरक्षित वापसी के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।” मां आशा शुक्ला बोली -मेरा बेटा मिशन पूरा करके लौट रहा है शुभांशु कि मां आशा शुक्ला ने नम आंखों से बताया कि जब उनका बेटा गया था, तब उन्होंने हनुमान जी से आशीर्वाद मांगा था और अब जब वह लौट रहा है, तो वह भगवान शिव के चरणों में कृतज्ञता प्रकट करेंगी। उन्होंने कहा, “यह हमारे जीवन का सबसे गौरवपूर्ण क्षण है। मेरा बेटा अंतरिक्ष से लौट रहा है और सबसे बड़ी बात ये है कि वह अपना मिशन सफलता के साथ पूरा करके वापस आ रहा है। हम उसकी एक-एक बात को सुनकर रोमांचित हो जाते हैं। जब वह अंतरिक्ष से कॉल करता है और बताता है कि वह कैसे रह रहा है, क्या खा रहा है, कैसे सोता है, तो हमें लगता है कि वह हमसे दूर होकर भी बहुत पास है।” शुभांशु ने वीडियो कॉल के बताया कि कैसे वे अंतरिक्ष में इन बीजों को उगाकर वैज्ञानिक परीक्षण कर रहे हैं। मजाकिया लहजे में उन्होंने कहा, "पहले हम जवान थे, अब किसान बन गए हैं।" बहन ने कहा – इस दिन का बहुत दिनों से इंतज़ार था शुभांशु की बहन शुचि मिश्रा ने भी उनकी वापसी पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि, “हम इस दिन का लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। अंतरिक्ष यात्रा अपने आप में बहुत चुनौतीपूर्ण होती है और उससे भी बड़ी चुनौती होती है वहां से सुरक्षित लौटना। हर दिन हम उसके कॉल का इंतजार करते थे। उसने हमें दो दिन पहले वीडियो कॉल किया था और अपने सभी अनुभव शेयर किए। उसने बताया कि अंतरिक्ष में काम करना कितना अलग और रोमांचक होता है। हम सब बहुत गर्व महसूस कर रहे हैं कि उसने जो सपना देखा था, उसे उसने न केवल पूरा किया बल्कि भारत का नाम भी ऊंचा किया।” शुभांशु की अर्थ पर वापसी के बाद क्या? शुभांशु की वापसी के बाद उनकी 'अनलॉकिंग' प्रक्रिया 14 जुलाई को होगी, जिसके बाद उन्हें स्पेस कैप्सूल से बाहर निकाला जाएगा। इसके बाद वह लगभग एक सप्ताह तक मेडिकल निगरानी में रहेंगे, जहां उनका स्वास्थ्य परीक्षण और वैज्ञानिक आकलन किया जाएगा। इसके बाद ही यह तय होगा कि वह बेंगलुरु जाएंगे या दिल्ली। परिवार ने बताया कि वे उनका भव्य स्वागत करना चाहते हैं, लेकिन मिशन अधिकारियों के निर्देश के अनुसार ही योजना बनाई जाएगी। फिलहाल उनके लखनऊ आने की कोई पुष्टि नहीं हुई है। 17 दिन अंतरिक्ष में सुभांशु ने क्या-क्या किया एक्सियम स्पेस का यह चौथा मिशन है... इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन क्या है? इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पृथ्वी के चारों ओर घूमने वाला एक बड़ा अंतरिक्ष यान है। इसमें एस्ट्रोनॉट रहते हैं और माइक्रो ग्रेविटी में एक्सपेरिमेंट करते हैं। यह 28,000 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रैवल करता है। यह हर 90 मिनट में पृथ्वी की परिक्रमा पूरी कर लेता है। 5 स्पेस एजेंसीज ने मिलकर इसे बनाया है। स्टेशन का पहला पीस नवंबर 1998 में लॉन्च किया गया था। आइए अब देखते है शुभांशु की अंतरिक्ष की 3 तस्वीरें... ---------------------- संबंधित खबर भी पढ़िए... 'आज का भारत आत्मविश्वासी-निडर, सारे जहां से अच्छा दिखता है':लखनऊ के एस्ट्रोनॉट शुभांशु का देशवासियों को संदेश, कल धरती पर लौटेंगे लखनऊ के एस्ट्रोनॉट शुभांशु शुक्ला अंतरिक्ष में 17 दिन रहने के बाद 14 जुलाई को धरती पर लौटेंगे। इसके पहले 13 जुलाई की शाम फेयरवेल सेरेमनी में उन्होंने बेहद भावुक और प्रेरणादायक संदेश भारतवासियों के नाम भेजा है। उन्होंने कहा "आज का भारत...पूरी खबर पढ़ें