शिंदे बोले- पार्टी की छवि खराब की तो कार्रवाई होगी:विधायक जो भी करते हैं, जिम्मेदारी मेरी; शिवसेना MLA ने कैंटीन कर्मचारी को थप्पड़ मारा था
महाराष्ट्र में विधायक कैंटीन के कर्मचारी को थप्पड़ मारने की घटना पर डिप्टी सीएम और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने अपनी पार्टी के नेताओं को सख्त हिदायत दी है। उन्होंने कहा कि विधायक जो भी करते हैं, उसकी जिम्मेदारी मुझ पर आती है। इस वजह से सभी को अपने बर्ताव पर नियंत्रण रखना चाहिए। शिंदे ने सोमवार को कहा कि नेता चाहे कितने भी बड़े पद पर हों, पहले खुद को पार्टी का कार्यकर्ता समझें। सफलता को सिर पर न चढ़ने दें। उन्होंने यह भी कहा कि अगर किसी ने फिर से पार्टी की छवि खराब की, तो उन्हें कार्रवाई के लिए मजबूर होना पड़ेगा। शिवसेना के बुलढाणा से विधायक संजय गायकवाड़ ने 8 जुलाई को एक कैंटीन कर्मचारी को थप्पड़ मार दिया था। गायकवाड़ ने खुद इस घटना को स्वीकार किया और कहा कि उन्हें कोई पछतावा नहीं है। शिंदे बोले-अगर जनता नाराज हुई तो पद बचाना मुश्किल होगा शिवसेना के दो मंत्रियों संजय शिरसाट और संजय राठौड़ पर भी भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। शिरसाट के घर से नकदी से भरा बैग मिलने का वीडियो भी वायरल हुआ है। शिंदे ने नेताओं से कहा कि वे विवादों में न उलझें और जनता के बीच अच्छा संदेश दें, क्योंकि अगर जनता नाराज हुई तो पद बचाना मुश्किल होगा। मुंबई में शिवसेना विधायक ने कैंटीन कर्मचारी को पीटा था शिवसेना (शिंदे गुट) विधायक संजय गायकवाड़ ने 8 जुलाई को खाने की क्वालिटी सही नहीं मिलने पर मुंबई के आकाशवाणी विधायक गेस्ट हाउस के केंटीन स्टाफ के साथ मारपीट की थी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। मामले को लेकर विधायक संजय गायकवाड़ ने बुधवार को कहा- वहां खाने की क्वालिटी अच्छी नहीं थी। मुझे अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है। वहीं, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना की आलोचना करते हुए कहा था- यह गंभीर मुद्दा है। इसे स्वीकार नहीं किया जाएगा। मैं स्पीकर से मामले का नोटिस लेकर कार्रवाई का अनुरोध करता हूं। पूरी खबर पढ़ें... शिवसेना विधायक कैश से भरे बैग के साथ दिखे थे महाराष्ट्र के औरंगाबाद पश्चिम से शिवसेना विधायक और फडणवीस सरकार में कैबिनेट मंत्री संजय शिरसाट का कैश से भरे बैग के साथ वीडियो सामने आया था। उद्धव गुट के शिवसेना सांसद संजय राउत ने शुक्रवार को X पर शिरसाट का वीडियो शेयर किया था। इसमें वह एक कमरे में बिस्तर पर बैठकर सिगरेट पी रहे हैं। उनके बगल में पैसों से भरा एक बैग रखा है। कमरे में एक कुत्ता भी दिखा। इसके अलावा एक और सूटकेस दिखा, जो बंद था। हालांकि, ये वीडियो कब और कहां का है, इससे जुड़ी कोई जानकारी नहीं दी गई। राउत ने कैप्शन में लिखा, 'मुझे CM देवेंद्र फडणवीस पर तरस आ रहा है। वे और कितनी बार अपनी प्रतिष्ठा को तार-तार होते देखेंगे?' उद्धव गुट के शिवसेना विधायक और उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे ने कहा, 'हम पहले से ही कह रहे थे कि यह 50 खोखे वाली सरकार है, जिसमें पहला खोखा दिख गया है।' संजय शिरसाट ने एक दिन पहले ही बताया कि उन्हें इनकम टैक्स ने नोटिस भेजा है। इसमें उनसे पिछले दो विधानसभा चुनावों, 2019 और 2024 के बीच वित्तीय संपत्ति 3 करोड़ से बढ़कर 35 करोड़ रुपए होने पर जवाब मांगा गया है। पूरी खबर पढ़ें... --------------------------------- शिवसेना की ये खबर भी पढ़ें.... शिवसेना निशान विवाद- सुप्रीम कोर्ट में अगली सुनवाई अगस्त में: उद्धव ने नाम-चिह्न और झंडे के इस्तेमाल की परमिशन मांगी शिवसेना (UBT) नेता उद्धव ठाकरे की याचिका को सुप्रीम कोर्ट ने अगस्त में रि-लिस्टेड कर दी है। अब मामले की सुनवाई अगस्त में होगी।उद्धव ने ठाकरे से अपील की है कि उन्हें 'शिवसेना' नाम, ‘धनुष-बाण’ चुनाव चिह्न और बाघ वाले भगवा झंडे का इस्तेमाल फिर से करने दिया जाए। पूरी खबर पढ़ें...
Admin