वह रील, जिसके बाद टेनिस प्लेयर की हत्या हुई:राधिका ने इसे इंस्टाग्राम पर शेयर किया, पिता से परिचितों ने जताया एतराज

वह रील, जिसके बाद टेनिस प्लेयर की हत्या हुई:राधिका ने इसे इंस्टाग्राम पर शेयर किया, पिता से परिचितों ने जताया एतराज
हरियाणा के गुरुग्राम में जिस रील के बाद पिता ने टेनिस प्लेयर बेटी राधिका यादव की हत्या कर दी, वह सामने आ गई है। रील राधिका ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की थी, जिसमें वह को-एक्टर इनामुल हक के साथ नजर आ रही थीं। इस वीडियो में राधिका के इनामुल के साथ सीन देखकर लोगों ने आपत्तिजनक टिप्पणियां करना शुरू कर दी थीं। यहां तक कि परिचितों ने पिता दीपक यादव के पास एतराज जताने शुरू कर दिए थे। इसके बाद पहले राधिका यादव का इंस्टाग्राम अकाउंट डिलीट हुआ। फिर उसकी हत्या हो गई। रील के विवाद की पुष्टि सेक्टर 57, वजीराबाद स्थित सुशांत लोक, फेज-2 के रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष पवन यादव ने भी की। पवन यादव ने कहा- कुछ लोगों ने राधिका की एक रील पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिससे परिवार में विवाद हुआ और राधिका को सोशल मीडिया अकाउंट हटाना पड़ा। राधिका ने एक्टर इनामुल हक के साथ कारवां सॉन्ग में बतौर लीड एक्ट्रेस काम किया था। यह गाना 2 मिनट 55 सेकेंड का है। इसके प्रचार के लिए 42 सेकेंड की रील बनाई गई थी। जिसकी शुरुआत के 17 सेकेंड में राधिका को-एक्टर इनामुल के कंधे पर सिर रखे हुए दिखाई देती हैं और इनामुल ने उनका हाथ भी पकड़ा हुआ है। रील के बाद मर्डर क्यों? पिता ने गाना सुना, वीडियो नहीं देखा था को-एक्टर इनामुल हक का कहना है कि उसने गाने की वीडियो शूटिंग से पहले गाना राधिका को भेजा था। राधिका ने कहा था कि उसके पिता को गाना पसंद आया। हालांकि, यहां गौर करने वाली बात है कि तब पिता दीपक यादव ने गाना सिर्फ सुना था, उसका वीडियो नहीं बना था तो बेटी ने उसमें क्या एक्टिंग की, इसके बारे में उन्हें पता नहीं था। पहले राधिका ने इसका प्रचार नहीं किया इसके बाद गाने की शूटिंग हुई। गाना 20 जून को रिलीज हो गया, लेकिन राधिका ने उसका प्रचार नहीं किया था। इसकी पुष्टि करते हुए इनामुल ने कहा कि वीडियो रिलीज होने के तुरंत बाद राधिका ने इंस्टाग्राम स्टोरी लगाई थी, जिसमें उसने बताया कि उसके दादा का निधन हो गया। इसी वजह से उसने गाने का प्रचार नहीं किया। स्टोरी लगाई तो परिचितों को पता चला, एतराज आने लगे इसके बाद राधिका ने कुछ दिन पहले 42 सेकेंड की रील अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड की। रील अपलोड होते ही उसके परिवार के परिचितों ने भी उसे देखा। संभव है कि उनके ग्रुप में भी यह रील शेयर की गई होगी। इसके बाद उसमें राधिका के एक्टर इनामुल के साथ फिल्माए सीन परिचितों को अच्छे नहीं लगे। उसके नीचे आपत्तिजनक कमेंट आने लगे। इससे एतराज पिता तक भी पहुंच गया। सुशांत लोक फेज टू की रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष पवन यादव ने कहा कि रील को लेकर परिवार में बहस भी हुई थी। रील के बाद एकेडमी बंद करने को लेकर 2 थ्योरी पुलिस सूत्रों के मुताबिक बेटी के किसी युवक के साथ पहली बार इस तरह के सीन देखकर पिता खुश नहीं थे। संभवत: उनके बीच इसको लेकर झगड़ा होने लगा। इसी के बीच टेनिस एकेडमी आ गई। इसको लेकर पुलिस 2 थ्योरी मान रही है….। पहली… पिता ने राधिका के आगे एतराज किया कि वह इस तरह के वीडियो में उसका काम करना बर्दाश्त नहीं कर सकते। इससे समाज और परिचितों में बदनामी हो रही है। इसे तुरंत हटाना होगा। उसे ये रील बनाने और एक्टिंग का काम बंद करना होगा। ऐसा हो सकता है कि इसके बदले में राधिका ने कहा हो कि वह इसे बंद कर रही है। अपना अकाउंट भी डिलीट कर रही है, लेकिन अब वह उनकी खोली एकेडमी भी नहीं चलाएगी। पिता इससे नाराज हो गए, क्योंकि उन्होंने सवा करोड़ रुपए खर्च कर यह एकेडमी खोली थी। इससे दोनों के बीच विवाद बढ़ता गया। कत्ल वाले दिन पिता को फिर किसी ने एतराज जताया। घर आकर पिता का राधिका से झगड़ा हुआ। जिसके बाद तैश में आकर पिता ने बेटी को गोली मार दी। दूसरी… पिता ने राधिका को कहा कि वह तुरंत इस रील को डिलीट करे। अपना इंस्टाग्राम अकाउंट भी बंद कर दे। इस तरह की रील और एक्टिंग उनके परिवार की छवि के लिए ठीक नहीं है। वह आगे से ऐसा काम नहीं करेगी। इसके बावजूद राधिका जिद पर अड़ी रही कि वह एक्टिंग करेगी और इंस्टाग्राम अकाउंट भी बंद नहीं करेगी। इससे पिता नाराज हो गए और उन्होंने कहा कि अगर ऐसा है तो फिर सवा करोड़ रुपए लगाकर उन्होंने जो एकेडमी दी है, उसे बंद कर दे। राधिका ने कहा होगा कि वह एकेडमी भी बंद नहीं करेगी। इससे पिता गुस्से में आ गए और लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोलियां मारकर उसकी हत्या कर दी। क्या इनामुल राधिका के रेगुलर टच में था इसको लेकर इनामुल ने खुद जानकारी देते हुए मीडिया से कहा- मुझे किसी टेनिस मुकाबले में राधिका दिल्ली में मिली। तब राधिका ने खुद एक्टिंग में दिलचस्पी दिखाई थी। मेरी टीम को वह क्यूट लगी थी। इसके बाद म्यूजिक वीडियो कारवां के लिए राधिका को सिलेक्ट किया। इसके बाद 4-5 घंटे की शूटिंग हुई। इनामुल ने आगे कहा- दिल्ली से मुलाकात के बाद शूटिंग तक कभी राधिका से बात नहीं हुई। हां, हम इंस्टाग्राम पर जुड़े थे। एक-दूसरे की स्टोरी पर रिप्लाई करते थे, लेकिन लंबी चैटिंग या बातचीत कभी नहीं हुई। मां वीडियो के बारे में जानती थी, इसलिए चुप थी? इस पूरे मामले में राधिका की मां मंजू यादव की चुप्पी सबको अखर रही है। वह हत्या के वक्त घर पर थी, लेकिन उसने पुलिस को बयान देने से इनकार कर दिया। इसके पीछे की वजह पुलिस ये मान रही है कि राधिका ने वीडियो में कैसे शूटिंग की, इसके बारे में वह जानती थी। राधिका के को-एक्टर इनामुल ने भी कहा कि शूटिंग के दिन राधिका के साथ मां भी आई थीं। ऐसे में जब वीडियो सामने आया तो पिता नाराज हुए कि उसने इस तरह की शूटिंग कैसे करने दी। उसने पहले इसके बारे में क्यों नहीं बताया। यही वजह हो सकती है कि वह अब पति के खिलाफ कुछ नहीं कह रहीं। पिता पर कत्ल का केस चाचा के बयान पर हुआ है। पुलिस बोली- ये वीडियो काफी पुराना गुरुग्राम पुलिस के PRO संदीप कुमार ने बताया कि ये वीडियो काफी पुराना है। ये फैमिली की सहमति से ही बनाया गया था। रील विवाद को लेकर कोई संभावना फिलहाल इन्वेस्टिगेशन में सामने नहीं आई है और न ही परिवारजनों ने इस तरह की शंका जाहिर की है। फिलहाल इन्वेस्टिगेशन की यही क्लियर कट डायरेक्शन है कि एकेडमी चलाने की नाराजगी को लेकर ही हत्या की गई है। --------------------------- राधिका मर्डर केस से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें... टेनिस प्लेयर मर्डर, 4 गोलियों से दिल-आंतें छलनी हुईं, आधे घंटे तक तड़पती रही राधिका हरियाणा के गुरुग्राम की इंटरनेशनल टेनिस प्लेयर राधिका यादव का अंतिम संस्कार शुक्रवार की शाम छह बजे उनके पैतृक गांव वजीराबाद में कर दिया गया। पोस्टमॉर्टम करने वाले बोर्ड में शामिल डॉक्टर के मुताबिक, राधिका को गोलियां करीब से मारी गई थी। पूरी खबर पढ़ें... राधिका के को-एक्टर की 24 घंटे में दूसरी बार सफाई:इनामुल बोले- हिंदू-मुस्लिम एंगल दिया जा रहा, टेनिस प्लेयर से रिश्ते पर उठ रहे सवाल हरियाणा के गुरुग्राम में जूनियर इंटरनेशनल टेनिस प्लेयर राधिका यादव के मर्डर केस में एक्टर इनामुल हक ने 24 घंटे में दूसरी बार सफाई दी है। दुबई में मौजूद इनामुल हक ने कहा कि राधिका के साथ सिर्फ म्यूजिक वीडियो की शूटिंग में काम किया था। मेरा इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है। पूरी खबर पढ़ें...