भास्कर अपडेट्स:कोलकाता में गे डेटिंग ऐप के जरिए युवक को मिलने बुलाया, फिर मारपीट कर ब्लैकमेल किया

भास्कर अपडेट्स:कोलकाता में गे डेटिंग ऐप के जरिए युवक को मिलने बुलाया, फिर मारपीट कर ब्लैकमेल किया
कोलकाता के एक युवक ने पुलिस में शिकायत की है कि उसकी एक व्यक्ति से गे डेटिंग ऐप पर पहचान हुई थी, जिसने उसे मिलने के लिए बुलाया और फिर उस पर हमला किया। पुलिस के अनुसार, युवक को आरोपी ने सोमवार को बालीगंज रेलवे स्टेशन के पास बुलाया और उसे एक सुनसान और खाली इमारत में ले गया, जहां आरोपी के कुछ दोस्त पहले से मौजूद थे। वहां सभी ने मिलकर युवक के साथ मारपीट की और इस घटना का वीडियो भी बनाया। आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया, जो बाद में लौटा दिया, लेकिन मोबाइल की मेमोरी कार्ड (SD कार्ड) निकाल ली गई। इसमें युवक की निजी जानकारी थी। इसके बाद आरोपियों ने युवक से ₹20,000 की मांग की और कहा कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो उसके परिवार को नुकसान पहुंचाया जाएगा। युवक किसी तरह वहां से भाग निकला और पटुली पुलिस स्टेशन में शिकायत की। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और अब डेटिंग ऐप की जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। आज की अन्य बड़ी खबरें... दिल्ली के 45 स्कूल और 3 कॉलेजों को बम की धमकी, पुलिस जांच में जुटी दिल्ली में शुक्रवार को 45 से ज्यादा स्कूल और 3 कॉलेजों को ईमेल से बम की धमकी मिल। पुलिस, बम स्क्वॉड और फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत स्कूल-कॉलेज पहुंचीं और तलाशी अभियान चलाया। द्वारका, रोहिणी, पीतमपुरा, पश्चिम विहार, साउथ दिल्ली समेत कई इलाकों के स्कूल खाली कराए गए। IP कॉलेज, हिंदू कॉलेज और SRCC को भी धमकी मिली। पुलिस के मुताबिक, अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। साइबर सेल जांच में जुटी है। AAP बोली- I.N.D.I.A गठबंधन का हिस्सा नहीं, मानसून सत्र के पहले विपक्ष की बैठक में शामिल नहीं होंगे आम आदमी पार्टी (AAP) ने विपक्षी I.N.D.I.A गठबंधन से अलग होने की बात एक बार फिर कही है। पार्टी नेता संजय सिंह ने कहा कि AAP अब इस गठबंधन का हिस्सा नहीं है और 21 जुलाई से शुरू हो रहे संसद के मानसून सत्र से पहले होने वाली विपक्ष की बैठक में शामिल नहीं होगी। संजय सिंह ने कहा कि AAP और कांग्रेस ने सिर्फ लोकसभा चुनाव के लिए साथ गठबंधन किया था, लेकिन हरियाणा और दिल्ली विधानसभा चुनाव में पार्टी अकेले लड़ी। पंजाब और गुजरात उपचुनाव भी AAP ने अपने दम पर लड़े। उन्होंने कहा कि संसद में पार्टी अन्य विपक्षी दलों जैसे TMC और DMK के साथ मुद्दों पर सहयोग करती रहेगी। पार्टी मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाएगी और जनता के मुद्दे संसद में उठाएगी। मुंबई के बांद्रा में चॉल का एक हिस्सा ढहा; मलबे से 12 लोग निकाले गए, राहत कार्य जारी मुंबई के उपनगर बांद्रा में एक चॉल का कुछ हिस्सा ढह गया। फायर सर्विस की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंची हैं। मलबे से 12 लोगों को निकाला जा चुका है। उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत और बचाव का काम जारी है। घटना शुक्रवार सुबह 7:50 बजे हुई। शुरुआती जांच के अनुसार, इमारत में एक सिलेंडर ब्लास्ट हुआ, जिसके बाद कुछ लोग घायल हो गए। दिल्ली में दो स्कूलों में बम की धमकी, 5 दिन में 12 स्कूलों को आया धमकी भरा मेल दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में स्थित रिचमंड ग्लोबल स्कूल और रोहिणी सेक्टर 3 में अभिनव पब्लिक स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। पांच दिनों में अब तक 12 स्कूलों और 1 कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। इससे पहले सोमवार को 2 और मंगलवार को 3 स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। जांच करने पर कोई भी विस्फोटक नहीं मिला था।