भास्कर अपडेट्स:केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को लोकमान्य तिलक नेशनल अवॉर्ड मिलेगा, PM मोदी को 2023 में यह पुरस्कार मिला था
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को इस साल लोकमान्य तिलक नेशनल अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। बुधवार को इसकी घोषणा की गई। लोकमान्य तिलक स्मारक ट्रस्ट ने 1983 में इस अवॉर्ड की शुरुआत की थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 2023 में यह पुरस्कार मिला था, जबकि पिछले साल लेखिका और राज्यसभा सदस्य सुधा मूर्ति को यह पुरस्कार मिला था। लोकमान्य तिलक स्मारक ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. रोहित तिलक ने बुधवार को बताया कि पुरस्कार समारोह स्वतंत्रता सेनानी बाल गंगाधर तिलक की 105वीं पुण्यतिथि के मौके पर 1 अगस्त को आयोजित किया जाएगा। इसमें महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजित पवार के शामिल होने की उम्मीद है। लोकमान्य तिलक नेशनल अवॉर्ड में एक स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र और एक लाख रुपए कैश दिया जाता है। यह अवॉर्ड सबसे पहले समाजवादी नेता एस.एम. जोशी को मिला था। बाद में, इंदिरा गांधी, डॉ. मनमोहन सिंह और अटल बिहारी वाजपेयी सहित कई प्रतिष्ठित हस्तियों को यह अवॉर्ड दिया जा चुका है। आज की अन्य बड़ी खबरें... बेंगलुरु में बस स्टैंड पर विस्फोटक बरामद, टॉयलेट के बाहर जिलेटिन की छड़ें और डेटोनेटर मिले कर्नाटक के बेंगलुरु के कलासीपाल्यम बस स्टैंड पर भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद हुए हैं। वेस्ट बेंगलुरु के डीसीपी एस गिरीश ने बताया कि बस स्टैंड के टॉयलेट के बाहर एक प्लास्टिक बैग में छह जिलेटिन की छड़ें और कुछ डेटोनेटर (दोनों अलग-अलग) मिले। मौके पर पुलिस और आतंकवाद निरोधी दस्ता (ATS) पहुंच गए हैं। घटना के पीछे के मकसद का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। डीसीपी ने बताया कि अभी FIR दर्ज नहीं की गई है। पिछले साल, 1 मार्च को बेंगलुरु में फेमस रामेश्वरम कैफे में IED ब्लास्ट हुआ था। इसमें 10 लोग घायल हुए थे। CCTV फुटेज में दिखा कि मास्क लगाए हुए एक व्यक्ति कैफे के पास बस से उतरा और कैफे में घुसा। वह एक बैग लेकर आया था। कैफे में उसने इडली ऑर्डर की, काउंटर पर पेमेंट करके टोकन लिया। इसके बाद बैग को डस्टबिन के पास रखकर चला गया। एक घंटे बाद इसी बैग में टाइमर के जरिए धमाका हुआ था। मुंबई के डोंबिवली में कपड़ा कंपनी में आग, किसी के हताहत होने की खबर नहीं मुंबई में डोंबिवली स्थित एक कपड़ा एडोरोसिल कंपनी में आग लग गई। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। न्यूज़क्लिक के फाउंडर प्रबीर पुरकायस्थ को अग्रिम जमानत दिल्ली हाईकोर्ट ने बुधवार को न्यूज़क्लिक के फाउंडर और प्रधान संपादक प्रबीर पुरकायस्थ को अग्रिम जमानत दे दी। उन पर अपनी ख़बरों के जरिए चीन समर्थक प्रचार करने के लिए कथित तौर पर पैसे लेने का आरोप है। जस्टिस नीना बंसल कृष्णा ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में भी उन्हें इसी तरह की राहत दी। अदालत ने पुरकायस्थ की याचिकाओं पर यह आदेश सुनाया। कालीकट से दोहा जा रहे विमान के कैबिन एसी में तकनीकी समस्या, दो घंटे बाद वापस लौटा केरल के कालीकट इंटरनेशनल एयरपोर्ट से दोहा जाने वाला एयर इंडिया एक्सप्रेस का एक विमान बुधवार को तकनीकी खराबी के कारण उड़ान भरने के कुछ घंटे बाद ही वापस लौट आया। एयरपोर्ट अधिकारी ने बताया कि पायलटों और चालक दल सहित 188 लोगों को लेकर उड़ान संख्या IX 375 ने सुबह 9.07 बजे कालीकट से उड़ान भरी थी, लेकिन दो घंटे बाद विमान 11.12 बजे उसी हवाई अड्डे पर वापस लौट आया। अधिकारी ने कहा, विमान के केबिन एसी में कुछ तकनीकी समस्या थी। यह आपातकालीन लैंडिंग नहीं थी। उन्होंने बताया कि यात्रियों को विमान से उतार दिया गया है। कर्नाटक के टाउन एंड कंट्री प्लानिंगअफसर के घर लोकायुक्त का छापा, सोना, नकदी और कीमती घड़ियां बरामद कर्नाटक में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त अधिकारियों के राज्य भर छापेमारी जारी है। बुधवार को भी कई जगहों पर छापे मारे गए। इस दौरान बिदर जिले में टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग के सहायक निदेशक मारुति बगली के आवास से भारी मात्रा में गोल्ड ज्वैवरी, नकदी, कीमती घड़ियां और अन्य सामग्री बरामद की गई। अधिकारियों के अनुसार, मारुति बगली के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति रखने की शिकायत पर कार्रवाई की गई थी। उनके घर में तलाशी के दौरान संपत्ति के कई अहम दस्तावेज भी मिले हैं। जांच अभी जारी है। यह कार्रवाई लोकायुक्त की राज्यव्यापी छापेमारी का हिस्सा है, जिसमें कई सरकारी अफसरों के ठिकानों पर तलाशी ली जा रही है। जस्टिस तरलोक सिंह झारखंड हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस बने, पहले हिमाचल हाईकोर्ट में थे जस्टिस तरलोक सिंह चौहान ने बुधवार को झारखंड हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस के रूप में शपथ ली।इससे पहले वे हिमाचल हाईकोर्ट में जज थे। जस्टिस चौहान हिमाचल में भी दो बार कार्यवाहक चीफ जस्टिस रह चुके हैं। महाराष्ट्र के जलगांव में कपास के गोदाम में आग, फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर मौजूद महाराष्ट्र के जलगांव जिले में कपास के एक गोदाम में आग लग गई। गोदाम धुले-सोलापुर हाई पर चालीसगांव के MICD इलाके में स्थित है। आग लगने का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। आग पर काबू पाने के लिए भड़गांव, पचोरा, परोला और मालेगांव सहित आसपास के शहरों से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा में आतंकियों के 3 मददगार अरेस्ट, हथियार भी जब्त जम्मू कश्मीर के बांदीपोरा जिले के चिट्टी-बांदी इलाके में चेकिंग अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने आतंकवादी की मदद करने वाले 3 सहयोगियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया, उनके पास से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया गया। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में कार ने कांवड़ियों को कुचला, 4 की मौत मध्य प्रदेश के ग्वालियर में आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर एक कार ने सड़क किनारे चल रहे कांवड़ियों को कुचल दिया। इसके बाद कार पलट गई। हादसे में तीन कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि एक घायल ने हॉस्पिटल में दम तोड़ दिया। दो की हालत गंभीर है। हादसा नेशनल हाईवे के शिवपुरी लिंक रोड स्थित शीतला माता मंदिर गेट के पास मंगलवार देर रात करीब 1 बजे हुआ। पढ़ें पूरी खबर... मुंबई स्टूडेंट यौन उत्पीड़न केस- महिला टीचर को जमानत मिली मुंबई की एक अदालत ने मंगलवार को 40 साल की महिला टीचर को स्टूडेंट का यौन उत्पीड़न के आरोप में जमानत दे दी। टीचर को पिछले महीने अरेस्ट किया गया था। महिला स्कूल में अंग्रेजी पढ़ाती थी। वह 16 साल के नाबालिग को मुंबई के आलीशान होटलों में ले गई, जहां उसने छात्र के साथ दुर्व्यवहार किया। टीचर अकसर लड़के को शराब पिलाकर उसका शोषण करती थी। पुणे में पत्नी की जासूसी के लिए बेडरूम में लगाए कैमरे, केस दर्ज महाराष्ट्र के पुणे में एक महिला ने अपने पति पर शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना का केस दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि उसका पति उससे दहेज में और पैसे की मांग कर रहा है। जब उसने इनकार कर दिया तो बेडरूम और बॉथरूम में कैमरे छिपाकर रख दिए। फिर उन्हें वायरल करने की धमकी दी।
Admin