फेक अकाउंट के कारण हिमाचल की लेडी अफसर की ट्रोलिंग:कांवड़ियों को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट की; शिमला में SDM तैनात ओशिन शर्मा
हिमाचल प्रदेश की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और शिमला की SDM ओशिन शर्मा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वह किसी नंदिनी शर्मा नाम के फेसबुक अकाउंट से किए पोस्ट की वजह से ट्रोल हो रही हैं। इस अकाउंट पर ओशिन की फोटो लगी हुई है। इस अकाउंट से एक पोस्ट की गई। जिस पर ओशिन की फोटो शेयर करते हुए लिखा- 'कांवड़ से नहीं बेटा, किताबों से काबिलियत आती है।' ओशिन की फोटो के नीचे शिमला अर्बन SDM लिखा हुआ है। पोस्ट के बाद सोशल मीडिया यूजर ओशिन शर्मा पर सवाल उठा रहे हैं। जबकि ओशिन शर्मा का कहना है कि उन्होंने ऐसी कोई बात नहीं कही। उनके नाम के कई फेक अकाउंट चल रहे हैं। इसके खिलाफ उन्होंने साइबर थाने में शिकायत दी है। दैनिक भास्कर से बातचीत में ओशिन ने कहा- बिना जांच पड़ताल के किसी महिला व एक अधिकारी की ऐसे इमेज खराब नहीं करनी चाहिए। सच्चाई जानने के बाद ऐसे कमेंट करने चाहिए। फेसबुक पोस्ट, जिसकी वजह से ओशिन ट्रोल हुईं ओशिन को लेकर 3 सोशल मीडिया यूजर की प्रतिक्रियाएं... शिमला की SDM हैं ओशिन शर्मा
HAS अधिकारी ओशिन शिमला में SDM हैं। वह सोशल मीडिया पर सक्रिय रहती हैं। ओशिन सोशल मीडिया पर कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी राय रखती हैं। वह स्टूडेंट्स को कंपीटिटिव एग्जाम की तैयारियों से लेकर सामाजिक बुराइयों के खिलाफ भी बोलती हैं। इसके साथ ही, वह बेरोजगार युवाओं को HAS एग्जाम क्रैक करने के टिप्स भी बताती हैं। इसके अलावा, वह महिलाओं को उनके अधिकारों के बारे में भी जानकारी देती हैं। SDM के नोटिस के बाद सुर्खियों में आईं
इससे पहले ओशिन शर्मा तब चर्चा में आई थीं, जब 2024 में धर्मपुर के SDM जोगिंदर पटियाल ने उन्हें नोटिस जारी किया था। उन पर काम में देरी और सही ढंग से कर्तव्य न निभाने को लेकर जवाबतलबी की गई थी। SDM ने नोटिस में प्रशासनिक और जनहित के कामों में देरी को लेकर नाराजगी जताई। उस समय ओशिन शर्मा मंडी के संधोल में तहसीलदार थीं। जवाबतलबी के बाद बदला गया विभाग
तहसीलदार संधोल के तौर पर राजस्व काम में लेटलतीफी के बाद सरकार ने उन्हें सितंबर 2024 में संधोल से हटा दिया और कार्मिक विभाग शिमला में रिपोर्ट करने को कहा। अक्टूबर 2024 में सरकार ने फिर ओशिन शर्मा को भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग के निदेशालय में सहायक सचिव नियुक्त किया। अप्रैल 2025 में उन्हें एसडीएम शिमला शहरी लगाया गया। पूर्व विधायक से शादी, अनबन के बाद तलाक हुआ
साल 2020 बैच की HAS अधिकारी ओशिन शर्मा की शादी धर्मशाला से कॉलेज के दोस्त व BJP के पूर्व विधायक विशाल नेहरिया से हुई थी। मगर, शादी के 3 महीने बाद ही दोनों में अनबन हो गई। इसके बाद ओशिन ने अपने पति पर सोशल मीडिया पर आकर गंभीर आरोप लगाए। जिसके बाद दोनों का तलाक हो गया। 2025 में विशाल नेहरिया दूसरी शादी कर चुके हैं।
Admin