पुरी में जलाई गई नाबालिग 70 फीसदी झुलसी, हालत गंभीर:AIIMS भुवनेश्वर में इलाज जारी, दिल्ली एयरलिफ्ट की जा सकती है; आरोपियों की तलाश जारी
ओडिशा के पुरी में शनिवार को जलाई गई 15 साल की नाबालिग 70 फीसदी झुलसी है। उसका भुवनेश्वर AIIMS में इलाज जारी है। AIIMS के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर आशुतोष बिस्वास ने कहा- नाबालिग के इलाज में डॉक्टरों की 14 सदस्यीय टीम जुटी है। उन्होंने कहा- नाबालिग ICU में ऑक्सीजन सपोर्ट पर है, लेकिन बात कर पा रही है। अगले 48 घंटे बहुत अहम हैं। पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में उसका बयान दर्ज किया है। इस बीच AIIMS के बाहर विपक्षी पार्टियों ने हंगामा किया। विपक्ष की मांग है कि पीड़ित को दिल्ली AIIMS एयर लिफ्ट किया जाए। बालासोर पीड़िता की तरह नाबालिग की भी जान न चली जाए। इस दौरान भाजपा, BJD और कांग्रेस समर्थकों के बीच झड़प हुई। भुवनेश्वर-कटक कमिश्नरेट पुलिस ने AIIMS कैंपस में BNS की धारा 163 लागू की। 90 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। दरअसल, पुरी के बायाबर गांव में दोस्त के घर जा रही नाबालिग को बाइक सवार 3 युवकों ने रोका। उसे भार्गवी नदी के किनारे ले गए और पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इसके बाद आरोपी मौके से भाग निकले। पूरी घटना पीड़ित के घर डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर हुई। छात्रा को आग क्यों लगाई, अभी तक इसकी कोई वजह सामने नहीं आई है। आरोपियों की तलाश में ओडिशा पुलिस की 4 टीमें लगी हुई हैं। चश्मदीद बोला- लड़की जल रही थी, हमने आग बुझाई श्याम सेनापति नाम के ग्रामीण ने बताया- जब लड़की मेरे घर की तरफ आई तो वह आग में घिरी हुई थी। मेरे परिवार ने उसकी आग बुझाई, उसे पानी पिलाया। इसके बाद लड़की के कपड़े बदले। उसके परिवार वालों को बुलाकर पिपिली सरकारी अस्पताल भेजा। यहां से उसे भुवनेश्वर AIIMS रेफर किया गया। नवीन पटनायक बोले- राज्य में अपराधी बेखौफ हो गए हैं ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा कि इस घटना की मुझे बेहद पीड़ा है। दिनदहाड़े एक बच्ची को जलाने की कोशिश की गई, यह बेहद डरावनी बात है। एक हफ्ते पहले ही एफएम कॉलेज की छात्रा ने न्याय न मिलने पर खुद को आग लगा ली थी। एक महीना पहले गोपालपुर में भी एक भयानक घटना हुई थी। पटनायक ने सवाल किया, 'क्या अब सरकार जागेगी? क्या अपराधियों को जल्द पकड़ा जाएगा? और क्या आगे ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए कोई ठोस कदम उठाए जाएंगे? ओडिशा की बेटियां इसका जवाब चाहती हैं।' TMC बोली-बेटी बचाओ का नारा कहां गया? तृणमूल कांग्रेस ने इस मामले को आपराधिक लापरवाही बताया। TMC ने X पर लिखा, 'बेटी बचाओ का नारा कहां गया? पीएम मोदी, यह आपके हाथों पर खून है।' वहीं, लड़की के परिवार ने किसी निजी दुश्मनी या प्रेम संबंध से इनकार किया है। 12 जुलाई- छात्रा ने आत्मदाह किया, आरोपी अरेस्ट 17 जुलाई: कांग्रेस सहित 8 पार्टियों का प्रदर्शन ओडिशा में सेक्शुअल हैरेसमेंट की शिकार छात्रा की मौत को लेकर विपक्ष ने 17 जुलाई को ओडिशा बंद बुलाया था। प्रदर्शनकारियों ने भद्रक में ट्रेन को रोका था। भुवनेश्वर में बसों का चक्काजाम किया गया था। भद्रक जिले के चेन्नई-कोलकाता हाईवे पर टायर जलाए गए थे, जिसके चलते ट्रकों की लंबी कतार लग गई थी। मयूरभंज में भी लोग सड़क पर प्रदर्शन करने उतरे थे कांग्रेस सहित 8 विपक्षी पार्टियां इस प्रदर्शन में शामिल हुईं थीं। इनमें बीजू जनता दल, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया मार्क्सवादी CPI(M), सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (SUCI) के नेता-कार्यकर्ता भी प्रदर्शन में नजर आए थे। पूरी खबर पढ़ें... ---------------------------- बालासोर हैरेसमेंट केस पर दैनिक भास्कर की ग्राउंड रिपोर्ट पढ़ें... प्रोफेसर सेक्शुअली हैरेस करते थे, प्रिंसिपल बोले-सबूत लेकर आओ': ओडिशा स्टूडेंट सुसाइड केस, पिता बोले-क्लास में बेइज्जती करते थे HoD विक्टिम ने कॉलेज प्रिंसिपल दिलीप कुमार घोष से लेकर इंटरनल कंप्लेंट कमेटी (ICC) तक सभी से मामले की शिकायत भी की। पिता का आरोप है कि कॉलेज ने हर बार शिकायत को नजरअंदाज कर दिया। प्रोफेसर समीर और प्रिंसिपल दिलीप ने ही अपराजिता को जान देने के लिए मजबूर किया। पूरी खबर पढ़ें...
Admin