पंजाब CM की PM पर टिप्पणी से बयानबाजी तेज:जाखड़ बोले-पार्लियामेंट में मान से शराब की बदबू की शिकायत हुई, अब अहंकार की बदबू आ रही

पंजाब CM की PM पर टिप्पणी से बयानबाजी तेज:जाखड़ बोले-पार्लियामेंट में मान से शराब की बदबू की शिकायत हुई, अब अहंकार की बदबू आ रही
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को लेकर की गई टिप्पणी पर भारतीय जनता पार्टी ने कड़ा एतराज जताया है। बीजेपी पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री की भाषा यह दर्शाती है कि वे अब राजनीतिक मर्यादाओं को भूल चुके हैं। सुनील जाखड़ ने तीखा तंज कसते हुए कहा, "जब किसी व्यक्ति की परछाई उसके कद से बड़ी होने लगे, तो इसका मतलब है कि सूरज डूबने वाला है, और जब किसी व्यक्ति की जुबान उसकी औकात से लंबी होने लगे, तो इसका अर्थ है कि उस व्यक्ति के पतन का समय आ गया है।" बीजेपी का कहना है कि मुख्यमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को शब्दों की गरिमा बनाए रखनी चाहिए, न कि देश के शीर्ष नेताओं को लेकर आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करना चाहिए। जाखड़ ने वीडियो जारी कर अपनी बात रखी है, 3 पॉइंट्स में जानिए 1. शराब की बदबू आने की हुई थी शिकायत भगवंत मान जी, जब आप मेंबर पार्लियामेंट थे, तो आपके कई साथियों ने लोकसभा स्पीकर को जाकर शिकायत की थी कि आपसे शराब की बदबू आती है। लेकिन आज जिस तरह की भाषा और तरीका आपने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के लिए प्रयोग किया है, मुझे आपकी जुबान से अहंकार की बदबू आ रही है। 2.जुबान हैसियत से बड़ी होने लगी भगवंत मान जी, आप कैसे भूल गए कि जब किसी व्यक्ति का साया या परछाई उसके कद से लंबी होने लगे, तो इसका मतलब होता है दिन ढलने वाला है। जिस व्यक्ति की जुबान उसकी हैसियत से लंबी होने लगी, तो इसका मतलब उसका अंत निकट है। 3. सीएम पद की गरिमा को ठेस पहुंचाई आप पंजाब की उस पावन धरती से हैं, जहां गुरु साहिबान और पीर पैगंबरों की धरती है। जहां खुद गुरु साहिब ने कहा था कि जो अहंकार करेगा, वह खत्म हो जाएगा। उस बात को आप कैसे भूल गए? मैं समझता हूं कि पंजाबियत के नाम पर आपने धब्बा लगाया है। आपने पंजाब सीएम के पद की गरिमा का भी हनन किया है। क्या है सारा मामला दरअसल पंजाब के सीएम भगवंत मान ने पीएम नरेंद्र मोदी के विदेश दौरों को लेकर टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था पीएम पता नहीं कौन से देश की यात्रा पर चले जाते है। वहां पर उन उस देश का सर्वोच्च सम्मान मिल जाता है। लेकिन उन देशों की जनसंख्या पूछे तो दस हजार है। इतने लोग यहां तो जेसीबी देखने आ जाते हैं। इसके साथ ही उन्होंने आज विधानसभा के बाहर देश के गृहमंत्री अमित शाह को तड़ीपार तक कह डाला। जिससे बीजेपी के नेता गुस्से में है।