जगन्नाथ रथ यात्रा पर सार्वजनिक अवकाश की मांग:सीएम को लिखा पत्र; 27 जून को उज्जैन-इंदौर में छुट्टी घोषित करने की अपील

जगन्नाथ रथ यात्रा पर सार्वजनिक अवकाश की मांग:सीएम को लिखा पत्र; 27 जून को उज्जैन-इंदौर में छुट्टी घोषित करने की अपील
उज्जैन में हर साल की तरह इस बार भी इस्कॉन मंदिर भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा का आयोजन करेगा। यात्रा 27 जून को निकाली जाएगी। इस आयोजन को देखते हुए इस्कॉन की ओर से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को एक पत्र लिखकर उज्जैन और इंदौर में स्थानीय अवकाश घोषित करने की मांग की गई है। पत्र में बताया गया है कि अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को, ओडिशा के पुरी, गुजरात के अहमदाबाद, पंजाब के लुधियाना, पश्चिम बंगाल के कोलकाता, मणिपुर, रांची और रायगढ़ जैसे शहरों में रथ यात्रा के दिन स्थानीय अवकाश रहता है। लेकिन उज्जैन, जो भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षा स्थली और आस्था का प्रमुख केंद्र है, वहाँ अब तक इस दिन कोई अवकाश घोषित नहीं किया गया है। प्रदेश के 26 जिलों में निकलेगी रथ यात्रा इस साल मध्यप्रदेश में इस्कॉन द्वारा कुल 42 स्थानों पर रथ यात्राएं निकाली जाएंगी। इनमें से 8 यात्रा इस्कॉन इंदौर और 34 यात्रा इस्कॉन उज्जैन के माध्यम से आयोजित होंगी। ये यात्राएं कुल 26 जिलों को कवर करेंगी। इस उद्देश्य से इस्कॉन उज्जैन ने 8 भव्य रथ तैयार करवाए हैं। उज्जैन में रथ यात्रा का मार्ग और समय उज्जैन में रथ यात्रा 27 जून को दोपहर 2 बजे मंडी चौराहा से शुरू होगी। यात्रा चामुंडा माता चौराहा, ओवरब्रिज, घंटाघर, तीन बत्ती चौराहा और देवास रोड होते हुए कालिदास अकादमी स्थित गुंडिचा मंदिर पहुँचेगी। यहाँ भगवान का सात दिवसीय विश्राम उत्सव मनाया जाएगा। इस बार रथ यात्रा के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता का संदेश भी दिया जाएगा। आयोजन में अंतरराष्ट्रीय स्तर के विद्वान, कथाकार और कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।