गुरुग्राम में गाय कुएं में गिरी:4 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन; फायर टीम ने बुलडोजर-रस्सियों से बाहर निकाला, खुले कुएं ढकने की अपील
गुरुग्राम के मानेसर स्थित सेक्टर 92 में गुरुवार देर रात एक गाय सूखे कुएं में गिर गई। स्थानीय लोगों ने जब उसे कुएं में देखा तो खुद निकालने की कोशिश की, लेकिन कुआं संकरा होने के कारण वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद फौरन सूचना आईएमटी फायर स्टेशन को दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गाय को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पूरे अभियान के दौरान स्थानीय लोग भी मौके पर मौजूद रहे और सहयोग करते रहे। रस्सियों से बांधकर बुलडोजर से निकाला फायर ब्रिगेड अधिकारी (एफएसओ) ललित कुमार ने बताया कि उन्हें एक इमरजेंसी कॉल प्राप्त हुई थी। जिसमें बताया गया कि सेक्टर 92 में एक गाय सूखे कुएं में गिर गई है। कॉल मिलते ही उनकी टीम ने बिना देरी किए मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने रस्सियों और बुलडोजर से गाय को बाहर निकाला। कुएं की ज्यादा गहराई से मुश्किल आई कुएं की गहराई और सूखी स्थिति के कारण बचाव कार्य में चुनौतियां थीं, लेकिन रेस्क्यू टीम ने अपनी विशेषज्ञता और उपकरणों का उपयोग कर गाय को सुरक्षित निकाल लिया। गाय को कोई गंभीर चोट नहीं आई और उसे स्थानीय पशु डॉक्टर की देखरेख में सौंप दिया गया। सूखे कुएं बने खतरनाक ललित कुमार ने बताया कि ऐसी घटनाएं सामान्य हैं, क्योंकि ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में खुले कुएं अक्सर पशुओं के लिए खतरा बन जाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे खुले कुओं को ढककर रखें और ऐसी घटनाओं की तुरंत सूचना दें। उन्होंने बताया कि लोगों को इन सूखे कुओं से दूर रहने को लेकर एडवाइजरी दी गई कि वे इनके आसपास जाएं। क्योंकि बरसात के सीजन में हादसा होने की संभावना रहती है।
Admin