गिल बोले-अर्शदीप डेब्यू के लिए तैयार, बुमराह पर फैसला कल:पिच विवाद पर कहा- हमें कोई खास निर्देश नहीं मिले; स्टोक्स- मांसपेशियों में चोट, अब रिहैब करूंगा
भारत और इंग्लैंड के बीच एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी का आखिरी टेस्ट कल से द ओवल में खेला जाएगा। मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारत के कप्तान शुभमन गिल और इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स आए। हालांकि बेन स्टोक्स चोट की वजह से यह टेस्ट नहीं खेलेंगे, उनकी जगह ओली पोप कप्तानी करेंगे। बुधवार को गिल ने अर्शदीप सिंह के पहले टेस्ट खेलने को लेकर संकेत दिए। उन्होंने कहा- 'हमने अर्श को तैयार रहने के लिए कहा है। बुमराह पर फैसला कल लेंगे।' भारतीय कप्तान ने हेड कोच गौतम गंभीर के पिच क्यूरेटर से विवाद पर भी बात की। गिल ने कहा- हम काफी समय से क्रिकेट खेल रहे हैं। हम पिच को नंगे पैर या रबर स्पाइक्स पहनकर भी देख सकते हैं। मुझे नहीं पता क्यूरेटर ने इसकी इजाजत क्यों नहीं दी। हमें कोई खास निर्देश नहीं मिले थे। हमने चार मैच खेले और किसी ने इस बारे में कुछ नहीं कहा। हमने सामान्य क्रिकेट खेला। मुझे समझ नहीं आया इतना हंगामा क्यों हुआ। एक दिन पहले भारतीय कोच गौतम गंभीर और ओवल के हेड पिच क्यूरेटर के बीच बहस हो गई थी। क्यूरेटर ने भारतीय कोच, प्लेयर्स और स्टाफ को पिच से 2.5 मीटर दूर रहने के लिए कहा था। जबकि बुधवार को इंग्लिश प्लेयर्स पिच के ऊपर टहलते दिखे थे। 3 फोटो में समझिए मामला... गिल की खास बातें इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स के बयान मुझे पिच विवाद के बारे में कुछ नहीं पता
इंग्लिश कप्तान बेन स्टोक्स ने पिच विवाद पर कहा- 'मुझे इस बारे में कुछ नहीं पता क्योंकि मैं वहां मौजूद नहीं था। इस पिच पर पहले की तुलना में ज्यादा हरी घास है। ओवल में तेज गेंदबाजों को ज्यादा मदद मिलती है, इसलिए हमने लियाम डॉसन को शामिल नहीं किया।' उन्होंने हैंडशेक विवाद पर कहा- 'मुझे लगता है कि जडेजा-सुंदर शतक पूरे करना चाहते थे, लेकिन मैं अपने गेंदबाजों को और नहीं खिलाना चाहता था। हम अब इस बात को भूल चुके हैं। भारत भी आगे बढ़ चुका है। हमें उन 20 मिनट पर ध्यान नहीं देना चाहिए, बल्कि इस शानदार सीरीज को याद रखना चाहिए।' स्टोक्स ने सीरीज के शेड्यूल पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा- 'यह सीरीज शरीर और दिमाग दोनों के लिए थकाऊ रही है, लेकिन यही असली टेस्ट क्रिकेट है। इसमें कैरेक्टर, सहनशक्ति की परीक्षा होती है। दोनों टीमों ने जिस तरह से लड़ा है, उससे पता चलता है कि टेस्ट क्रिकेट भारत और इंग्लैंड दोनों के लिए कितना मायने रखता है।' स्टोक्स ने कहा- 'मैचों के बीच थोड़ा और ब्रेक होना चाहिए था। दो मैचों के बीच 8-9 दिन का अंतर था, फिर बाकी दो के बीच बहुत कम। यह दोनों टीमों के लिए मुश्किल भरा रहा। मेरी मांसपेशियों में चोट है, जिसका नाम भी मैं ठीक से नहीं ले सकता। मैं आखिरी टेस्ट नहीं खेल पाऊंगा। अब मैं रिकवरी शुरू करूंगा और सर्दियों के सीजन के लिए खुद को तैयार करूंगा।' ----------------------------------------------------------------------- ओवल टेस्ट से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए... ओवल की पिच पर खड़े नजर आए इंग्लिश प्लेयर्स लंदन के द ओवल स्टेडियम की पिच पर इंग्लैंड के प्लेयर्स शेडो प्रैक्टिस करते नजर आए। इतना ही नहीं टीम के कप्तान बेन स्टोक्स और कोच ब्रेंडन मैक्कुलम भी ग्राउंड क्यूरेटर ली फोर्टिस के साथ पिच पर खड़े दिखे। क्यूरेटर फोर्टिस इसी बात के विरोध में टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर से बहस करते हुए नजर आए थे। पढ़ें पूरी खबर
Admin