खबर हटके- भारत के शादीशुदा लोगों में एक्स्ट्रा अफेयर्स बढ़े:अमेरिका में लोगों को दिखे एलियंस के अंडे; जानिए ऐसी ही 5 रोचक खबरें

खबर हटके- भारत के शादीशुदा लोगों में एक्स्ट्रा अफेयर्स बढ़े:अमेरिका में लोगों को दिखे एलियंस के अंडे; जानिए ऐसी ही 5 रोचक खबरें
दुनियाभर में हो रहे डेटिंग पर नजर रखने वाली संस्था ‘एशले मैडिसन’ ने खुलासा किया कि एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर्स (यानि शादी के बावजूद दूसरे संबंध) में भारत दुनिया में छठे स्थान पर पहुंच गया है। इतना ही नहीं अब दिल्ली-मुंबई को पीछे छोड़ते हुए तमिलनाडु ने टॉप किया। वहीं अमेरिका में लोगों को एलियन्स के अंडे दिखे हैं, जिस पर वैज्ञानिकों ने चेतावनी जारी की है। ग्लोबल डेटिंग प्लेटफॉर्म 'एशले मैडिसन' ने हाल ही में एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर्स को लेकर एक रिपोर्ट जारी की। इसमें दावा किया गया कि भारत में एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर्स के ग्राफ बढ़ें हैं। वहीं चौंकाने वाली बात है कि इसमें भारत के मेट्रो सिटीज से ज्यादा छोटे शहर आगे निकल रहे हैं। इस रिपोर्ट के मुताबिक, तमिलनाडु का कांचीपुरम शहर एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर्स के मामले में देश में नंबर वन रहा। गौर करने वाली बात यह है कि साल 2024 में कांचीपुरम का स्थान इस लिस्ट में 17वां था, लेकिन अब यह पहले पायदान पर पहुंच गया है। इस लिस्ट को कैसे तैयार किया गया ? एशले मैडिसन ने बताया कि यह रैंकिंग सिर्फ नए यूजर साइन-अप के आधार पर नहीं है, बल्कि इसमें यूजर की एक्टिविटी, प्लेटफॉर्म पर बिताया समय, और एंगेजमेंट लेवल को भी शामिल किया गया है। ये सभी डेटा एक शहर में एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर्स का संकेत देती है। इससे पहले अप्रैल में, एशले मैडिसन ने YouGov सर्वे के नतीजे जारी किए थे, जिसमें भारत और ब्राजील को एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर करने वाला देश बताया गया था। उस डेटा में भारत के 53% पार्टिसिपेंट ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने लाइफ में कभी न कभी एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर किया है। टीयर-2 शहर में भी बढ़ रहे एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर्स प्लेटफॉर्म ने इस तेज उछाल के पीछे कोई विशेष कारण नहीं बताया। लेकिन रिपोर्ट में यह बताया गया कि भारत के टॉप 20 जिलों में से 9 दिल्ली-NCR क्षेत्र से हैं। दिल्ली के 6 जिले (सेंट्रल दिल्ली दूसरे स्थान पर), गुड़गांव, गाजियाबाद और गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) भी लिस्ट में शामिल हैं। इस बार मुंबई लिस्ट से बाहर हो गया है, वहीं जयपुर, रायगढ़ (छत्तीसगढ़), कामरूप (असम) और चंडीगढ़ जैसे शहरों ने नया स्थान हासिल किया है। गाजियाबाद और जयपुर, जो टियर-2 शहर माने जाते हैं, उन्होंने कई बड़े अर्बन सेंटर्स को पीछे कर दिया है। फ्लोरिडा में नदी-तालाबों के किनारे कुछ अजीब से गुलाबी रंग के अंडे मिले हैं। इन्हें देखकर लोग ऐसा डरे कि इसे एलियन का अंडा समझ बैठे। लेकिन अब अधिकारियों ने बताया कि ये अंडे किसी एलियन के नहीं, बल्कि बेहद खतरनाक विदेशी घोंघे के हैं। ये घोंघे फसलों और पानी के जीवों के लिए सबसे बड़े दुश्मन हैं। इनके अंडों में जहर होता है और ये खतरनाक बैक्टीरिया और वाइरस भी फैला सकते हैं। इससे इंसान बहुत बीमार पड़ सकते हैं। इसलिए, इन्हें छूना मना है, खासकर बच्चों और पालतू जानवरों को इनसे दूर रखना चाहिए। अमेरिकी वाइल्डलाइफ ऑफिसर ने निर्देश देते हुए कहा कि इन घोंघों को रोका नहीं जा सका है। ये तेजी से फैल रहे हैं। ऐसे में अगर ये गुलाबी अंडे दिखें, तो तुरंत अधिकारियों को बताएं। राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में स्थित प्रसिद्ध सांवलिया सेठ मंदिर में एक भक्त ने चांदी से बनी एक रिवॉल्वर और गोली भेंट की है। इसे देखकर मंदिर के पुजारी और दर्शनार्थी हैरान रह गए। यह पहला मौका है जब मंदिर में किसी भक्त ने हथियार के रूप में ऐसी अनोखी भेंट चढ़ाई हो। इस चांदी की रिवॉल्वर का वजन लगभग 500 ग्राम है। इसके साथ ही, भक्त ने एक चांदी की गोली और दो चांदी के लहसुन भी चढ़ाए हैं। यह भेंट गुमनाम रूप से चढ़ाई गई और इसे अब मंदिर के भंडार में सुरक्षित रखा गया है। मंदिर में अनोखी भेंट की पुरानी परंपरा सांवलिया सेठ मंदिर में अनोखी भेंट देने की पुरानी परंपरा रही है। कुछ महीने पहले एक भक्त ने जेल जाने से बचने की मन्नत पूरी होने पर चांदी की हथकड़ी भेंट की थी। वहीं एक और भक्त ने चांदी से बना पेट्रोल पंप मशीन का मॉडल और एक चांदी का आईफोन भी भगवान को अर्पित किया था। इस मंदिर में हर साल औसतन 200 करोड़ रुपए से अधिक का चढ़ावा आता है, जिसमें सोना, चांदी, नकदी और अन्य कीमती सामान शामिल होता है। हरियाणा सरकार ने कैदियों के समाज में पुनर्वास के लिए एक अनोखी पहल शुरू की है। अब करनाल समेत कई जिलों में जेल के बाहर पेट्रोल पंप कैदियों द्वारा चलाए जा रहे हैं। हैरान करने वाली बात ये है कि अब तक कोई भी कैदी यहां से भागा नहीं है। यह पहल कैदियों को समाज की मुख्यधारा में फिर से जोड़ने का मौका देती है। जेल अधीक्षक के मुताबिक, अच्छी आदतों वाले कैदियों को ही इस काम के लिए चुना जाता है। वे सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक काम करते हैं और रोज 90-100 रुपए भी कमाते हैं, जो सीधे उनके अकाउंट में जमा होते हैं। हरियाणा DGP जेल मोहम्मद अकील ने इसे 'जीवन बदलने वाली पहल' बताया है। कुरुक्षेत्र के बाद इसे अंबाला, यमुनानगर और हिसार जैसे शहरों में भी दोहराया गया है। इन पंपों पर पेट्रोल की क्वालिटी और मात्रा की भी पूरी गारंटी दी जाती है। चीन की एक कंपनी UBTECH रोबोटिक्स ने दुनिया का पहला ऐसा इंसानों जैसा दिखने वाला रोबोट बनाया है जो अपनी बैटरी खुद बदल सकता है। इस खूबी के चलते यह रोबोट बिना किसी इंसान की मदद के, एक हफ्ते में 24 घंटे लगातार काम कर पाएगा। 'वॉकर S2' नाम का यह अनोखा रोबोट 5 फिट 3 इंच लंबा है और इसका वजन करीब 43 किलोग्राम है। इसमें 20 जॉइंट्स हैं जो इसे बहुत लचीले तरीके से चलने-फिरने में मदद करते हैं। यह Wi-Fi और ब्लूटूथ से भी कनेक्ट हो सकता है। कैसे काम करती है बैटरी बदलने की खूबी? वॉकर S2 में 48-वोल्ट की लिथियम बैटरी लगी है, जो 'डुअल-बैटरी सिस्टम' पर काम करती है। यह रोबोट को एक बार चार्ज होने पर दो घंटे तक चलने या चार घंटे तक खड़े रहने की ताकत देती है। बैटरी को पूरी तरह चार्ज होने में करीब 90 मिनट लगते हैं। जब एक बैटरी खत्म होने लगती है, तो रोबोट खुद ही उसे निकालकर दूसरी चार्ज की हुई बैटरी लगा लेता है। UBTECH रोबोटिक्स की स्थापना मार्च 2012 में हुई थी। तो ये थी आज की रोचक खबरें, कल फिर मिलेंगे कुछ और दिलचस्प और हटकर खबरों के साथ… खबर हटके को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें...