अमेरिका ने बेड़ियां बांध डिपोर्ट की 73 साल की महिला:32 साल पहले US गईं मोहाली की हरजीत कौर; सेहत-उम्र भी नहीं देखी

अमेरिका ने बेड़ियां बांध डिपोर्ट की 73 साल की महिला:32 साल पहले US गईं मोहाली की हरजीत कौर; सेहत-उम्र भी नहीं देखी
अमेरिका में रह रही पंजाब मूल की 73 साल की हरजीत कौर को बुधवार रात डिपोर्ट कर दिया गया। वह 32 साल से अमेरिका में रह रही थी। हरजीत कौर वर्ष 1992 में अपने 2 बेटों के साथ अमेरिका गई थीं। कुछ दिन पहले उन्हें US इमिग्रेशन एंड कस्टम्स इन्फोर्समेंट (ICE) ने हिरासत में लिया था। उन पर गैरकानूनी ढंग से अमेरिका में रहने का आरोप था। हरजीत कौर को ईस्ट-बे में रूटीन चेक-इन के दौरान हिरासत में लिया गया। परिवार का तर्क है कि वह तीन दशक से अमेरिका में रह रही थीं, उनका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था। वर्ष 2012 में उनकी एप्लिकेशन रिजेक्ट कर दी गई। इसके बाद वह नियमित रूप से हर छह महीने में ICE को रिपोर्ट करती रहीं। उन्हें हिरासत में लेने के खिलाफ भारतीय मूल के लोगों ने प्रदर्शन किए। उनकी उम्र और सेहत को देखते हुए परिवार ने रिहाई की मांग की, लेकिन उन्हें डिपोर्ट कर दिया गया। हरजीत कौर मोहाली की रहने वाली हैं। उनका ससुराल तरनतारन में है। परिवार के करीबी लोगों के मुताबिक, वह 25 सितंबर की रात मोहाली पहुंच गईं। हालांकि उनका परिवार फिलहाल किसी से मिलजुल नहीं रहा। हथकड़ियां पहनाकर बेड़ियों से बांधा इस मामले के अटॉर्नी दीपक आहलूवालिया ने जानकारी दी कि हरजीत कौर समेत 132 भारतीय नागरिकों को जॉर्जिया से ICE के चार्टर्ड विमान से पहले आर्मेनिया पहुंचाया गया। वहां से बुधवार रात उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट के लिए रवाना किया गया। अमेरिका में रहने के पेपर नहीं थे मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, हरजीत कौर का कोई डॉक्यूमेंटेशन नहीं किया गया था। उनके पास अमेरिका में रहने के कागज नहीं थे। वह 1992 में अपने दो बेटों के साथ भारत से अमेरिका पहुंची थीं। हरजीत कौर की बहू मंजी कौर ने कहा कि उनकी सास का असाइलम केस 2012 में अस्वीकार कर दिया गया था, लेकिन तब से उन्होंने 13 साल से अधिक समय तक हर छह महीने में सैन फ्रांसिस्को में ICE के पास जाकर 'ईमानदारी से रिपोर्ट' की। पोती ने कहा- मिलने तक नहीं दिया अमेरिका में हरजीत कौर की भारत वापसी रुकवाने के लिए प्रदर्शन भी हुए। उनकी पोती सुखमीत कौर ने कहा- हमें सिर्फ इतना बताया गया कि दादी को हिरासत में लिया जा रहा है। हमें उनसे मिलने भी नहीं दिया। हम उन्हें ढूंढते रहे। जब हम मिले तो वह रो रही थीं और मदद के लिए कह रही थीं। हरजीत कौर के परिवार के करीबी शख्स ने कहा कि वह यहां 30 साल से रह रही थी। यहां टेलर के तौर पर काम करती रहीं। जब हम मिले, तो वह बदतर हालत में थी। उन्हें ना बैठने के लिए कुर्सी दी गई और ना सोने के लिए बेड। उन्हें जमीन पर सोना पड़ा। ************** ये खबर भी पढ़ें.. अमेरिका ने 7 महीने में 1700 भारतीय निकाले:इनमें 1562 पुरुष और 141 महिलाएं; विदेश राज्य मंत्री बोले- बीते 5 साल में 5541 डिपोर्ट किए अमेरिका ने साल 2025 में शुरुआती 7 महीने में अबतक 1703 भारतीय नागरिकों को भारत डिपार्ट किया है। इनमें 1562 पुरुष और 141 महिलाएं शामिल हैं। विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने लोकसभा में लिखित उत्तर में ये जानकारी दी (पूरी खबर पढ़ें)