हिसार में दलित समाज का अर्धनग्न प्रदर्शन:IG ऑफिस के आगे दीये जलाए, परिजनों ने नहीं कराया पोस्टमार्टम; बोले-पहले FIR दर्ज हो

हिसार में दलित समाज का अर्धनग्न प्रदर्शन:IG ऑफिस के आगे दीये जलाए, परिजनों ने नहीं कराया पोस्टमार्टम; बोले-पहले FIR दर्ज हो
हिसार में दलित युवक गणेश की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। दलित समाज के लोग पिछले 4 दिन से धरने पर बैठे हैं और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस ने अब तक एकतरफा कार्रवाई की है और पीड़ित परिवार को ही दबाने की कोशिश हो रही है। आज दलित समाज के लोगों ने सिविल अस्पताल से IG ऑफिस तक अर्धनग्न होकर पैदल मार्च निकाला। इस दौरान मृतक गणेश के पिता विक्रम और अन्य परिजन भी शामिल रहे। उन्होंने बेटे की मौत पर न्याय की मांग की। पीड़ित परिवार ने IG ऑफिस के सामने दीये भी जलाए। इसके बाद दलित संगठनों के प्रतिनिधि मंडल ने IG से मुलाकात की। मगर बातचीत सिरे नहीं चढ़ी। पीड़ित एफआईआर दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे। इससे पहले परिजन हिसार के डीसी से भी मिल चुके हैं और स्वतंत्र जांच की मांग कर चुके हैं। दलित समाज ने एक 5 सदस्यीय कमेटी भी बनाई है जो प्रशासन और सरकार से बातचीत कर रही है। लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होने से समाज में नाराजगी है। लोगों ने IG ऑफिस का घेराव कर ज्ञापन सौंपा है और परिजनों ने अब तक शव भी अस्पताल से नहीं उठाया है। युवक के पिता बोले-आईजी ने कहा जो करना है कर लो धरने में शामिल दलित समाज के लोगों और युवक के पिता विक्रम ने कहा कि दलित समाज के लोगों ने बड़े सभ्य ढंग से आईजी के सामने डिमांड रखी थी। हमारी कोई लंबी चौड़ी डिमांड नहीं है। हमारी यह मांग थी कि हमारी FIR दर्ज की जाए और उसके बाद हम पोस्टमॉर्टम करवा देंगे। मगर IG बात मानने के लिए तैयार नहीं हैं। हमने बार-बार इसी बात को रखा। हमसे मुआवजे की बात की गई मगर हमने मना कर दिया। हमारी यह मांग है कि हमारी सुनवाई हो। आरोपी पुलिस कर्मियों पर मर्डर का केस दर्ज हो। हमने यह भी कहा कि मीडिया में जो वीडियो चल रही है, जो पुलिस वाले लाठी-डंडों से मार रहे हैं उन पर भी कार्रवाई की जाए। IG ने कहा कि हम इस मामले में किसी भी जिले की एसआईटी बना देंगे। मगर हमें पुलिस पर भरोसा नहीं है। हम चाहते हैं पहले आरोपी पुलिस वालों पर केस दर्ज हो। उसके बाद कोई कार्रवाई हो। आईजी ने कहा FIR दर्ज नहीं होती जो करना है वो कर लो। पुलिस का दावा- शुभम के घर से हथियार मिले बारह क्वार्टर के भगत सिंह नगर में रहने वाले शुभम उर्फ काकू के घर गुरुवार देर शाम को डीएसपी कमलजीत के नेतृत्व में सीन ऑफ क्राइम टीम ने सर्च अभियान चलाया। पुलिस का दावा है कि सर्च अभियान के दौरान शुभम के घर से गंडासी, कई तलवार, दरात, बड़ी-बड़ी छुरिया, डंडे और छीने गए फोन बरामद किए गए हैं। वहीं पुलिस की कार्रवाई के दौरान लोगों की भीड़ भी एकत्रित हो गई। पुलिस की कार्रवाई को देख स्थानीय लोग सहमे हुए हैं। डीएसपी कमलजीत ने बताया कि आरोपित शुभम उर्फ काकू एक सक्रिय और पुराना अपराधी है। आरोपित पर थाना शहर, अर्बन एस्टेट थाना और थाना एचटीएम थाना में हत्या के प्रयास, शस्त्र अधिनियम और गंभीर मारपीट से जुड़े 8 अभियोग दर्ज हैं। डीएसपी ने बताया कि आरोपी के इंटरनेट अकाउंट को भी खंगाला गया है। जिसमें कुछ फोटो और वीडियो मिले हैं। फोटो में वह दोनों हाथों में हथियार लिए हुए है और एक पिस्तौल में गोली भी भरता नजर आ रहा है। डीजे बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद बता दें कि हिसार में सोमवार की रात बर्थडे पार्टी में बीच सड़क पर तेज आवाज में DJ बजाने को लेकर युवकों और पुलिस कर्मचारियों में झड़प हो गई। पुलिस का आरोप है कि मना करने पर युवकों ने छत से पथराव किया। जब पुलिस उन्हें पकड़ने छत पर पहुंची तो दो युवक नीचे कूद गए। इस दौरान गणेश नाम का 16 साल का नाबालिग युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। गणेश 10वीं कक्षा का छात्र था।