हिमाचल में कार हादसे में 3 युवाओं की मौत:2 की हालत नाजुक; सेब की ग्रेडिंग-पैकिंग करते थे मृतक, CM सुक्खू ने जताया शोक
हिमाचल प्रदेश में मंडी जिला के सराज में जंजैहली-छतरी मार्ग पर रविवार देर रात एक ऑल्टो कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में मंडी के 37 से 39 साल से 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों घायलों को जंजैहली अस्पताल प्राथमिक उपचार देने के बाद नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, यह हादसा रविवार देर रात हुआ। मगर पुलिस को इसकी सूचना आज सुबह उस वक्त मिली, जब यहां से गुजर रहे किसी स्थानीय व्यक्ति ने सड़क का डंगा धंसा हुआ देखा। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जंजैहली अस्पताल लाया गया। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने खाई से तीनों मृतकों के शवों का निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए जंजैहली अस्पताल पहुंचाया। पोस्टमॉर्टम के बाद तीनों के शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। मंडी के तीनों मृतक और घायल इस हादसे में देवदत्त (37) पुत्र संगत राम निवासी गगन छतराड़ी, यशपाल (38) पुत्र गंगराम निवासी छतराड़ी और मंगलचंद (39) पुत्र धनसिंह निवासी तराला मंडी की मृतक के रूप में पहचान हुई है, जबकि लुदेर सिंह (34) पुत्र इंद्र सिंह निवासी गगन छतराड़ी और ड्राइवर गुमान सिंह (32) पुत्र निवासी कल्यांजू छतराड़ी घायल हुए हैं। 300 मीटर गहरी खाई में गिरी कार HP-87-1117 नंबर ऑल्टो कार सड़क से करीब 300 मीटर नीचे गहरी खाई में गिरी है। इससे गाड़ी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है। सेब सीजन से घर लौटते वक्त हादसे का शिकार इस हादसे के बाद मंडी के छतराड़ी क्षेत्र में शोक की लहर है। तीनों मृतक सेब सीजन में ग्रेडिंग-पैकिंग करके और खेतीबाड़ी करके अपने परिवार का पालन पोषण करते थे। बीती रात को भी तीनों करसोग क्षेत्र से सेब भरने के बाद गाड़ी में घर लौट रहे थे। मरने वाले तीनों विवाहित हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हादसे के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। माना जा रहा है कि यह हादसा सड़क धंसने से हुआ है। SP मंडी साक्षी वर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि जंजैहली पुलिस स्टेशन को छतरी रोड पर मगरूगला के पास कार दुर्घटना की सूचना मिली। मुख्यमंत्री ने तीन लोगों की मृत्यु पर शोक जताया मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कार हादसे में मृत तीन लोगों के निधन पर शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस घटना के दो घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की है और ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
Admin