सोनम 3 दिन की रिमांड में, मेघालय ले जा रहे:पटना के फुलवारी शरीफ थाने में रुकी पुलिस; राज की मां बोली-उसे झूठा फंसाया

सोनम 3 दिन की रिमांड में, मेघालय ले जा रहे:पटना के फुलवारी शरीफ थाने में रुकी पुलिस; राज की मां बोली-उसे झूठा फंसाया
इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार उसकी पत्नी सोनम रघुवंशी को मेघालय पुलिस सोमवार देर रात लेकर शिलॉन्ग के लिए रवाना हो गई। मेघालय पुलिस फिलहाल पटना में है। यहां सोनम को फुलवारी शरीफ थाने में रखा गया है। 4 सदस्यीय टीम सोनम को लेकर गाजीपुर से पटना के रास्ते शिलॉन्ग जा रही है। पुलिस सोनम को बक्सर के रास्ते पटना लेकर पहुंची है। सूत्रों के अनुसार, सोनम को 12ः40 बजे स्पाइसजेट की फ्लाइट से पटना से गुवाहाटी ले जाया जाएगा। वहां से मेघालय पुलिस शिलॉन्ग लेकर जाएगी। सोनम को BR01 PR 6242 नंबर की गाड़ी से पटना लाया गया। इस दौरान सोनम शांत दिखी। उसने खाना भी मांगा था। राजा रघुवंशी मर्डर केस के आरोपी राज कुशवाह की मां बोली- मेरा बेटा कभी ऐसा नहीं कर सकता। मेरे बच्चे को झूठा फंसाया है। वह सोनम के भाई की फैक्ट्री में काम करता था। साथ काम करते-करते आपस में बात हो ही जाती है लेकिन राजा के मर्जर से उसका कुछ लेना-देना नहीं है। गाजीपुर में ढाबे पर बदहवास मिली थी सोनम 8 और 9 जून की दरमियानी रात सोनम शिलॉन्ग से 1100 किमी दूर यूपी के गाजीपुर में एक ढाबे पर बदहवास हालत में मिली। उसने ढाबे वाले से अपने भाई गोविंद को फोन लगवाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर वन स्टॉप सेंटर भेज दिया था। इसी रात इंदौर पुलिस ने नंदबाग के रहने वाले राज कुशवाहा (21), विशाल चौहान (22) और आकाश राजपूत (19) को हिरासत में लिया था। राज सोनम के पिता की दुकान पर काम करता था।