शिमला के 3 कॉन्वेंट स्कूलों को उड़ाने की धमकी:छात्रों-कर्मचारियों में दहशत, बम निरोधक दस्ते ने की जांच; DGP बोले- फर्जी निकली
हिमाचल की राजधानी शिमला के 3 प्रतिष्ठित स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। स्कूल प्रबंधन को धमकी भरी ईमेल मिलने के बाद तीनों स्कूलों में बम निरोधक दस्ते में गहन जांच की। इससे पहले बच्चों को क्लासरूम से बाहर निकाला गया। पुलिस की अब तक की जांच में कुछ भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। शिमला के ढली में सेक्रेड हॉर्ट कॉन्वेंट स्कूल को धमकी भरी ईमेल के बाद छोटी कक्षाओं के बच्चों को स्कूल के टेरस के साथ लगी स्टेयर पर लाया गया। बड़ी कक्षाओं के छात्रों को स्कूल के सामने सड़क पर इकट्ठा किया गया। इस दौरान बम निरोधक दस्ते में पूरे स्कूल कैंपस की तलाशी ली और सभी बच्चों के स्कूली बैग की भी जांच की गई। इस दौरान बच्चे करीब दो घंटे तक क्लास रूप से बाहर खड़े रहे। दोपहर पौने 12 बजे के करीब जांच के बाद सभी बच्चों को क्लास रूम ले जाया गया। संजोली में सरस्वती पैराडाइज और एडवर्ड स्कूल को भी ऐसी धमकी मिली थी। स्कूल प्रबंधन ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने तुरंत स्कूल पहुंचकर जांच की। मगर, पुलिस को कुछ भी नहीं मिला। इससे कुछ देर के लिए बच्चों में पैनिक रहा। हाईकोर्ट को 3 बार, मुख्य सचिव कार्यालय को 2 बार मिल चुकी धमकी बता दें कि स्कूलों से पहले हिमाचल हाईकोर्ट, मुख्य सचिव कार्यालय, 8 जिलों के डीसी ऑफिस को भी बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। मगर जांच में कुछ भी नहीं मिला। हाईकोर्ट को तीन बार, मुख्य सचिव कार्यालय को दो बार यह धमकी मिल गई है। अब स्कूलों को धमकी मिलनी शुरू हो गई है। DGP बोले- फर्जी निकली धमकी हिमाचल के DGP अशोक तिवारी ने बताया कि शिमला के कुछ स्कूलों में धमकी वाले ईमेल मिले हैं। इससे छात्रों, कर्मचारियों में घबराहट पैदा हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस और सीआईडी जांच में धमकियां फर्जी निकलीं। उन्होंने कहा, धमकी के बाद पुलिस ने और बम निरोधक दस्ते में तुरंत जांच की, लेकिन जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। उन्होंने कहा कि पुलिस ईमेल भेजने वालों की पहचान करने में जुटी हुई है। इसके लिए दूसरे राज्यों की पुलिस से भी संपर्क साधा जा रहा है। उन्होंने जनता से भी शांति बनाए रखने और दहशत न फैलाने का आवाहन किया है।
Admin