लुधियाना में झारखंड का नेशनल प्लेयर अफीम सहित गिरफ्तार:तीरंदाजी में जीत चुका गोल्ड मेडल, साथी फरार, पुलिस से बोला-बेरोजगार होने पर तस्कर बना

लुधियाना में झारखंड का नेशनल प्लेयर अफीम सहित गिरफ्तार:तीरंदाजी में जीत चुका गोल्ड मेडल, साथी फरार, पुलिस से बोला-बेरोजगार होने पर तस्कर बना
लुधियाना के जगराओं में आज पुलिस ने झारखंड से आए तीरंदाजी के नेशनल प्लेयर को अफीम की तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया है। थाना सुधार की पुलिस ने आरोपी से 1 किलो 11 ग्राम अफीम बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पतरस उड़िया के रूप में हुई है। वह झारखंड के खूंटी जिले के बुरुमा थाना क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों पर केस दर्ज किया है। दूसरा आरोपी राजन, जो झारखंड का रहने वाला है, मौके से फरार हो गया। डीएसपी वरिंदर सिंह खोसा ने बताया कि थाना सुधार के इंचार्ज जसविंदर सिंह अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। उन्हें सूचना मिली कि आरोपी अपने साथी के साथ बड़े स्तर पर नशा तस्करी का धंधा करता है। पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, पतरस पोलियो से पीड़ित है और वह अपने साथी राजन के साथ सुधार की दाना मंडी में अफीम की सप्लाई के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रहा था। पुलिस ने छापा मारा तो राजन भाग गया, लेकिन पतरस पोलियो के कारण भाग नहीं सका। बेरोजगार होने पर नशा तस्कर बना पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह तीरंदाजी का नेशनल लेवल का खिलाड़ी है और गोल्ड मेडल भी जीत चुका है। रोजगार न मिलने के कारण उसने अफीम तस्करी का धंधा शुरू कर दिया। वह झारखंड से कई बार लुधियाना में अफीम सप्लाई करने आया है। पुलिस अब आरोपी के मोबाइल की जांच कर रही है ताकि पता लगाया जा सके कि वह लुधियाना और सुधार क्षेत्र में किन-किन लोगों को अफीम की सप्लाई करता था। पुलिस फरार आरोपी राजन को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है।