राहुल बोले- चुनाव आयोग ने कर्नाटक में धोखाधड़ी की:हजारों बोगस वोटर्स जोड़े, हमारे पास 100% सबूत; EC बोला- आरोप निराधार, पहले शिकायत क्यों नहीं की

राहुल बोले- चुनाव आयोग ने कर्नाटक में धोखाधड़ी की:हजारों बोगस वोटर्स जोड़े, हमारे पास 100% सबूत; EC बोला- आरोप निराधार, पहले शिकायत क्यों नहीं की
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बिहार में वोटर्स लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के विरोध के बीच चुनाव आयोग (EC) पर कर्नाटक में भी धोखाधड़ी का आरोप लगाया। राहुल ने गुरुवार को संसद के बाहर कहा कि वोटर लिस्ट रिवीजन के नाम पर कर्नाटक में हजारों बोगस वोटरों के नाम जोड़े गए। राहुल ने कहा, 'चुनाव आयोग ने कर्नाटक की एक सीट पर धोखाधड़ी कराई। हमारे पास इसके 100% सबूत हैं। एक ही निर्वाचन क्षेत्र में 50, 60 और 65 साल के हजारों-हजार नए वोटरों को सूची में जोड़ा गया है और 18 साल से ज्यादा उम्र के वोटरों को सूची से हटा दिया गया है।' कांग्रेस सांसद ने कहा, 'हमे अभी एक सीट की जांच में यह गड़बड़ी मिली। मुझे पूरा यकीन है कि हर सीट पर यही नाटक चल रहा है। मैं चुनाव आयोग को एक मैसेज देना चाहता हूं। अगर आपको लगता है कि आप इससे बच निकलेंगे, अगर आपके अधिकारी सोचते हैं कि वे बच जाएंगे, तो ये आपकी गलतफहमी है। हम आपको बच के जाने नहीं देंगे।' राहुल के आरोपों पर चुनाव आयोग ने कहा, 'कर्नाटक में लोकसभा चुनाव-2024 को लेकर कुल 10 चुनावी याचिकाएं लगाई गई थीं, लेकिन इसमें से एक भी कांग्रेस के चुनाव हारने वाले किसी उम्मीदवार ने दायर नहीं की थी।' EC ने कहा, 'कांग्रेस जन प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 की धारा 24 के तहत शिकायत कर सकती थी। लेकिन DM या CEO के पास एक भी अपील दायर नहीं की गई। आयोग हैरान है कि इस तरह के निराधार और धमकी भरे आरोप क्यों लगाए जा रहे हैं और वह भी अब?' चुनाव आयोग बोला- राजनीतिक विचारधाराओं से परे जाकर सोचिए राहुल गांधी ने यह बातें EC के उस बयान के बाद कही हैं, जिसमें बिहार में वोटरों के वेरिफिकेशन प्रोसेस का बचाव किया गया था। चुनाव आयोग ने गुरुवार को एक बयान में अपने आलोचकों से सवाल पूछा कि क्या मृत और प्रवासी मतदाताओं के नाम पर फर्जी वोट डालने की अनुमति देनी चाहिए। चुनाव आयोग ने पूछा, 'रिवीजन प्रोसेस का मकसद सिर्फ अयोग्य मतदाताओं को वोटर लिस्ट से हटाना है। क्या चुनाव आयोग के पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से तैयार की जा रही प्रामाणिक मतदाता सूची निष्पक्ष चुनाव और मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला नहीं है?' EC ने कहा, 'इन सवालों पर, कभी न कभी, हम सभी को और भारत के सभी नागरिकों को, राजनीतिक विचारधाराओं से परे जाकर, गहराई से सोचना होगा। और शायद आप सभी के लिए यह सोचने का सबसे अच्छा समय अब आ गया है।' EC ने बताया है कि बिहार में 99% वोटरों को SIR के तहत वेरिफाई कर लिया गया है। इनमें 21.6 लाख मृत मतदाताओं का पता चला है। 31.5 लाख वोटर्स हमेशा के लिए पलायन कर गए हैं। 7 लाख वोटर्स एक से ज्यादा जगहों पर रजिस्टर्ड हैं। वहीं, 1 लाख मतदाता लापता हैं। चुनाव आयोग ने बताया कि डोर-टू-डोर वेरिफिकेशन के बावजूद, करीब 7 लाख मतदाताओं के फॉर्म अभी तक नहीं मिले हैं। संसद में विपक्ष की नारेबाजी, लोकसभा कार्यवाही सिर्फ 12 मिनट चली इधर, विपक्ष ने गुरुवार को भी बिहार SIR के विरोध में चुनाव आयोग और भाजपा सरकार के खिलाफ संसद में मानसून सत्र के दौरान नारेबाजी की। सुबह 11 बजे लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसद हंगामा करने लगे। कांग्रेस सहित कई विपक्षी सांसद वेल में आकर पोस्टर लहराने लगे। हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही सिर्फ 12 मिनट चल सकी। वहीं राज्यसभा की कार्यवाही सिर्फ 1:45 मिनट चल पाई। हंगामे के कारण दोनों सदनों का कार्यवाही शुक्रवार तक के लिए स्थगित कर दी गई। विपक्ष ने संसद के बाहर मकर द्वार पर भी विरोध-प्रदर्शन किया। ​​​​​ कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, DMK सहित दूसरे विपक्षी दलों का आरोप है कि SIR बिहार के पिछड़े समुदायों के लोगों को वोटिंग से रोकने की एक कोशिश है। इसके जरिए लोगों के नाम वोटर्स लिस्ट से हटाए जा रहे हैं, जिसका असर इस साल होने वाले विधानसभा चुनावों के नतीजों पर पड़ सकता है। पूरी खबर पढ़ें... राहुल ने महाराष्ट्र में भी मैच फिक्सिंग के आरोप लगाए थे राहुल गांधी ने 6 जून को इंग्लिश अखबार "The Indian Express' में लिखे एक लेख में महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में मैच फिक्सिंग के आरोप लगाए थे। राहुल ने कहा था, 'भाजपा और उसके सहयोगियों ने चुनाव जीतने के लिए 5 स्टेप की प्लानिंग की थी। महाराष्ट्र की तरह ही मैच फिक्सिंग अगली बार बिहार में होगी, फिर किसी भी राज्य में जहां भाजपा हारती दिख रही हो।' हालांकि, चुनाव आयोग ने राहुल के दावों को निराधार करार दिया था। आयोग ने कहा, 'चुनाव के फैसले पक्ष में नहीं आने के बाद ऐसे आरोप लगाना बेतुके हैं। 24 दिसंबर 2024 को ही कांग्रेस को भेजे अपने जवाब में ये सभी तथ्य सामने रखे थे, जो चुनाव आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। ऐसा लगता है कि बार-बार ऐसे मुद्दे उठाते हुए इन सभी तथ्यों को पूरी तरह से नजरअंदाज किया जा रहा है।' राहुल ने पहले भी 3 बार महाराष्ट्र चुनाव में गड़बड़ी के आरोप लगाए .................................... बिहार SIR से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें... सम्राट ने तेजस्वी को कहा- जिसका बाप अपराधी वो क्या बोलेगा; तेजस्वी बोले- ज्यादा जोर से बोलोगे तो गीला हो जाएगा बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के चौथे दिन, गुरुवार को सदन में दूसरे सेशन के दौरान डिप्टी CM सम्राट चौधरी और नेता प्रतिपक्ष के बीच तीखी बहस हुई। तेजस्वी ने कहा, 'वोटर वेरिफिकेशन में फर्जीवाड़ा हो रहा है। BLO खुद साइन कर रहा है। आप पत्रकार पर FIR कराने वाले कौन होते हैं।' इस पर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी भड़क गए और कहा, 'आप कौन होते हैं। जिसका बाप अपराधी है वो क्या बोलेगा। चल हट..लुटेरा हो-लुटेरा...वो क्या बोलेगा।' इसके जवाब में तेजस्वी ने कहा, 'ज्यादा जोर से बोलोगे तो गीला हो जाएगा।' पूरी खबर पढ़ें...