Impact Updates:यूनेस्को की वर्ल्ड हेरिटेज लिस्ट के लिए मराठा काल के 12 किले नॉमिनेट

Impact Updates:यूनेस्को की वर्ल्ड हेरिटेज लिस्ट के लिए मराठा काल के 12 किले नॉमिनेट

भारत ने महाराष्ट्र और तमिलनाडु में स्थित 12 ऐतिहासिक मराठा किलों को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल कराने के लिए नामित किया है। इन किलों को "मराठा मिलिट्री लैंडस्केप्स" कहा गया है। इनमें रायगढ़, प्रतापगढ़, शिवनेरी, लोहगढ़, विजयदुर्ग, पन्हाला, सुवर्णदुर्ग, खांदेरी, सिंधुदुर्ग जैसे किले शामिल हैं। तमिलनाडु का जिंजी किला भी इस सूची का हिस्सा है। ये किले 17वीं से 19वीं सदी के बीच बने और मराठा साम्राज्य की रणनीति और सैन्य ताकत के प्रतीक हैं। भारत सरकार ने इन्हें यूनेस्को की सांस्कृतिक कैटेगरी के तहत नामांकित किया है। अगर इन्हें स्वीकृति मिलती है तो यह महाराष्ट्र से यूनेस्को की सूची में शामिल होने वाला सातवां स्थल होगा। अंतिम फैसला यूनेस्को की 47वीं बैठक में 16 जुलाई 2025 को पेरिस में लिया जाएगा। आज की अन्य बड़ी खबरें... अंडमान और निकोबार कमान्ड और कोस्ट गार्ड ने समुद्र के बीच से 2 विदेशी नागरिकों को बचाया अंडमान और निकोबार कमान्ड ने भारतीय कोस्ट गार्ड के साथ मिलकर ग्रेट निकोबार द्वीप के पास बीच समुद्र से दो विदेशी नागरिकों को बचाया। दोनों विदेशी नागरिक एक अमेरिकी रजिस्टर्ड सेलिंग याच (एक तरह की नाव) पर सवार थे, जिसके इंजन और पाल में खराबी आ गई थी। एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि बचाए गए दो विदेशी नागरिकों में एक 65 साल का अमेरिकी नागरिक और एक 70 साल का तुर्किये नागरिक शामिल हैं। पोर्ट ब्लेयर स्थित समुद्री बचाव समन्वय केंद्र (MRCC)) को चेन्नई स्थित अमेरिकी महावाणिज्य दूतावास से सेलिंग याच में खराबी का मैसेज भेजा गया था। इस वान का नाम सी एंजेल है। यह ग्रेट निकोबार में इंदिरा पॉइंट से लगभग 50 समुद्री मील दक्षिण में इंजन खराब होने के कारण फंसी हुई थी। अधिकारी ने बताया कि यह नाव इंडोनेशिया के सबांग द्वीप से श्रीलंका के लिए रवाना हुई थी, लेकिन 9 जुलाई की देर रात समुद्र की तेज लहरों के कारण फंस गई थी। दिल्ली-NCR में 3.7 तीव्रता का भूकम्प, एक दिन पहले 4.4 तीव्रता के झटके आए थे दिल्ली-NCR में शुक्रवार शाम फिर से भूकम्प के झटके महसूस किए गए। भूकम्प का केंद्र हरियाणा के झज्जर में था। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक, रिक्टर स्केल पर भूकम्प की तीव्रता 3.7 थी। इससे पहले गुरुवार को भी दिल्ली में भूकम्प के झटके महसूस किए गए थे। कल भी भूकम्प का केंद्र हरियाणा के झज्जर में ही था। तब रिक्टर स्केल पर तीव्रता 4.4 दर्ज की गई थी। शिवसेना विधायक के खिलाफ मामला दर्ज करेगी मुंबई पुलिस, कैंटीन कर्मचारी को पीटा था मुंबई पुलिस शिवसेना विधायक संजय गायकवाड़ के खिलाफ स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज करने की तैयारी में है। संजय गायकवाड़ ने खराब खाने की गुणवत्ता को लेकर आकाशवाणी विधायक गेस्ट हाउस में कैंटीन कर्मचारी को थप्पड़ मारा था। घटना 8 जुलाई को हुई थी। कैंटीन कर्मचारी को मुक्का मारने का वीडियो भी सामने आया था। मामले को लेकर विधायक संजय गायकवाड़ ने अगले दिन कहा था कि वहां खाने की क्वालिटी अच्छी नहीं थी। मुझे अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है। मुंबई-पुणे रूट पर भोरघाट में मंकी हिल के पास मालगाड़ी पटरी से उतरी लोनावला और कर्जत के बीच घाट सेक्शन में मंकी हिल स्टेशन के पास एक मालगाड़ी पटरी से उतर गई है। इसके कारण लंबी दूरी की ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। मरम्मत का काम जारी है। लोकल ट्रेनों पर इसका कोई असर नहीं पड़ा है। दिल्ली पुलिस अब रेस्टोरेंट, होटल, गेस्टहाउस और ऑडिटोरियम के लाइसेंस जारी नहीं करेगी, 1980 में दिए गए अधिकार 45 साल बाद वापस दिल्ली सरकार ने रेस्टोरेंट, स्विमिंग पूल, डिस्को, वीडियो गेम पार्लर बनाने के लिए पुलिस की अनुमति लेने से जुड़े नियम वापस ले लिए हैं। ये माई-बाप सरकार वाले नियम 1980 के दशक में लागू किए गए थे। सामान्य नगरपालिका और भवन निर्माण नियम अब भी लागू हैं। नासिक के पास मुंबई-आगरा हाईवे पर टैंकर-कार की टक्कर, 4 लोगों की मौत महाराष्ट्र के नासिक में मुंबई-आगरा नेशनल हाईवे पर टैंकर ने कार को टक्कर मार दी। घटना में 4 लोगों की मौत हुई है। हादसा 10 जुलाई की दोपहर 1 बजे मुंडेगांव शिवार के पास हुआ था। पुलिस ने बताया कि जिन लोगों की मौत हुई वे सब मुंबई के अंधेरी इलाके के रहने वाले थे। सभी शेनवाड़ स्थित मौली बाबा रामदास मठ में गुरु पूर्णिमा कार्यक्रम में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। केरल में तिरुवनंतपुरम से भावनगर जा रही ट्रेन ट्रेक पर रखे कवर से टकराई, कन्नूर जिले की घटना उत्तरी केरल के कन्नूर जिले में तिरुवनंतपुरम से भावनगर जा रही ट्रेन शुक्रवार सुबह करीब 3.30 बजे पटरी पर रखे कवर के टुकड़े से टकराई। यह घटना वालापट्टनम रेलवे स्टेशन के पास हुई। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, लोकोमोटिव पायलट ने तेज आवाज सुनी और तुरंत वालापट्टनम के स्टेशन मास्टर को सूचित किया। कुछ देर वालापट्टनम में खड़े रहने के बाद ट्रेन आगे रवाना हो गई। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या वह कवर किसी ने जानबूझकर रखा था। दिल्ली के आजाद मार्केट में 3 मंजिला बिल्डिंग ढही, एक व्यक्ति की मौत दिल्ली के आजाद मार्केट में शुक्रवार सुबह 3 मंजिला बिल्डिंग ढह गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। मृतक की पहचान मनोज शर्मा उर्फ पप्पू (45) के रूप में हुई है। दिल्ली फायर सर्विस की गाड़ियां रेस्क्यू का काम कर रही हैं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में FIR की है। बिल्डिंग गिरने के कारणों की जांच हो रही है। इंडियन कोस्ट गार्ड ने समुद्र में फंसे दो अमेरिकी नागरिकों का रेस्क्यू किया इंडियन कोस्ट गार्ड ने दो अमेरिकी नागरिकों का रेस्क्यू किया, जो 'सी एंजेल' नाम की अमेरिकी झंडे वाली एक नौका में फंसे थे। यह नौका निकोबार द्वीप समूह से करीब 53 मील दक्षिण में समुद्र में फंसी हुई थी। चेन्नई स्थित अमेरिकी दूतावास के जरिए मदद का संदेश मिलने के बाद, भारतीय तटरक्षक पोत 'राजवीर' को तुरंत भेजा गया। खराब मौसम और ऊंची लहरों के बीच 'राजवीर' जहाज ने समय पर पहुंचकर दोनों नागरिकों को सुरक्षित बचा लिया। पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में TMC नेता की गोली मारकर हत्या पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में गुरुवार देर रात तृणमूल कांग्रेस (TMC) के भांगर ब्लॉक अध्यक्ष रज्जाक खान की बेरहमी से हत्या कर दी गई। वह रात करीब 10 बजे भांगर बाजार से अपने गांव मरीचा लौट रहे थे, तभी चालताबेरिया इलाके में नहर के पास हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, पहले खान पर गोलियां चलाई गईं और फिर धारदार हथियारों से हमला किया गया। वह बुरी तरह घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही काशीपुर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू की। घटना के तुरंत बाद टीएमसी विधायक शोउकत मोल्ला मौके पर पहुंचे। उन्होंने हत्या पर दुख जताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की।