मुजफ्फरनगर में कांवड़ियों का हंगामा, राहगीर को पीटा:मुस्लिम कारीगर ने 'ऑपरेशन सिंदूर' की कांवड़ बनाई; बाबा विश्वनाथ का ड्रोन VIDEO देखिए

मुजफ्फरनगर में कांवड़ियों का हंगामा, राहगीर को पीटा:मुस्लिम कारीगर ने 'ऑपरेशन सिंदूर' की कांवड़ बनाई; बाबा विश्वनाथ का ड्रोन VIDEO देखिए
आज सावन का पहला दिन है। काशी विश्वनाथ मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ इतनी है कि सिर्फ 1 सेकेंड के लिए ही भक्तों को बाबा के दर्शन मिल रहे हैं। कमिश्नर एस. राजलिंगम ने श्रद्धालुओं पर फूल बरसाए। बाबा विश्वनाथ मंदिर का ड्रोन वीडियो सामने आया है, जिसमें बाबा का भव्य दरबार दिखाई दे रहा है। मंदिर प्रशासन ने पूरे सावन भर काशी विश्वनाथ में वीआईपी दर्शन पर रोक लगा दी है। वहीं, गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में सीएम योगी ने हवन-पूजन के साथ रुद्राभिषेक किया। अयोध्या, लखनऊ और प्रयागराज के शिव मंदिरों में भी भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। 'हर-हर महादेव' के जयकारों से मंदिर परिसर गूंजते रहे। मेरठ में मुस्लिम कारीगर ने 'ऑपरेशन सिंदूर' की थीम पर कांवड़ बनाई। इसकी ऊंचाई 10 फीट और चौड़ाई 12 फीट है। कांवड़ में राफेल और अन्य लड़ाकू विमानों की तस्वीरें भी उकेरी हैं। कारीगर का कहना है- यह सिर्फ कांवड़ नहीं, आतंकवाद के खिलाफ हमारा गुस्सा है। बरेली के संवेदनशील इलाके जोगी नवादा में मुस्लिमों ने कांवड़ियों पर फूल वर्षा की। ये जत्था कछला के गंगा घाट से जल लेने के लिए रवाना हुआ था। इधर, मुजफ्फरनगर के शिव चौक पर कांवड़ियों ने जमकर हंगामा किया। दरअसल, दिल्ली के कांवड़िए की कांवड़ की बाइक से टकराकर खंडित हो गई। इससे कांवड़िए नाराज हो गए। बीच सड़क पर हंगामा कर दिया। बाइक में तोड़फोड़ की। राहगीर से मारपीट करने लगे। सूचना पर पहुंची नगर पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया और भीड़ को शांत कराया। उत्तराखंड में भी तीन जगहों पर कांवड़ियों ने वाहनों में तोड़फोड़ की। पहली घटना कोर कॉलेज के पास हुई। यहां एक कांवड़िए को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। इसके बाद उसके साथियों ने हंगामा शुरू कर दिया, वाहनों में तोड़फोड़ की। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद मामला सुलझाया और कांवड़ियों को आगे रवाना किया। दूसरी घटना पतंजलि योग पीठ के पास की है। यहां कांवड़ियों ने एक वाहन पर उनकी कांवड़ को खंडित करने का आरोप लगाते हुए तोड़फोड़ की। यहां भी काफी देर तक हंगामा चलता रहा। तीसरी घटना रुड़की के बेलड़ा गांव के पास हुई, जहां कांवड़ियों ने स्कॉर्पियो चालक पर कांवड़ खंडित करने का आरोप लगाया। कांवड़ियों ने स्कॉर्पियो सवार के साथ मारपीट की। राहगीरों ने बीच-बचाव कर उसे बचाया, लेकिन इसके बाद कांवड़ियों ने स्कॉर्पियो में तोड़फोड़ की। तस्वीरें देखिए- सावन के पहले दिन से जुड़े अपडेट्स के लिए ब्लॉग से गुजर जाइए---