भास्कर अपडेट्स:पक्षी टकराने के बाद एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट कैंसिल, विजयवाड़ा से बेंगलुरु जा रहा था प्लेन

भास्कर अपडेट्स:पक्षी टकराने के बाद एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट कैंसिल, विजयवाड़ा से बेंगलुरु जा रहा था प्लेन
एअर इंडिया एक्सप्रेस विमान की विजयवाड़ा से बेंगलुरु जाने वाली फ्लाइट को अचानक कैंसिल करना पड़ा। उड़ान भरने के लिए जब प्लेन रनवे पर टैक्सी कर रहा था, उसी वक्त एक पक्षी विमान से जा टकराया। इसके चलते फ्लाइट रद्द कर दी गई। एअरलाइन अधिकारी ने बताया- उड़ान भरने के लिए रनवे पर टैक्सी करते समय एक चील विमान के अगले हिस्से से टकरा गई थी, जिससे जांच के लिए फ्लाइट कैंसल कर दी गई। उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर दी गई है। आज की बाकी बड़ी खबरें... सुप्रीम कोर्ट ने कश्मीरी अलगाववादी नेता शब्बीर अहमद को टेरर फंडिग मामले में जमानत देने से इनकार किया सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को टेरर फंडिंग मामले में कश्मीरी अलगाववादी नेता शब्बीर अहमद शाह को अंतरिम जमानत देने से किया इनकार कर दिया। सुप्रीम कोर्ट ने शब्बीर अहमद शाह की जमानत न देने के हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ दायर याचिका पर NIA से जवाब मांगा है। शब्बीर पर आरोप है कि वह कई पाकिस्तानी संगठनों से जुड़े हैं। NIA ने 2019 में शब्बीर को गिरफ्तार किया था। दिल्ली हाईकोर्ट ने 12 जून, 2025 को उनकी जमानत याचिका को खारिज कर दिया था और 2023 के ट्रायल कोर्ट के आदेश को बरकरार रखा था। नागपुर में सोलर फैक्ट्री में धमाका, एक की मौत; 10 घायलों में दो की हालत गंभीर महाराष्ट्र के नागपुर स्थित बाजारगांव स्थित सोलर इंडस्ट्रीज में बुधवार रात धमाका हुआ। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और लगभग 10 लोग घायल हो गए। घायलों में से दो लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस और बचाव दल मौके पर मौजूद हैं। एक घायल कर्मचारी ने बताया कि घटना रात करीब 12-12:30 बजे हुई। जब हमने रिएक्टर से धुआं निकलते देखा तो हम सब बाहर आ गए। करीब 20-25 मिनट तक लगातार धुआं निकलने के बाद एक धमाका हुआ। पत्थर उड़ कर लगने से करीब 40-50 लोग घायल हो गए। झारखंड के पलामू में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी की मौत, एक घायल झारखंड के पलामू जिले के केदल जंगल में बुधवार देर रात पुलिस और TSPC नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई है। पुलिसकर्मियों की पहचान संतन मेहता और सुनील राम के रूप में हुई है। मुठभेड़ में एक अन्य पुलिसकर्मी रोहित कुमार घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि उन्हें केदल जंगल में नक्सलियों के होने की सूचना मिली थी। वे किसी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। इसके बाद पुलिस ने स्पेशल ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस को देखते ही नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है। पूरी खबर पढ़ें... गैंगस्टर अरुण गवली 17 साल बाद जेल से बाहर आए; 2007 के मर्डर केस में 2012 में उम्रकैद की सजा मिली थी गैंगस्टर से नेता बने अरुण गवली उर्फ 'डैडी' बुधवार को नागपुर सेंट्रल जेल से बाहर आ गए। वे पिछले 17 साल से जेल में थे। शिवसेना पार्षद कमलाकर जमसंदेकर की हत्या के मामले में उन्हें उम्रकैद की सजा मिली थी। सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद वे दोपहर करीब 12.30 बजे जेल से बाहर निकले। जेल से बाहर आने के बाद गवली नागपुर एयरपोर्ट पर नजर आए। टीवी एक्टर आशीष कपूर दुष्कर्म के आरोप में पुणे में गिरफ्तार टीवी एक्टर आशीष कपूर को दिल्ली पुलिस ने पुणे से गिरफ्तार किया है। एक महिला ने उन पर दिल्ली में एक हाउस पार्टी के दौरान दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीड़िता और कपूर की पहचान सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। महिला ने शिकायत में कहा है कि दिल्ली में एक पार्टी के दौरान कपूर ने दुष्कर्म किया। कपूर ‘कुर्बान’, ‘टेबल नंबर 21’, ‘इनकार’ जैसी फिल्मों में काम कर चुके हैं। सीरियल ‘देखा एक ख्वाब’ में भी काम किया।