भास्कर अपडेट्स:उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में यात्री वाहन नदी में गिरा, 8 की मौत

भास्कर अपडेट्स:उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में यात्री वाहन नदी में गिरा, 8 की मौत
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में मुवानी क्षेत्र में मंगलवार को यात्री वाहन नदी में गिरने से 8 लोगों की मौत हो गई। 5 लोग घायल भी हैं। पुलिस और रेस्क्यू टीमें मौके पर हैं। आज की अन्य बड़ी खबरें... दिल्ली की अदालत ने सांसद इंजीनियर राशिद के पार्लियामेंट सेशन में उपस्थित रहने वाली याचिका पर फैसला सुरक्षित रखा दिल्ली की कोर्ट ने मंगलवार को लोकसभा सांसद इंजीनियर राशिद की 21 जुलाई से शुरू हो रहे संसद के मानसून सत्र में उपस्थित होने की याचिका पर अपना फैसला सुरक्षित रखा है। एडिशनल सेशन जज चंद्रजीत सिंह ने बारामूला सीट से सांसद राशिद की अंतरिम जमानत या हिरासत पैरोल की मांग पर फैसला सुरक्षित रखा। शशिकांत शिंदे बने NCP (शरद गुट) के नए प्रदेश अध्यक्ष राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) पार्टी में जयंत पाटिल के इस्तीफे के बाद शशिकांत शिंदे को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार ने उनके नाम की घोषणा की। सोमवार को मुंबई के वाईबी चव्हाण सेंटर में पार्टी की महाधिवेशन बैठक के दौरान यह फैसला लिया गया। पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख ने शशिकांत शिंदे के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से पास किया गया। क्रिकेटर यश दयाल की गिरफ्तारी पर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने रोक लगाई, यौन शोषण का आरोप है क्रिकेटर यश दयाल की गिरफ्तारी पर मंगलवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने रोक लगाई। कोर्ट ने कहा- आपको एक दिन, दो दिन के लिए मूर्ख बनाया जा सकता था। मगर 5 साल के रिश्ते में किसी को मूर्ख नहीं बनाया जा सकता। अपने ऊपर दर्ज यौन उत्पीड़न की एफआईआर के खिलाफ यश दयाल ने याचिका दाखिल की थी। जस्टिस सिद्धार्थ वर्मा और जस्टिस की बेंच ने सुनवाई की। कोर्ट ने यश दयाल के विपक्षी पार्टी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। क्रिकेटर पर एक युवती ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, दोनों की मुलाकात लगभग पांच साल पहले हुई थी। पुणे पोर्श केस- जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड ने आरोपी को वयस्क मानने से किया इनकार, पुलिस की याचिका खारिज किशोर न्याय बोर्ड ने मंगलवार को पुणे पुलिस की उस याचिका को खारिज कर दिया जिसमें मांग की गई थी कि पिछले साल नशे में पोर्श कार चलाने और दो लोगों को कुचलने के आरोपी 17 साल के लड़के को मामले की सुनवाई के दौरान वयस्क माना जाए। यह घटना, जिसने देशभर में सुर्खियां बटोरीं, पिछले साल 19 मई को पुणे के कल्याणी नगर इलाके में हुई थी, जिसमें मोटरसाइकिल सवार आईटी पेशेवर अनीश अवधिया और उनकी दोस्त अश्विनी कोस्टा की मौत हो गई थी। पुणे पुलिस ने पिछले साल आरोपी पर वयस्क की तरह मुकदमा चलाने की मांग करते हुए कहा था कि उसने एक जघन्य अपराध किया है, क्योंकि उसने न केवल दो लोगों को कुचलकर मार डाला था, बल्कि सबूतों से छेड़छाड़ करने की भी कोशिश की थी। बचाव पक्ष के वकील प्रशांत पाटिल के अनुसार, मंगलवार को किशोर न्याय बोर्ड ने आरोपी लड़के को वयस्क मानने की पुलिस की याचिका को खारिज कर दिया। PM-RSS पर आपत्तिजनक कार्टून बनाने वाले को सुरक्षा; सुप्रीम कोर्ट बोला- लोग किसी को कुछ भी कह देते हैं, हमें कुछ करना होगा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और RSS कार्यकर्ताओं पर आपत्तिजनक कंटेंट ऑनलाइन शेयर करने के आरोपी कार्टूनिस्ट को सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को सजा से सुरक्षा दे दी। अदालत ने सोशल मीडिया पर बढ़ती आपत्तिजनक पोस्ट पर भी चिंता जताई और इसपर अंकुश लगाने के लिए आदेश देने की जरूरत भी बताई। जस्टिस सुधांशु धूलिया और जस्टिस अरविंद कुमार की बेंच ने कहा कि लोग किसी को भी, कुछ भी कह देते हैं, हमें इस बारे में कुछ करना होगा। कोर्ट ने कार्टूनिस्ट हेमंत मालवीय को मध्य प्रदेश में दर्ज FIR के मद्देनजर राज्य की दंडात्मक कार्रवाई से सुरक्षा प्रदान की, जब उनकी वकील वृंदा ग्रोवर ने आश्वासन दिया कि वे माफी मांग लेंगे। हालांकि कोर्ट ने चेतावनी दी कि अगर कार्टूनिस्ट सोशल मीडिया पर कोई भी आपत्तिजनक पोस्ट शेयर करना जारी रखते हैं, तो राज्य कानून के तहत उनके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए स्वतंत्र है। दिल्ली के द्वारका में सेंट स्टीफंस कॉलेज में बम की धमकी दिल्ली के द्वारका में सेंट स्टीफंस कॉलेज को सुबह 11 बजे ईमेल के जरिए बम की धमकी दी गई। मेल में कहा गया है कि कॉलेज की लाइब्रेरी में बम रखा गया है। पुलिस, साइबर क्राइम टीम और बम डिटेक्शन टीम डॉग स्क्वॉड के साथ मौके पर पहुंचीं। जांच में अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। मुंबई में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज को बम से उड़ाने की धमकी बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज को बम से उड़ाने की धमकी भरा एक ईमेल मिला। पुलिस मौके पर पहुंची, जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। धमकी भरा ईमेल कॉमरेड पिनाराई विजयन नाम की एक ईमेल आईडी से आया था। ईमेल में लिखा कि बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज की टावर बिल्डिंग में 4 आरडीएक्स आईईडी बम रखे गए हैं और दोपहर 3 बजे विस्फोट हो जाएगा। दिल्ली में इंटरनेट पोस्ट को लेकर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की पिटाई, केस दर्ज दिल्ली पुलिस ने बताया कि पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में एक इंटरनेट पोस्ट को लेकर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की लोगों ने पिटाई कर दी। डिप्टी पुलिस कमिश्नर (पश्चिम) विचित्र वीर ने बताया कि पीड़ित की पहचान दीपक शर्मा के रूप में हुई है। हमलावरों की पहचान प्रदीप ढाका और उसके दोस्तों के रूप में हुई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि शर्मा और ढाका दोनों ही सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर होने का दावा करते हैं। तिलक नगर के मॉल रोड पर एक सभा में शामिल होने आए थे। कुछ सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। मुंबई एयरपोर्ट पर 62 करोड़ की कोकीन के साथ महिला गिरफ्तार मुंबई एयरपोर्ट पर सोमवार को राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने एक महिला यात्री को 62.6 करोड़ रुपए की कोकीन के साथ गिरफ्तार किया। महिला ने 300 कैप्सूल में 6 किलोग्राम से अधिक कोकीन को छिपा रखा था। एक अधिकारी ने बताया कि ये कैप्सूल ओरियो बिस्कुट के छह डिब्बों और चॉकलेट के तीन डिब्बों में भरे हुए थे। महिला यात्री दोहा से मुंबई पहुंची थी। उसे नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे पहले रविवार को DRI ने 43 साल की केन्याई महिला को पेट में कोकीन की तस्करी के आरोप में एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था। खुफिया जानकारी के आधार पर, DRI के अधिकारियों ने उसे एयरपोर्ट पर पकड़ा था। फिर उसे जेजे अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के दौरान उसके पेट से 665.5 ग्राम कोकीन के छह कैप्सूल बरामद किए गए। तिहाड़ जेल के अस्पताल में कैदी ने आत्महत्या की, खिड़की से झूलकर फांसी लगाई दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद एक विचाराधीन कैदी ने जेल अस्पताल की खिड़की से फांसी लगा ली। एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि कैदी रमेश कर्माकर जेल नंबर 4 में बंद था। 28 मई से जेल नंबर 3 स्थित जेल अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। रविवार देर रात उसे फांसी पर लटका पाया गया। यह घटना तब सामने आई जब सोमवार सुबह कर्मचारियों ने उसका शव देखा। मामले की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए गए हैं।