भाजपा सांसद बोले- डिलीवरी डेट बताओ, पहले ही उठवा लेंगे:सीधी में गर्भवतियों ने मांगी थी सड़क; PWD मंत्री ने कहा- क्या डंपर लेकर पहुंच जाएं

भाजपा सांसद बोले- डिलीवरी डेट बताओ, पहले ही उठवा लेंगे:सीधी में गर्भवतियों ने मांगी थी सड़क; PWD मंत्री ने कहा- क्या डंपर लेकर पहुंच जाएं
मध्यप्रदेश के सीधी जिले में खराब सड़क को लेकर 8 गर्भवती महिलाओं के मोर्चा खोलने पर भाजपा सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने जवाब दिया है। उन्होंने इनकी अगुआई कर रही बघेली सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर लीला साहू से कहा कि हर डिलीवरी की एक्सपेक्टेड डेट होती है। उसके एक हफ्ते पहले ही उठवा लेंगे। इधर, PWD मंत्री ने इस मामले पर कहा कि सोशल मीडिया पर किसी ने एक पोस्ट डाल दी तो क्या हम सड़क बनाने के लिए डंपर लेकर वहां पहुंच जाएंगे। सीमेंट कांक्रीट का प्लांट लेकर पहुंच जाएंगे। ये संभव नहीं है। बता दें कि 9 माह की गर्भवती लीला साहू ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर अपने गांव की कच्ची और कीचड़ भरी सड़कों की समस्या उठाई थी। उन्होंने बताया कि खराब सड़क के कारण अस्पताल जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लीला एक साल से गांव में पक्की सड़क की मांग कर रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मदद की गुहार लगाई। सांसद बोले- उनकी इच्छा, अस्पताल में भर्ती हो जाएं भाजपा सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने लीला साहू से कहा कि उनकी इच्छा है तो आकर भर्ती हो जाएं। हम सब सुविधा देंगे। हमारी सरकार भोजन, पानी भी देती है। सब कुछ कराती है। मैं समझता हूं। इसे सामने रखकर बात करना...कोई उचित बात नहीं है। कई रोड 10 साल से बन रही हैं। कहीं-कहीं फॉरेस्ट की आपत्ति की कारण काम रुका है। दरअसल, खड्‌डी खुर्द ग्राम पंचायत की चर्चित यू-ट्यूबर लीला साहू के बयान को लेकर उनसे पत्रकारों ने सवाल किया था। इसके बाद उन्होंने यह जवाब दिया। गर्भवतियों की डिलीवरी की व्यवस्था करेंगे भाजपा सांसद डॉ. मिश्रा ने कहा कि उस गांव की जो सड़क है जो चुरहट और धौनी विधानसभा को जोड़ती है। हम लोगों को मालूम है, उसके लिए क्या कर रहे हैं। रही बात डिलीवरी की तो उस गांव में बहुत सारी महिलाएं होंगी, जिनकी डिलीवरी भी हुई होगी। आज तक ऐसी घटना हुई क्या? मोहन यादव की सरकार है मध्यप्रदेश में। आज जरूरत पड़े तो मरीज को हेलिकॉप्टर, हवाई जहाज से भी उड़ाकर ले जाते हैं और इलाज कराते हैं। हमारे पास एंबुलेंस हैं। हमारे पास सुविधाएं हैं। वहां पर आशा कार्यकताएं हैं। हम व्यवस्था करेंगे, उसके लिए। उसमें क्या चिंता की बात है। मैं सड़क नहीं बनाता, इंजीनियर बनाता है उन्होंने कहा कि किसी को सोशल मीडिया में छाना है तो आप कुछ भी कर सकते हैं। हर गांव में ऐसा होगा। सड़क मैं नहीं बनाता हूं। सड़क इंजीनियर बनाता है। उसका सर्वे होता है। कोई ठेकेदार बनाता है। DPR होता है। उसके बहुत सारे प्रोजेक्ट होते हैं। वैसे भी दो-तीन साल लगता है। वह सड़क जो आप कह रहे हैं, उसके लिए हमारा डे टु डे ...कि अगर बनेगी तो किस दिन निविदा निकलेगी। हमारे जो प्रधानमंत्री सड़क योजना के इंजीनियर हैं। उन्होंने प्रेस विज्ञप्ति भी जारी की होगी। वह आपके पास भी गई होगी। PWD मंत्री राकेश सिंह ने ये कहा PWD कौनसी सड़क बनाएगा, इसकी एक प्रक्रिया मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि सीधी में एक लीला साहू हैं, तो सोशल मीडिया पर डिमांड आ गई। ऐसे तो ना जाने कितने लोग हैं, जिनकी डिमांड है तो आपको क्या लगता है? PWD का बजट इतना होता है? या किसी भी विभाग के पास इतना पैसा होता है? किसी ने एक पोस्ट किसी जगह पर डाल दी और हम सड़क बनाने पहुंच जाएंगे। PWD कौन-सी सड़क बनाएगा, कौन-सी नहीं बनाएगा यह प्रक्रिया भी संविधान के तहत, कानून के तहत तय हुई है। लोगों को कठिनाइयां, हर विभाग की अपनी सीमाएं मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि राज्यों ने उस पर भी चीजें तय कर रखी है कि अगर वह ग्रामीण क्षेत्र है तो कौन सड़क बनाएगा? ऐसे अलग-अलग चीजें हैं। मैं इससे इनकार नहीं करता कि लोगों को कठिनाइयां नहीं हैं। कठिनाइयां लोगों को होंगी, लेकिन तब भी विभाग की अपनी सीमाएं होती हैं। पहले की तुलना में अगर बजट में कमी हो तो आपका कहना का अधिकार है। बजट में भी कमी नहीं है डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में। सड़कों की लंबाइयां भी हम लगातार बढ़ाते जा रहे हैं। प्रधानमंत्री गति शक्ति के साथ उसे जोड़ रहे हैं। आने वाले समय में हमारी बड़ी योजनाएं हैं। ये खबर भी पढ़ें... खराब सड़क के खिलाफ 8 गर्भवती महिलाओं ने खोला मोर्चा:सीधी की लीला साहू कर रहीं अगुआई मध्यप्रदेश के सीधी जिले के खड्‌डी खुर्द गांव की 8 गर्भवती महिलाओं ने खराब सड़क के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इनकी अगुआई कर रही है बघेली सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर लीला साहू, जो खुद भी प्रेग्नेंट है। दरअसल, इस गांव की खराब सड़क को लेकर लीला साहू ने पिछले साल भी आवाज उठाई थी। पूरी खबर पढ़ें...