बिहार- स्क्रैप कारोबारी मर्डर में 'AK-47 गैंग' का कनेक्शन:मुजफ्फरपुर में जमीन के लिए मारी गोली; भीड़ ने आरोपी के घर के बाहर गाड़ियां फूंकीं
मुजफ्फरपुर में बुधवार रात 5 कट्ठा (20 कट्ठा=1 बीघा) जमीन के विवाद में स्क्रैप कारोबारी मोहम्मद गुलाब की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वे बुधवार रात 8 बजे दुकान बंद करके बाहर बैठे थे। तभी बदमाश आए और सिर में गोली मारकर भाग निकले। आनन-फानन में परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मौत के बाद परिजन और समर्थक आक्रोशित हो गए। मुख्य आरोपी पंचायत समिति सदस्य मो. तुफैल अहमद के घर के बाहर खड़ी 2 गाड़ियों में आग लगा दी। हंगामे की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। इस दौरान परिजन की पुलिस से भी बहस हो गई। बाद में मौके से प्रदर्शनकारियों को खदेड़ दिया। घटना सदर थाना क्षेत्र के मंझौलिया की है। हत्या के बाद गांव में तनाव का माहौल है। मृतक के घर से आरोपी के घर की दूरी सिर्फ 100 मीटर है। सुरक्षा के लिए गांव में पुलिस की तैनाती की गई है। मर्डर केस में जेल जा चुका है मुख्य आरोपी स्क्रैप कारोबारी मो. गुलाब भी जमीन के कारोबार से जुड़ा था। इलाके में तुफैल अहमद की दबंग छवि है। गिरफ्तारी के लिए पटना, दरभंगा में छापेमारी की जा रही है। हत्या, आर्म्स एक्ट समेत 6 मामले दर्ज है। जबरन जमीन पर कब्जा करने का भी आरोप है। मर्डर केस में जेल भी जा चुका है। तुफैल का भतीजा छोटू और इम्तियाज कुख्यात अपराधी माही यादव गैंग से जुड़ा हुआ है। 2023 में AK-47 के कारतूस के साथ माही यादव की गिरफ्तारी पूर्णिया से हुई थी। छोटू और इम्तियाज गैंग के लिए लूट, शराब तस्करी और लाइनर का काम करता है। लूट मामले में दोनों जेल भी जा चुके हैं। माही यादव की गैंग को 'AK-47 गैंग' भी कहा जाता है। इम्तियाज ने फोन करके बुलाया था मृतक मोहम्मद गुलाब के भाई मो.जसीम ने बताया, 'बुधवार शाम 7 बजे इम्तियाज ने भैया को फोन करके दुकान पर बुलाया था। इम्तियाज, तुफैल का भतीजा है। वारदात के समय इम्तियाज किसी से फोन पर बातचीत कर रहा था। वो काफी टेंशन में था।' इसी बीच तुफैल अपने दो सहयोगियों के साथ पहुंचा और गोली मार दी। आसपास मौजूद लोगों ने उसे पहचान लिया। उसके दो सहयोगियों को नहीं पहचान पाए। हम लोगों ने किसी की गाड़ी नहीं जलाई। उसने अपने लोगों से ही गाड़ी जलवाई है। फंसाने के लिए साजिश रच रहा है। मंझौलिया में 5 कट्ठा पांच धुर (20 धुर=1 कट्ठा) जमीन मेरे दादा के नाम पर है। इसमें 15 धुर जमीन पर तुफैल ने कब्जा कर लिया है। इसको लेकर कई बार विवाद और मारपीट हो चुका है। दो महीने पहले मंझौलिया टावर के पास 10 धुर जमीन को लेकर भी विवाद हुआ था। सदर थाना पर शिकायत करने भी पहुंचे थे, लेकिन अपनी पहुंच और पावर के चलते तुफैल ने पुलिस से धक्का दिलवाकर थाने से भगा दिया। कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई। तुफैल, उसका बड़ा भाई कफील अहमद उर्फ बादल दबंग है। इलाके में गरीबों का जमीन कब्जा किए हुए है। जमीन की खरीद-बिक्री से अकूत संपत्ति अर्जित की है। उसके डर से कोई थाने में शिकायत नहीं करता। पुलिस भी उससे मिली हुई है।' कुख्यात गैंगस्टर से है संबंध ग्रामीणों ने बताया कि तुफैल का भतीजा छोटू और इम्तियाज कुख्यात अपराधी माही यादव गैंग से जुड़ा हुआ है। पहले भी जेल जा चुका है। आशंका जताई जा रही है कि इस हत्याकांड में माही यादव भी शामिल है। हालांकि, इसकी अभी पुष्टि नहीं है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच पड़ताल कर रही है। माही यादव गैंग का कनेक्शन नेपाल तक है। इस पर बैंक लूटकांड , कैश वैन से लूट, मुखिया हत्याकांड समेत 12 से ज्यादा केस दर्ज है। 8 जुलाई 2023 को पूर्णिया के कुख्यात अपराधी अनिकेत कुमार सिंह उर्फ बिट्टू सिंह के घर से गिरफ्तारी हुई थी। मौके से दो पिस्टल, एक राइफल, 24 कारतूस और एके-47 की कई राउंड गोलियां बरामद हुई थी। माही यादव पर मुजफ्फरपुर के सरैया थाना क्षेत्र में सीएमएस कंपनी के कैश वैन से 52 लाख रुपए की लूट और सुमेरा के मुखिया पति मो. आलीशान की हत्या का भी आरोप है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी SSP सुशील कुमार ने बताया कि 'जांच के लिए एक टीम का गठन किया गया है। आरोपियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। मानवीय और तकनीकी तरीके से साक्ष्य एकत्रित किया जा रहा है। पटना, दरभंगा और आसपास के जिले में भी छापेमारी की जा रही है।' पांच भाइयों में तीसरे नंबर था गुलाब पांच भाइयों में मो. गुलाब तीसरे नंबर पर था। बड़ा भाई मो.फूल राज मिस्त्री का काम करता है। दूसरा भाई मो. सोहेब मजदूरी करता है। चौथा भाई मो.फिरोज गोबरसही में किराना दुकान चलाता है। सबसे छोटा भाई जावेद फल का दुकान चलता है। गुलाब को दो बेटा और एक बेटी है। सबसे बड़ा बेटा सरफराज (14), मो.आशिक राजा (13) और बेटी रानी प्रवीण (12) है। ------------------------------- ये खबर भी पढ़िए.... गैंगस्टर हत्याकांड- पूछताछ में फूट-फूटकर रोया तौसीफ:जुए में 20 लाख हारने पर मर्डर की सुपारी ली; हॉस्पिटल में चंदन मिश्रा के कमरे का रास्ता भूला गैंगस्टर चंदन मिश्रा हत्याकांड में पटना पुलिस ने मंगलवार को बेऊर जेल से तौसीफ उर्फ बादशाह को रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ कर रही है। बुधवार को भी पुलिस ने तौसीफ से चंदन हत्याकांड से जुड़े कई सवाल पूछे। तौसीफ सवालों का जवाब देने के दौरान कई बार फूट-फूटकर रोने लगा। पुलिस सूत्रों की माने तो अब तक की पूछताछ में तौसीफ ने बताया कि, वो ऑनलाइन जुए में 20 लाख रुपए हार चुका था। इसलिए वो मर्डर करने को तैयार हो गया। पूरी खबर पढ़िए
Admin