फरीदाबाद में AC फटा, दंपती-बेटी की मौत:बेटा खिड़की से कूदा, हाथ-पैर टूटे; आग का धुआं घर में घुसने से दम घुटा
हरियाणा के फरीदाबाद में सोमवार को 4 मंजिला घर में AC का कंप्रेसर फट गया। इससे पहली मंजिल में आग लग गई। इसका धुआं दूसरी मंजिल में घुस गया। इसके कारण माता-पिता और उनकी बेटी की मौत हो गई, जबकि बेटे ने खिड़की से कूदकर जान बचाई। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए बीके अस्पताल भिजवा दिया है। मामला ग्रीनफील्ड कॉलोनी में सामने आया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल के मुताबिक सचिन कपूर (50) अपने परिवार के साथ मकान की दूसरे मंजिल में किराए पर रहते थे। जबकि पहली मंजिल में मकान मालिक रहते हैं। पुलिस के मुताबिक सोमवर सुबह करीब 3 बजे मालिक के AC में शॉट सर्किट हो गया और कंप्रेसर फट गया। इससे मकान के एक हिस्से में आग लग गई। इसका धुआं दूसरी मंजिल में घुस गया। बेटे ने खिड़की से कूदकर बचाई जान
मकान के अंदर सचिन कपूर, उनकी पत्नी रिंकू कपूर (48), बेटी सुजान (13) और बेटा आर्यन (24) सो रहे थे। धुएं से उनका दम घुटने लगा और घबराहट में सभी लोग छत की ओर भागे। लेकिन छत का गेट बंद होने के कारण वे वहां से नहीं निकल पाए और वापस कमरे में लौट आए। इसी दौरान सचिन, रिंकू और सुजान बेहोश हो गए। जबकि आर्यन किसी तरह हिम्मत करके खिड़की से कूद गया। नीचे गिरने पर उसके हाथ-पैर में चोटें आईं। पड़ोसियों ने उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया। आग लगने की सूचना चौथी मंजिल पर रह रहे परिवार ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी थी। फायर ब्रिगेड की 2 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं थी। मामले की जांच कर रही पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने में जुट गई। पहली मंजिल से अचेत अवस्था में मिले सचिन कपूर, उनकी पत्नी रिंकू और बेटी सुजान को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। 5 साल से ग्रीनफील्ड कॉलोनी में रह रहा था परिवार
सचिन कपूर पिछले 5 साल से ग्रीनफील्ड कॉलोनी के हाउस नंबर 787 डी ब्लॉक में रेंट पर परिवार के साथ रहते थे। वह घर से ही स्टॉक ट्रेडर्स का काम करते थे। इन्होंने तीसरी मंजिल पर ऑफिस बनाया हुआ है। बेटा देहरादून में करता है पढ़ाई
सचिन की बेटी सुजान शिव नादर स्कूल सेक्टर 82 में पढ़ती थी। वहीं बेटा आर्यन देहरादून में पढ़ाई करता है। बाढ़ और बारिश से वहां पर हालत खराब होने की वजह से वह परिवार के साथ रह रहा था।
Admin