पहले कीटनाशक खाया फिर कट्टे से खुद को मारी गोली:मुरैना में युवक ने की आत्महत्या, शादी न होने से था परेशान; अलग रहने लगा था
मुरैना के सराय छोला थाना क्षेत्र के कैमरा गांव में शुक्रवार रात एक युवक ने आत्महत्या कर ली। युवक ने पहले कीटनाशक दवा पी और फिर घर में रखे कट्टे से खुद को गोली मार ली। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पीएम के लिए भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक, कैमरा गांव निवासी साहब सिंह गुर्जर (35) ने ‘हैप्पी’ नाम की कीटनाशक दवा पी, जिससे उल्टियां होने लगीं। जब दर्द असहनीय हुआ, तो साहब सिंह ने घर में रखे कट्टे से अपनी छाती में गोली मार ली। गोली लगते ही मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस, शव भेजा पीएम हाउस
घटना की सूचना पर सराय छोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। रात करीब 11 बजे शव को मुरैना जिला अस्पताल के पीएम हाउस लाया गया, जहां शनिवार सुबह पोस्टमार्टम कराया गया। शादी न होने से था मानसिक रूप से परेशान
परिजनों और ग्रामीणों के मुताबिक साहब सिंह की अब तक शादी नहीं हुई थी और इसी बात को लेकर वह अक्सर चिंतित रहता था। वह अक्सर मंदिर या रिश्तेदारों के यहां समय बिताता था। चार दिन पहले ही वह गांव लौटा था और घटना के वक्त घर पर अकेला था। अलग रहता था, पर मनोस्थिति कभी उजागर नहीं की
ग्रामीणों का कहना है कि साहब सिंह का स्वभाव कुछ समय से अलग-थलग रहने का हो गया था। हालांकि उसने कभी मानसिक परेशानी खुलकर जाहिर नहीं की थी। पुलिस ने शुरू की जांच, कट्टे की भी जांच होगी
सराय छोला थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कट्टा कहां से आया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल कॉल डिटेल की जांच के बाद आत्महत्या के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
Admin