पंचकूला में तेंदुए का शावक मिला, VIDEO:कुत्तों ने किया हमला, लोगों ने बचाया; वन विभाग को सौंपा, मादा तेंदुआ की तलाश जारी

पंचकूला में तेंदुए का शावक मिला, VIDEO:कुत्तों ने किया हमला, लोगों ने बचाया; वन विभाग को सौंपा, मादा तेंदुआ की तलाश जारी
पंचकूला जिले के पिंजौर में शिवलोक मंदिर के पास एक तेंदुए का शावक दिखाई दिया। शावक को कुछ कुत्ते नोच रहे थे, जिसे देख वहां मौजूद लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए कुत्तों के झुंड को भगा दिया। तेंदुए के शावक को देखकर लोग घबरा गए, लेकिन तुरंत वन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शावक को सुरक्षित रेस्क्यू कर पिंजौर गार्डन में पहुंचाया गया। शावक मिलने के बाद वन विभाग ने पूरे पिंजौर इलाके में अलर्ट जारी कर दिया है। मां के साथ पानी पीने के लिए आया शावक वन्यजीव विभाग के इंस्पेक्टर सुरजीत (पंचकूला) ने बताया कि वन विभाग की टीम ने पहुंचकर तेंदुए के बच्चे को सकुशल रेस्क्यू कर लिया है। वन्य अधिकारी के अनुसार यह बच्चा संभवत: अपनी मां और दूसरे बच्चे के साथ पानी पीने नदी किनारे आया होगा और वहां से भटक गया। वन्य अधिकारी की मानें तो आमतौर पर मादा तेंदुआ दो बच्चे देती हैं, इसलिए संभावना है कि एक और शावक और उसकी मां आसपास ही कहीं और मौजूद हो। सर्च ऑपरेशन शुरू किया चूंकि मादा तेंदुआ और दूसरे बच्चे की तलाश में वन विभाग की टीम अब आसपास के इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही है, ताकि किसी अन्य तेंदुए के बच्चे की उपस्थिति की पुष्टि की जा सके। इस घटनाक्रम के चलते पिंजौर क्षेत्र में वन्यजीवों की सक्रियता को लेकर लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। लोगों को कहा गया है कि जंगल और नदी के आसपास के एरिया से औरतों और बच्चों को दूर ही रखा जाए।