नितेश राणे बोले-मदरसों में उर्दू की जगह मराठी पढ़ाई जाए:मुसलमानों को अजान भी मराठी में देनी चाहिए; AIMIM ने कहा-भाजपा नेता नफरत फैला रहे

नितेश राणे बोले-मदरसों में उर्दू की जगह मराठी पढ़ाई जाए:मुसलमानों को अजान भी मराठी में देनी चाहिए; AIMIM ने कहा-भाजपा नेता नफरत फैला रहे
महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे ने कहा कि मदरसों में उर्दू की जगह मराठी पढ़ाई जानी चाहिए और मुसलमानों को अजान मराठी में देनी चाहिए। राणे ने यह बयान कांग्रेस के मुंबई के कुछ इलाकों में मराठी पाठशालाएं शुरू करने पर पूछे गए सवाल के जवाब में दिया। राणे ने बुधवार को कहा कि, 'कांग्रेस को मराठी स्कूल चलाने की जरूरत क्यों है? विपक्ष को मुसलमानों से कहना चाहिए कि अजान मराठी में दी जाए। हमारे मंदिरों के बाहर 'जय श्रीराम' के नारे लगते हैं, लेकिन दुकानों के अंदर 'अब्दुल' बैठा है।' राणे के इस बयान के बाद विपक्षी दलों ने विरोध जताया है। AIMIM नेता वारिस पठान ने कहा कि बीजेपी नेता धर्म और भाषा के नाम पर नफरत फैला रहे हैं। मुख्यमंत्री को ऐसे नेताओं पर रोक लगानी चाहिए। कांग्रेस बोली-धर्म और भाषा दो अलग चीजें हैं कांग्रेस नेता अमीन पटेल ने कहा कि मदरसों में पहले से ही हिंदी और अंग्रेजी पढ़ाई जाती है, और कुछ संस्थानों में मराठी भी सिखाई जाती है। उन्होंने कहा, 'अजान अरबी में दी जाती है, धर्म और भाषा दो अलग चीजें हैं।' महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सापकाल ने कहा, 'हम हिंदी के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन जबरदस्ती तीसरी भाषा थोपने के खिलाफ हैं। हम मारपीट नहीं करेंगे, बल्कि मराठी सिखाएंगे।” 11 जुलाईः राणे बोले-मुझे गोल टोपी-दाढ़ी वालों ने वोट नहीं दिया, वे हरे सांप भाजपा नेता और महाराष्ट्र सरकार के मंत्री नितेश राणे ने कहा था, 'मैं हिंदुओं के वोट से विधायक बना हूं। गोल टोपी और दाढ़ी वालों ने उन्हें वोट नहीं दिया। इसलिए अगर मैं हिंदुओं का समर्थन नहीं करेंगे, तो क्या उर्दू बोलने वालों का समर्थन करूंगा। वे हरे सांप हैं। मुंबई का DNA हिंदू है।' राणे 11 जुलाई को मुंबई में महाराष्ट्र मैरीटाइम बोर्ड की ₹33.94 करोड़ के प्रोजेक्ट बोरीवली रो-रो जेट्टी फेज-1 का शिलान्यास करने गए थे, जहां उन्होंने यह बयान दिया। राणे की यह टिप्पणी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) नेता जावेद शेख के बेटे की मराठी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर राजश्री मोरे के साथ दुर्व्यवहार और मराठी भाषा को लेकर चल रहे विवाद के कुछ दिनों बाद आई है। राणे का दावा- मनसे गरीब हिंदुओं को निशाना बनाती है नितेश राणे ने मनसे पार्टी पर निष्क्रियता का आरोप लगाया था। मनसे पार्टी चुनिंदा रूप से केवल गरीब हिंदुओं को निशाना बनाती है। राणे ने कहा- उसका नाम राहिल शेख है, और वे उसका वीडियो जारी नहीं करेंगे। वे सिर्फ गरीब हिंदुओं को निशाना बनाएंगे क्योंकि उन्होंने इस हिंदू राष्ट्र को बांटने, जिहादियों को खुश करने का ठेका ले रखा है। वे जो नियम हिंदुओं पर थोपते हैं, वही नियम शेख पर कब थोपेंगे? यह हमारा शुरू से सवाल रहा है। यह साफ तौर पर राजनीति है। वे शेख पर कोई कार्रवाई नहीं करेंगे। मोहम्मद अली रोड और बेहरामपाड़ा में घूमते समय उनके सुर नरम पड़ जाते हैं। -------------------------- राणे से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें... भाजपा सांसद का मंत्री बेटे के बयान से किनारा, नितेश राणे ने कहा था- देवेंद्र फडणवीस सबके बाप; पिता बोले- महाराष्ट्र CM लोगों के सेवक पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद नारायण राणे ने पिछले महीने अपने बेटे और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नितेश राणे के बयान से किनारा कर लिया था। दरअसल, नितेश राणे ने 7 जून को कहा था कि देवेंद्र फडणवीस महाराष्ट्र में सबके बाप हैं। नारायण राणे ने बेटे के बयान को गलत बताया और कहा कि फडणवीस जनता के सेवक हैं। नारायण राणे ने कहा, 'नितेश ने जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया, वह गलत था। उन्हें बाप शब्द का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए था। मैंने उन्हें समझा दिया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री किसी के पिता नहीं, बल्कि लोगों के सेवक हैं। इसको लेकर अब कोई विवाद नहीं है।' पढ़ें पूरी खबर...