जींद के युवक की अमेरिका में गोली मारकर हत्या:टोकने से गुस्साया अमेरिकी नागरिक; ₹45 लाख खर्च डंकी रूट से गया, इकलौता बेटा था
हरियाणा के जींद के 26 वर्षीय युवक की अमेरिका में गोली मार कर हत्या कर दी गई। मामला सिर्फ इतना था कि सड़क किनारे पेशाब कर रहे एक अमेरिकी को उसने टोक दिया। इससे गुस्साए अमेरिकी ने पिस्टल निकाल ली और उस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इससे युवक लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना भारतीय समयानुसार शनिवार की रात की है। मृतक की पहचान 26 वर्षीय कपिल निवासी गांव बराह कलां, जिला जींद के रूप में हुई। परिजनों के मुताबिक, युवक अपने परिवार का इकलौता बेटा था। वह ढाई साल पहले 45 लाख रुपए खर्च कर डंकी रूट के रास्ते अमेरिका गया था। यहां सिलसिलेवार ढंग से जानिए पूरा मामला... 15 दिन लग सकते हैं शव भारत लाने में
कपिल की हत्या के साथ परिवार के सपने तिनके की तरह टूट कर बिखर गए। अब परिवार के सामने कपिल के शव को भारत लाने की सबसे बड़ी चिंता है। परिजनों के मुताबिक, कपिल की पीआर की फाइल चली हुई थी। कपिल का शव अमेरिका से भारत लाने में कम से कम 15 दिन लग जाएंगे। अभी पोस्टमॉर्टम नहीं हुआ है। वहां दो दिन की छुट्टी है अब, बुधवार को पोस्टमॉर्टम होगा। इसके बाद शव को इंडिया लाने की प्रोसेस शुरू की जाएगी।
Admin