ग्वालियर में 15 सैंपल में 6 कोरोना पॉजिटिव:बद्रीनाथ से लौटे युवक का पूरा परिवार संक्रमित, कुल 12 एक्टिव केस
ग्वालियर में कोविड जांच में सोमवार को कोरोना विस्फोट हुआ है। कोविड जांच के लिए भेजे गए महज 15 सैंपल में से 6 लोग पॉजिटिव पाए गए। इससे शहर में एक्टिव केस की संख्या अब 12 हो गई है। रविवार को बद्रीनाथ से लौटे मुरार एमएच चौराहा निवासी 41 वर्षीय व्यक्ति को कोविड की पुष्टि हुई थी। इसके बाद सोमवार को उसकी पत्नी और दो नाबालिग बेटियों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आ गई। बेटियों की उम्र 13 और 14 साल बताई जा रही है। बद्रीनाथ से लौटे युवक के लक्षण बढ़े, परिवार भी चपेट में यह युवक 29 मई को बद्रीनाथ धाम के दर्शन के लिए गया था और 6 जून को लौटा था। घर लौटने के बाद उसे सर्दी, बुखार और जुकाम की शिकायत हुई। पहले निजी डॉक्टर को दिखाया, लेकिन आराम नहीं मिला। इसके बाद जिला अस्पताल मुरार में डॉक्टरों ने लक्षणों को गंभीर मानते हुए कोविड जांच करवाई, जिसमें रिपोर्ट पॉजिटिव आई। भोपाल से लौटा 71 वर्षीय वृद्ध भी संक्रमित निकला शिंदे की छावनी निवासी 71 वर्षीय बुजुर्ग, जो दो दिन पहले भोपाल से लौटे थे, उन्हें भी सर्दी-जुकाम और बुखार की शिकायत थी। जांच कराने पर उनकी रिपोर्ट भी कोविड पॉजिटिव आई है। गुढा और एबी रोड की दो महिलाएं भी पॉजिटिव कोविड जांच में सोमवार को दो और महिलाएं संक्रमित पाई गईं। इनमें गुढा निवासी 42 वर्षीय महिला और दुर्गापुरी कॉलोनी, एबी रोड निवासी 33 वर्षीय महिला शामिल हैं। दोनों को सर्दी-खांसी और बुखार होने पर डॉक्टर ने जांच की सलाह दी थी। काशीराम के चारों परिजन निगेटिव शिवपुरी लिंक रोड निवासी काशीराम की कोविड जांच निगेटिव आई है। उनके संपर्क में आए चारों परिजनों की रिपोर्ट भी निगेटिव रही, जिससे परिजन और स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है।
Admin