गोल्डन टेंपल को धमकी में हरियाणा का इंजीनियर पकड़ा:2 कंपनियों में जॉब कर चुका; SGPC ने कहा- गिरफ्तारी के बाद भी धमकी आई

गोल्डन टेंपल को धमकी में हरियाणा का इंजीनियर पकड़ा:2 कंपनियों में जॉब कर चुका; SGPC ने कहा- गिरफ्तारी के बाद भी धमकी आई
पंजाब में गोल्डन टेंपल को शुक्रवार को पांचवें दिन एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी दी गई। इस मामले में अमृतसर पुलिस ने हरियाणा से एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर को हिरासत में लिया है। उसकी पहचान फरीदाबाद के शुभम दूबे के तौर पर हुई है, जिससे अमृतसर लाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने इसकी पुष्टि की है। शाम को दोबारा एक बार फिर धमकी आई। SGPC के मुख्य सचिव कुलवंत सिंह मनन ने कहा कि धमकी भरा ईमेल शुभम दूबे को हिरासत में लिए जाने के बाद आया है। पुलिस कमिश्नर को इस मामले पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। वहीं, पुलिस कमिश्नर ने बताया कि ईमेल सिर्फ गोल्डन टेंपल को ही नहीं, दिल्ली के स्कूलों, अदालतों, सीएम, सांसदों और तमिलनाडु की कई संस्थाओं को भी भेजे गए। आशंका है कि गोल्डन टेंपल का नाम प्रयोग कर तमिलनाडु के मसलों को उजागर करने को कोशिश की जा रही है, क्योंकि जो धमकी भरे ई-मेल भेजे गए हैं, उनमें दो लाइनें तो गोल्डन टेंपल के बारे में होती हैं। लेकिन उसके नीचे जो बात शुरू की जाती है, उसमें तमिलनाडु, डीएमके से जुड़ी घटनाओं का जिक्र किया गया है। जिनके नाम इस ईमेल में लिखे गए हैं, वे भी सभी साउथ राज्यों के ही हैं। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि कई ई-मेल बीते समय में तमिलनाडु में भी सर्कुलेट हुए हैं। इस वजह से तमिलनाडु के कई अधिकारी भी पंजाब पुलिस के संपर्क में हैं। बता दें कि 14 जुलाई से अब तक SGPC को 6 धमकी भरे ईमेल मिल चुके हैं। इन मेल्स में गोल्डन टेंपल को आरडीएक्स से उड़ाने की बात कही गई थी। इसके बाद अमृतसर में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और मंदिर परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस कमिश्नर ने मामले में क्या-क्या बताया... दो कंपनियों में जॉब की, अब बेरोजगार चल रहा पुलिस कमिश्नर ने बताया कि शुभम दूबे 24 साल का है और सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। वह दो कंपनियों में जॉब कर चुका है, लेकिन अब बेरोजगार है। कुछ टेक्निकल एवीडेंस मिले हैं, जिसके चलते शक शुभम पर गया है। फिलहाल, शुभम से कड़ी पूछताछ की जा रही है। ई-मेल भेजने के लिए डार्कवेब का प्रयोग किया पुलिस कमिश्नर ने बताया कि ई-मेल भेजने के लिए आरोपी डार्कवेब का प्रयोग कर रहे हैं। यही कारण है कि आईपी एड्रेस अन्य-अन्य देशों के आ रहे हैं। इतना ही नहीं, पहले कुछ ई-मेल आउट-लुक से भेजे गए थे, लेकिन 16 जुलाई को भेजे ई-मेल हॉटमेल से भेजे गए। दिल्ली, तमिलनाडु सहित कई राज्यों को भेजे ई-मेल पुलिस कमिश्नर ने कहा कि उन्हें आशंका है कि गोल्डन टेंपल को धमकी वाला ईमेल भेज कुछ युवक, संगठन या लोग ध्यान आकर्षित करना चाहते हैं। दरअसल, इस तरह के ई-मेल दिल्ली के स्कूलों, अदालतों, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों और विभिन्न संस्थानों को भी आए हैं। जांच एजेंसियां सभी मामलों की कड़ी जोड़ने में जुटी पुलिस कमिश्नर ने आगे बताया कि पुलिस को शुभम से पूछताछ के दौरान कुछ अहम सुराग मिल सकते हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या यह कोई अकेली साइबर धमकी थी या इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क या कट्टरपंथी साजिश है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ली उच्च स्तरीय बैठक धमकी भरे ई-मेल को गंभीरता से लेते हुए पंजाब के CM भगवंत मान ने डीजीपी गौरव यादव सहित शीर्ष पुलिस और खुफिया अधिकारियों के साथ आपात बैठक की। बैठक के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा- हम पंजाब की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करेंगे। गोल्डन टेंपल जैसे पवित्र स्थल की रक्षा करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और कोई भी राष्ट्र-विरोधी तत्व बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने पंजाब के लोगों को अफवाहों से दूर रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। SGPC ने जताई थी चिंता SGPC प्रधान हरजिंदर सिंह धामी ने इस पूरे घटनाक्रम पर चिंता व्यक्त की थी। उन्होंने कहा था कि ये स्पष्ट नहीं, धमकी किसी शरारत का हिस्सा है या किसी बड़ी साजिश का इशारा। उन्होंने सरकार से इस मामले की गहराई से जांच करने की मांग की थी। -------------------- बम से उड़ाने की धमकी से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें... गुरुग्राम के HVP स्कूल में बम की धमकी:पुलिस-बम निरोधक दस्ते ने खाली करवाया, सर्च अभियान में कुछ नहीं मिला गुरुग्राम के सेक्टर 46 में स्थित एचवीपी पब्लिक स्कूल बम होने की धमकी मिलने पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंची और सर्च अभियान चलाया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद जब कुछ नहीं मिला तो अधिकारियों ने राहत की सांस ली। (पूरी खबर पढ़ें)