गुना कलेक्ट्रेट में कोर्ट मैरिज के दौरान हंगामा:युवती के परिजनों ने दूल्हे की बहन से की मारपीट, विरोध के बीच पुलिस सुरक्षा में हुई शादी
गुना कलेक्टर कार्यालय में सोमवार शाम जमकर हंगामा हो गया। ADM कोर्ट में शादी करने पहुंचे एक कपल को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। दूल्हे की बहन के साथ दुल्हन के परिवार वालों ने मारपीट कर दी। घटना के वीडियो देर रात सामने आए हैं। जानकारी के अनुसार युवती चांचौड़ा क्षेत्र की निवासी है, जबकि युवक राघौगढ़ इलाके का रहने वाला है। दोनों एक-दूसरे को पिछले एक साल से पसंद करते थे।
पारिवारिक सहमति न मिलने पर दोनों ने पिछले महीने पहले मंदिर में शादी की, फिर युवक के गांव में सामाजिक रीति-रिवाजों से विवाह किया। कोर्ट मैरिज के लिए एक माह पहले किया था आवेदन
कपल ने ADM कोर्ट में शादी का आवेदन एक महीने पहले दिया था, जिसके बाद कोर्ट ने नियमानुसार विज्ञप्ति जारी की और सोमवार की तारीख तय की गई। युवक-युवती गवाहों के साथ तय समय पर कोर्ट पहुंचे थे। लड़की के परिजन पहुंचे, पार्किंग में हुआ विवाद
इसी दौरान लड़की के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पार्किंग स्टैंड के पास दोनों पक्षों में बहस और मारपीट शुरू हो गई। लड़की के परिवार वालों ने लड़के की बहन के साथ मारपीट की। कलेक्ट्रेट परिसर में तैनात पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग किया। सुरक्षा के बीच कोर्ट मैरिज संपन्न
इसके बाद कपल ADM कोर्ट में पहुंचे, जहां वकील की मौजूदगी में शादी की प्रक्रिया पूरी की गई। हालांकि, पूरे समय कलेक्ट्रेट में तनाव भरा माहौल बना रहा। अंत में दोनों को सुरक्षा के बीच ही रवाना किया गया।
Admin