खबर हटके- जापानी अरबपति प्रॉपर्टी छोड़ कांवड़ यात्रा पर निकला:महिला ने चोरी कर ₹315 करोड़ कमाए, 28 बार जेल गई; जानिए 5 रोचक खबरें
एक जापानी अरबपति प्रॉपर्टी और बिजनेस छोड़ भारत आकर शिव भक्त बन गया और अब हर साल कांवड़ यात्रा निकाल रहा है। वहीं एक महिला ने चोरी से ₹315 करोड़ कमाए, जिसके लिए उसे 28 बार जेल जाना पड़ा। सावन के इस पावन महीने में एक जापानी अरबपति की कहानी सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है, जिसने अपनी अरबों की दौलत और कारोबार छोड़कर खुद को भगवान शिव की भक्ति में लीन कर दिया है। आज उन्हें ‘बाला कुंभ गुरु-मुनि’ के नाम से जाना जाता है। हर साल नंगे पैर कांवड़ यात्रा और भंडारा कराते हैं
भगवा वस्त्र पहने बाला कुंभ गुरु मुनि (असली नाम होशी टाकायकी) इन दिनों उत्तराखंड में हैं। हाल ही में उन्हें करीब 20 जापानी अनुयायियों के साथ नंगे पैर पवित्र गंगाजल लेकर कांवड़ यात्रा करते देखा गया। इस दौरान उन्होंने देहरादून में दो दिन का भंडारा भी आयोजित किया और साथी कांवड़ियों को भोजन कराया। कौन है होशी टाकायकी ?
होशी टाकायकी करीब 20 साल पहले तमिलनाडु आए थे, जहां उन्हें नाड़ी ज्योतिष के बारे में पता चला। उन्हें बताया गया कि उनका पिछला जीवन हिमालय में बीता था और हिंदू आध्यात्मिकता अपनाना ही उनका भाग्य है। इसके बाद उन्होंने अपने सफल व्यवसाय की बागडोर अनुयायियों को सौंप दी। उन्होंने अपने टोक्यो वाले घर को शिव मंदिर में बदल दिया है और जापान में एक और नया शिव मंदिर स्थापित किया है। इसके अलावा, भारत के पुडुचेरी में 35 एकड़ जमीन पर एक भव्य शिव मंदिर भी बनवा रहे हैं, और उत्तराखंड में एक आश्रम की योजना भी है। ब्रिटेन की कीली नोल्स (42) की कहानी हैरान कर देने वाली है। हेरोइन की लत में फंसकर इसने दुकानों से सामान चुराकर 315 करोड़ रुपए की 'अजब-गजब' कमाई कर ली थी। उसे ब्रिटेन में 28 बार जेल जाना पड़ा। कीली हर दिन सुबह उठकर दुकानों की सिक्योरिटी चेक करती, फिर रोज 7 से 8 लाख रुपए का लग्जरी सामान चुराती और वॉट्सऐप पर 150 ग्राहकों को बेच देती थी। वह खुद बताती है कि सिर्फ दो दिन दुकानें बंद होने पर ही उसने चोरी नहीं की, बाकी पूरा साल चोरी करती रही। एक वक्त था जब वह रोज 1 लाख रुपए का नशा लेती थी। फिर एक सुरक्षा गार्ड की मदद से उसने अपनी लत छोड़ी। अब कीली 18 महीने से नशे से दूर (क्लीन) है और अपराध की दुनिया छोड़कर, दूसरे नशे में डूबे लोगों को बाहर निकालने का काम कर रही है। उसे नेशनल बिजनेस क्राइम सॉल्यूशन अवॉर्ड भी मिल चुका है। दुनिया की सबसे छोटी कॉमर्शियल फ्लाइट के बारे में, जो स्कॉटलैंड के उत्तरी ओर्कनी आइलैंड में वेस्ट्रे और पापा वेस्ट्रे के बीच उड़ान भरती है। इसका कुल सफर करीब 2.7 किलोमीटर का है। ये दूरी इतनी कम है कि अच्छी हवा होने पर फ्लाइट सिर्फ 47 सेकेंड में ही पूरी हो जाती है, वैसे इसका आधिकारिक समय दो मिनट है। इस प्लेन में चढ़ने और उतरने में समय का एहसास ही नहीं होता। ऐसा लगता है कि बस चढ़ो और उतर जाओ। इस फ्लाइट में कोई इन-फ्लाइट सर्विस उपलब्ध नहीं है, क्योंकि इसके लिए वक्त ही नहीं होता। लेकिन इस 47 सेकेंड की उड़ान का टिकट करीब 4200 रुपए है। ये फ्लाइट किसके लिए है?
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यह सर्विस लेने वाले करीब 30% यात्री ओर्कनी आइलैंड काउंसिल की टीचिंग सर्विस से जुड़े हैं, जिनमें शिक्षक और छात्र शामिल हैं। इसके अलावा, कई यात्री स्कॉटिश नेशनल हेल्थ सर्विस के स्वास्थ्यकर्मी और मरीज होते हैं, जिनके लिए यह उड़ान परिवहन का एक जरूरी साधन है। पापा वेस्ट्रे आइलैंड पर 70 से अधिक लोग रहते हैं और यह 60 पुरातात्विक साइट्स का घर भी है। इस आइलैंड पर आने वाली फ्लाइट लोगनएयर 1960 के दशक से इस रूट पर उड़ान भर रहा है। 2011 में एयरलाइन ने टूरिस्ट्स के लिए एक खास उड़ान शुरू की, जो गर्मियों में हफ्ते में कुछ दिन चलती है। यह उन लोगों के लिए होती है जो बस इस अनोखी उड़ान का मजा लेना चाहते हैं। दुनिया का सबसे महंगा बर्गर, जिस पर सोने की परत चढ़ी होती है, उसे खाना हर किसी के बस की बात नहीं। 'गोल्डन बॉय' नाम का ये बर्गर 5,000 यूरो (करीब ₹5 लाख से ज्यादा) का है, और इसे नीदरलैंड्स के शेफ रॉबर्ट यान डे वीन ने बनाया है। रॉबर्ट ने महामारी के दौरान लोगों की मदद के लिए इसे बनाया था। इसमें जापानी वाग्यू बीफ, बेलुगा कैवियार, सफेद ट्रफल जैसी महंगी चीजें इस्तेमाल हुई हैं, और बन को शैंपेन के आटे व सोने की परत से बनाया गया है। इस बर्गर की बिक्री से मिला पूरा पैसा भूखों को खाना खिलाने के लिए दान किया जाता है। रॉबर्ट अब भी ऑर्डर पर इसे बनाते हैं, पर दो हफ्ते पहले ऑर्डर देना होता है। चीन के चोंगक्विंग शहर में ड्रोन की मदद से एक नया विश्व रिकॉर्ड बना है। इसमें 11,787 ड्रोन्स से एक लेजर शो किया गया और हवा में दुनिया की सबसे बड़ी तस्वीर बनाई गई। यह शो चोंगक्विंग शहर की 28वीं फाउंडेशन-डे पर ऑर्गनाइज किया गया था, जिसका मकसद शहर की ग्रोथ और टूरिज्म को बढ़ावा देना है। इस शो में हजारों ड्रोन्स ने एक साथ हवा में उड़कर डॉलफिन, एक विशाल पेड़ और पहाड़ जैसी कमाल की तस्वीरें बनाईं, जिसे देखकर लोग हैरान रह गए। इस अनोखे कारनामे के लिए गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में इसे शामिल किया गया है। पहले भी बने हैं ऐसे रिकॉर्ड
इससे पहले, अक्टूबर 2024 में ब्रिटेन के क्रिस्टोफर ब्रैडबरी ने कैंसर से जूझते हुए ड्रोन का इस्तेमाल करके कमाल का रिकॉर्ड बनाया था। उन्होंने 3 मिनट के अंदर आसमान में सबसे ज्यादा इमोजी बनाने का रिकॉर्ड कायम किया था, जिसमें 109 ड्रोन्स का उपयोग किया गया था। तो ये थी आज की रोचक खबरें, कल फिर मिलेंगे कुछ और दिलचस्प और हटकर खबरों के साथ… खबर हटके को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें...
Admin