अनिल विज बोले- मोदी युग है भारत का स्वर्णिम काल:अंबाला में कहा- देश 2047 तक बनेगा विकसित, कांग्रेस ने संविधान रौंदा

अनिल विज बोले- मोदी युग है भारत का स्वर्णिम काल:अंबाला में कहा- देश 2047 तक बनेगा विकसित, कांग्रेस ने संविधान रौंदा
हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यकाल भारत के लिए 'गोल्डन पीरियड' है। उन्होंने दावा किया कि आज भारत जिस सम्मान और साख के साथ वैश्विक मंच पर खड़ा है, वैसा पहले किसी प्रधानमंत्री के दौर में नहीं देखा गया। विज ने कहा कि भारत आज प्रगति के पथ पर है और इसका श्रेय प्रधानमंत्री मोदी के मजबूत नेतृत्व को जाता है। वह अंबाला में मीडिया द्वारा प्रधानमंत्री मोदी के 4,078 दिन पूरे होने पर पूछे गए सवाल का जवाब दे रहे थे। 2047 तक भारत को विकसित बनाने का है विजन विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 2047 तक भारत को एक विकसित देश बनाने का विजन है, क्योंकि हमारे देश के बाद जो देश आजाद हुए, वह आज विकसित देश बन गए हैं और वहां के लोगों को सभी मूलभूत सुविधाएं मिल रही है। इसलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को विकसित देश बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है तथा उसको लेकर अब कार्य भी आरंभ हो गया हैं। वर्तमान समय स्वर्णिम युग है- विज इसी दिशा में जम्मू एवं कश्मीर से अनुच्छेद 370 को खत्म कर दिया गया जोकि भारत के माथे पर कलंक था। हिंदुस्तान में हिंदू अपना मंदिर नहीं बना सकते थे लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में राम मंदिर का निर्माण हो गया। वहीं, मुस्लिम महिलाओं के लिए मुसीबत बने तीन तलाक को खत्म किया गया और मुस्लिम महिलाओं को इस कानून से मुक्त कराया गया। इसलिए यह साफ कहा जा सकता है कि आज का समय स्वर्णिम युग है। इंदिरा गांधी का कार्यकाल सबसे दुर्भाग्यपूर्ण रहा विज ने विपक्षी पार्टी कांग्रेस पर वार करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का कार्यकाल सबसे दुर्भाग्यपूर्ण रहा है, उनके कार्यकाल में संविधान पर कलंक लगा है क्योंकि इंदिरा गांधी ने अपने कार्यकाल में संविधान को पैरों तले रौंद दिया था। आज कांग्रेसजन जिस संविधान की पुस्तिका को हाथ में उठाकर घूम रहे हैं उसको इंदिरा गांधी ने पैरों तले रौंद दिया था और लगभग डेढ़ लाख लोगों को जेल में डाल दिया था। बोलने के अधिकार पर प्रतिबंध लगा दिया था, मौलिक अधिकार खत्म कर दिए थे और अखबारों पर सेंसरशिप लगा दी गई थी। विपक्षी पार्टियां देश को जातियों में बांटना चाहती हैं तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा, मोदी जी जन्म से ओबीसी नहीं हैं, वे कानूनी रूप से ओबीसी हैं.. कांग्रेस और गांधी परिवार ऐसा नहीं है। महात्मा गांधी, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने देश के लिए अपना बलिदान दिया, के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब पर विज ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि विपक्षी पार्टियां देश को जातियों में बांटना चाहती हैं जबकि भाजपा सभी को साथ लेकर चलती है बीजेपी कभी भी धर्म की राजनीति नहीं करती है।